कपिल शर्मा के शो पर सुनील पाल के साथ हो गया था खेल, बोले- ‘समय रैना को बनाया हीरो, मेरी उड़ाई खिल्ली’

Last Updated:August 19, 2026, 14:53 IST
पिछले साल समय रैना के ‘इंडिया गॉट लेटेंट’ विवाद के बाद सुनील पाल ने उन्हें खूब खरी-खोटी सुनाई थी. लेकिन इस साल वो दोनों एक साथ कपिल शर्मा के शो पर शिरकत करने पहुंचे थे. अब कई महीनों बाद सुनील पाल ने बताया कि आखिर कैसे वो और समय रैना एक साथ एक शो पर पहुंचे. सुनील पाल कहते हैं कि उनके साथ कपिल के शो पर गेम हो गया. दिग्गज कॉमेडियन का कहना है कि कपिल शो पहले से स्क्रिप्टेड था और उन्हें नीचा दिखाया गया.
सुनील पाल ने समय रैना पर तंज कसा था.
नई दिल्ली. समय रैना पिछले साल अपने शो ‘इंडिया गॉट लेटेंट’ को लेकर विवादों में घिर गए थे. उनके शो पर कई आपत्तिजनक कमेंट किए गए थे जिसको लेकर कॉमेडियन विवादों में रहे. इस बीच सुनील पाल ने भी समय रैना पर निशाना साधते हुए कहा था कि उन्हें कपिल शर्मा से साफ-सुथरी कॉमेडी की क्लासेस लेना चाहिए. इस पूरे मामले में जबरदस्त ट्विस्ट तो तब आया जब सुनील पाल और समय रैना एक साथ कपिल शर्मा के शो पर पहुंचे. इस एपिसोड में रणवीर अल्लाहबादिया भी मौजूद थे जो इस पूरे विवाद के केंद्र में थे.
जब कपिल शर्मा के शो पर समय रैना और सुनील पाल का आमना-सामना हुआ तो हर कोई बस देखते ही रह गया. एपिसोड को व्यूज भी अच्छे मिले थे. अब कई महीने बाद सुनील पाल ने एक बार फिर हैरतअंगेज खुलासा करते हुए कहा कि उन्हें कपिल शर्मा के शो पर बेइज्जत करने के लिए बुलाया गया था. उन्हें नहीं पता था कि शो पर उनके साथ गेम हो जाएगा.
सुनील पाल के बदले सुर
सुनील पाल ने हिंदी रश से बात करते हुए कहा कि वो समय रैना की कॉमेडी से इत्तेफाक नहीं रखते हैं. उन्हें समय की कॉमेडी का स्टाइल पसंद नहीं है. कपिल शर्मा के शो पर यंग कॉमेडियन के साथ मंच साझा करने के बारे सुनील पाल ने कहा कि कपिल शर्मा ने उन्हें प्यार से अपने शो पर बुलाया था और इसलिए ही वो उसका हिस्सा बने थे. वो पहले भी कपिल शर्मा के शो का हिस्सा रहे थे.
सुनील पाल का आरोप- ‘समय रैना को बनाया हीरो’
सुनील पाल का कहना है कि उन्हें लगा था कि कपिल शर्मा के शो पर उन्हें कुछ एक्ट परफॉर्म करना होगा और उन्होंने उसकी तैयारी भी की थी, लेकिन उसकी कोई गुंजाइश नहीं बनी. शो पर कुछ परफॉर्म करने का मौका ही नहीं आया. साथ ही गुजरे जमाने के कॉमेडियन का कहना है कि कपिल शर्मा पर उन्हें ऑडियंस के सामने बेइज्जत करने के लिए बुलाया गया था. वो लोग समय रैना को महान दिखाना चाहते थे. उसे हीरो बनाना चाहते थे और उन्होंने वही किया.
कॉमेडियन सुनील पाल कहते हैं कि उन्हें बस बताया गया था कि समय रैना और रणवीर अल्लाहबादिया भी वहां होंगे लेकिन उन्हें ये नहीं पता था कि उन्हें नीचा दिखाया जाएगा. वो कहते हैं कि शो पर समय को हीरो बनाने के लिए बुलाया गया था. हर बात पर जोर-जोर से हंसने वाली अर्चना पुरन सिंह भी उनके एक भी जोक पर नहीं हंसी.
About the AuthorPranjul SinghSub-Editor
From the precision of chemistry labs to the vibrant chaos of a newsroom, my journey has been about finding the perfect formula for a great story. A graduate in Chemistry Honours from the historic Scottish Churc…
New Delhi,Delhi
First Published :
August 19, 2026, 14:53 IST



