Kota Student Libraries | जवाहर नगर व लैंडमार्क सिटी में देर रात तक पढ़ाई

Last Updated:August 14, 2026, 08:23 IST
Kota Coaching Student Libraries: कोचिंग सिटी कोटा के जवाहर नगर, इंदिरा विहार, कुन्हाड़ी और लैंडमार्क सिटी जैसे कोचिंग हब्स में खुली हाईटेक एसी लाइब्रेरीज में जेईई और नीट एस्पिरेंट्स दिन-रात पढ़ाई कर रहे हैं. सुबह 6 बजे से शुरू होने वाली यह दिनचर्या देर रात तक चलती है. शांत माहौल, पिन-ड्रॉप साइलेंस और कॉम्पिटिशन का वातावरण हॉस्टल के आलस को दूर भगाकर छात्रों को एकाग्रता के साथ जेईई और नीट की तैयारी में मदद कर रहा है.
कोटा. कोचिंग सिटी कोटा में स्टूडेंट्स के बीच लाइब्रेरी में पढ़ाई करने का चलन तेजी से बढ़ रहा है. जवाहर नगर क्षेत्र की लगभग हर गली में स्टूडेंट्स की भीड़ नजर आती है. वहीं इंदिरा विहार, कुन्हाड़ी, लैंडमार्क सिटी और बोरखेड़ा के कोरल पार्क जैसे प्रमुख कोचिंग हब्स में भी कई हाईटेक लाइब्रेरीज खुल चुकी हैं. इन लाइब्रेरीज में स्टूडेंट्स घंटों तक पढ़ाई करते हैं और कई छात्र रात-रात भर जागकर अपने सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत कर रहे हैं.
जब देश के कोने-कोने से छात्र अपने सुनहरे भविष्य का सपना लेकर कोटा आते हैं, तो उनके इस संघर्षपूर्ण सफर में लाइब्रेरीज अहम साथी बन जाती हैं. जवाहर नगर से लेकर लैंडमार्क सिटी तक फैली डिजिटल और एयर-कंडीशंड लाइब्रेरीज में पढ़ाई का शेड्यूल किसी कठिन तपस्या से कम नहीं है. यहां सुबह 6 बजे से ही हलचल शुरू हो जाती है. क्लास से पहले रिवीजन करने वाले छात्रों से लाइब्रेरीज गुलजार नजर आती हैं.
कुन्हाड़ी की स्टडी पॉइंट लाइब्रेरी से लेकर तलवंडी की मंथन लाइब्रेरी तक, सुबह का समय उन छात्रों के लिए खास होता है, जो कोचिंग क्लास से पहले अपने टॉपिक्स दोहराना पसंद करते हैं. इसके बाद दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक की शिफ्ट सबसे क्रूशियल मानी जाती है. लंच के बाद हॉस्टल के कमरों में आने वाली आलस और नींद को दूर भगाने के लिए छात्र इन शांत केबिन्स का रुख करते हैं. यहां ईयरफोन्स लगाकर बिना किसी डिस्टर्बेंस के कठिन टॉपिक्स के वीडियो लेक्चर्स देखना और नोट्स बनाना आसान हो जाता है.
Add as Preferred Source on Google
जैसे ही घड़ी की सुइयां रात के 9 बजाती हैं, कोरल पार्क और इंदिरा विहार जैसे इलाकों की लाइब्रेरीज में देर रात तक पढ़ने वाले छात्रों की संख्या बढ़ने लगती है. लैंडमार्क सिटी में संज्ञान बिल्डिंग के पास स्थित स्टडी पॉइंट लाइब्रेरी और एलन संज्ञान के पास स्थित बुक एंड ग्रो जैसे स्टडी स्पेसेज में भी विद्यार्थी अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए लंबे समय तक पढ़ाई में जुटे रहते हैं. जब पूरी दुनिया नींद की आगोश में होती है, तब इन स्टडी केबिन्स में जेईई और नीट के एस्पिरेंट्स लगातार किताबों के पन्ने पलटते और अपने सपनों को आकार देते नजर आते हैं.
लाइब्रेरी के गेट के अंदर कदम रखते ही एक अलग ही कॉम्पिटिशन का माहौल नजर आता है. यहां हर छात्र पूरी तरह पढ़ाई में डूबा हुआ दिखाई देता है. मंथन लाइब्रेरी, स्टडी पॉइंट लाइब्रेरी और द लर्निंग पॉइंट लाइब्रेरी जैसे स्टडी स्पेसेज का माहौल छात्रों को अपने लक्ष्य पर फोकस बनाए रखने में मदद करता है. यहां के सख्त नियम और पिन-ड्रॉप साइलेंस छात्रों की एकाग्रता बढ़ाते हैं. कई विद्यार्थी अपनी सीट या टेबल के आसपास शॉर्ट नोट्स, फॉर्मूला चार्ट्स और मोटिवेशनल कोट्स लगाकर रखते हैं. ये चीजें उन्हें हर पल अपने लक्ष्य की याद दिलाती रहती हैं.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
August 14, 2026, 08:23 IST



