Dholpur News: चंबल नदी को लेकर अलर्ट…4.15 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

Last Updated:August 12, 2026, 14:03 IST
धौलपुर में चंबल नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है. नवनेरा बैराज से 4.15 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद बुधवार शाम तक चंबल का जलस्तर करीब 133 मीटर पहुंचने का अनुमान है. फिलहाल गांवों पर खतरे की संभावना नहीं है, लेकिन प्रशासन ने लोगों से नदी से दूर रहने और पशुधन को सुरक्षित स्थानों पर रखने की अपील की है.
धौलपुर. चंबल नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर जिला प्रशासन ने आमजन के लिए एडवाइजरी जारी की है. प्रशासन के अनुसार कालीसिंध नदी पर स्थित नवनेरा बैराज से मंगलवार को करीब 4 लाख 15 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है. इसके चलते बुधवार को चंबल नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है.
प्रशासन के अनुमान के मुताबिक, बुधवार शाम 4 बजे से 6 बजे के बीच चंबल नदी का जलस्तर करीब 133 मीटर तक पहुंच सकता है. जलस्तर में संभावित बढ़ोतरी को देखते हुए जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं. साथ ही नदी के आसपास रहने वाले लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील की गई है.
फिलहाल गांवों पर खतरे की संभावना नहीं
जिला प्रशासन के मुताबिक फिलहाल जिले के किसी भी गांव के प्रभावित होने की संभावना नहीं है. इसके बावजूद संभावित स्थिति को देखते हुए एहतियात बरती जा रही है. प्रशासन लगातार चंबल नदी के जलस्तर पर नजर बनाए हुए है और परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे. प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि चंबल नदी और उसके आसपास के क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाएं. जलस्तर बढ़ने के दौरान नदी का बहाव तेज हो सकता है, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है. ऐसे में लोगों को प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.
पशुपालकों को भी सतर्क रहने की सलाह
प्रशासन ने पशुपालकों से विशेष सावधानी बरतने को कहा है, उन्हें अपने पशुधन को चंबल नदी से दूर सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है, ताकि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में किसी तरह की परेशानी न हो. जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने के साथ-साथ किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है. प्रशासन की ओर से स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है और जरूरत पड़ने पर आधिकारिक सूचना जारी की जाएगी. लोगों से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं, सावधानी बरतें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Dhaulpur,Rajasthan
First Published :
August 12, 2026, 14:03 IST



