जयपुर में भाजपा की तिरंगा यात्रा, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और जेपी नड्डा समेत भाजपा के दिग्गज नेता हुए शामिल

जयपुर. बीजेपी की ओर से रविवार को तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, अल्बर्ट हॉल से शुरू हुई यह यात्रा बड़ी चौपड़ तक पहुंची. यात्रा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए. बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं और आम लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला. तिरंगा यात्रा के लिए अल्बर्ट हॉल पर सुबह से ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का जुटना शुरू हो गया था.
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, जेपी नड्डा, मदन राठौड़ के साथ प्रदेश प्रभारी डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा भी मौजूद रहे. केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ और मंत्री झाबर सिंह खर्रा, मदन दिलावर और जवाहर सिंह बेडम समेत कई पदाधिकारी यात्रा में शामिल हुए. हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे कार्यकर्ताओं ने देशभक्ति और राष्ट्र सम्मान का संदेश दिया, बारिश के बीच भी युवाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बना.
मुख्यमंत्री ने जताया कार्यकर्ताओं का आभार
तिरंगा यात्रा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने पर आभार जताया, उन्होंने कहा कि बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ और युवाओं में विशेष जोश दिखाई दिया. मुख्यमंत्री ने तिरंगे को देश की आन, बान और शान बताते हुए राजस्थान के स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रध्वज से जुड़े ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि राजस्थान का देश की आजादी और राष्ट्रध्वज के गौरव से पुराना संबंध रहा है. मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार के ढाई साल के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि जनसेवा को प्राथमिकता दी गई और जनहित की कई योजनाओं एवं विकास कार्यों का लाभ आम लोगों तक पहुंचाया गया.
जेपी नड्डा ने शहीदों के बलिदान को किया याद
जेपी नड्डा ने जयपुरवासियों का आभार जताते हुए कहा कि बड़ी संख्या में लोग तिरंगे की आन, बान और शान के साथ यात्रा में शामिल हुए. उन्होंने राजस्थान की वीर भूमि को नमन किया और प्रदेश के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख किया. नड्डा ने गोविंद देव जी और मोती डूंगरी गणेश जी को भी नमन किया. उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने वाले वीर शहीदों के बलिदान के कारण आज हम तिरंगे को गर्व के साथ फहरा पा रहे हैं. नड्डा ने कहा कि तिरंगा केवल घरों पर ही नहीं, बल्कि हर देशवासी के दिल में भी बसना चाहिए.
वंदे मातरम को लेकर नड्डा का बड़ा उल्लेख
जेपी नड्डा ने कहा कि आज का दिन राजनीति से ऊपर राष्ट्र और राष्ट्रीय गौरव को समर्पित है, उन्होंने संसद में राष्ट्रीय सम्मान से जुड़े कानून में किए गए संशोधन का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रगीत वंदे मातरम को भी कानूनी संरक्षण देने का प्रावधान किया गया है. नड्डा के अनुसार वंदे मातरम के गायन को जानबूझकर रोकना या उसमें व्यवधान डालना दंडनीय होगा, उन्होंने कहा कि तिरंगा, राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत देश की एकता, अखंडता और गौरव के प्रतीक हैं. राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान और संरक्षण की जिम्मेदारी पूरे देश की है.



