Udaipur News: कार सवार बदमाशों की दबंगई की हद… महिला को टक्कर मारकर कुचला, CCTV ने खोली वारदात की पोल

Last Updated:August 08, 2026, 14:09 IST
उदयपुर के प्रताप नगर थाना क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते महिला को कार से कुचलने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है, हादसे में उर्मिला कुंवर की मौत हो गई. घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद आक्रोश बढ़ गया है. शनिवार सुबह एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी के बाहर करणी सेना और राजपूत समाज के लोग जुटे और सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की.
उदयपुर. प्रताप नगर थाना क्षेत्र के कपिल विहार में बीती शाम आपसी रंजिश को लेकर हुई सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. आरोप है कि विवाद के दौरान कार सवार बदमाशों ने एक महिला को अपनी कार से कुचल दिया. हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान उर्मिला कुंवर के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, कपिल विहार इलाके में बीती शाम आपसी रंजिश को लेकर कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ था. इसी दौरान मामला अचानक हिंसक हो गया, आरोप है कि कार में सवार कुछ बदमाशों ने महिला उर्मिला कुंवर को कार से टक्कर मार दी और इसके बाद उसे कुचल दिया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. परिजन और आसपास के लोग महिला को गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने वारदात की भयावहता को उजागर कर दिया है. फुटेज में कथित तौर पर कार सवार लोग महिला को टक्कर मारते और उसके ऊपर से कार निकालते हुए नजर आ रहे हैं. घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश और बढ़ गया है, पुलिस ने भी मामले की जांच में सीसीटीवी फुटेज को महत्वपूर्ण साक्ष्य माना है.
मोर्चरी के बाहर जुटा राजपूत समाज
महिला की मौत की सूचना के बाद शनिवार सुबह एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी के बाहर करणी सेना और राजपूत समाज के बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए. परिवारजनों और समाज के लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक वारदात में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया जाएगा. समाज के लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए.
मोर्चरी के बाहर बड़ी संख्या में लोगों के जुटने को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. फिलहाल प्रताप नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और वारदात में शामिल आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. मामले में पुलिस की कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Udaipur,Rajasthan
First Published :
August 08, 2026, 14:09 IST



