‘वापस ही लेना था तो केस किया ही क्यों, हमारा तमाशा बन गया’, गोविंदा के मैनेजर का सुनीता आहूजा पर तंज

Last Updated:August 20, 2026, 13:21 IST
गोविंदा और सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच नया मोड़ आया है. सुनीता ने गोविंदा से तलाक की अर्जी वापस ले ली है. इस पर एक्टर के मैनेजर शशि सिन्हा ने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर केस वापस ही लेना था तो इसे दाखिल क्यों किया गया? उन्होंने कहा कि पति-पत्नी के मतभेद घर में बैठकर बातचीत से सुलझाए जा सकते हैं. इस मामले पर अभी तक गोविंदा ने चुप्पी साध रखी है.
नई दिल्ली. बॉलीवुड एक्टर गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा की शादीशुदा जिंदगी में चल रहा ड्रामा थमने का नाम नहीं ले रहा है. 19 अगस्त 2026 को बांद्रा फैमिली कोर्ट में याचिका वापस लेने के बाद अब इस मामले में गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है. एनडीटीवी को दिए एक इंटरव्यू में गोविंदा के मैनेजर ने याचिका वापस लेने पर खुशी जताई. लेकिन उन्होंने सुनीता पर तंज कस दिया. उन्होंने सवाल उठाया कि इस निजी मामले को अदालत तक ले जाकर दुनियाभर में तमाशा क्यों बनाया गया.
दरअसल, बुधवार को सुनीता आहूजा अपने बेटे यशवर्धन आहूजा और वकील के साथ मुंबई की बांद्रा फैमिली कोर्ट पहुंची थीं. उनकी कोर्ट में मौजूदगी के बाद एक बार फिर दोनों के रिश्ते को लेकर सवाल उठने लगे. हालांकि, इस मामले में नया मोड़ सामने आया जब गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने साफ किया कि सुनीता ने गोविंदा के खिलाफ दायर तलाक की अर्जी वापस ले ली है.
सुनीता के तलाक की अर्जी वापस लेने पर गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने खुशी तो जाहिर की, लेकिन साथ ही उन्होंने इस पूरे मामले को लेकर नाराजगी भी जाहिर की. शशि ने कहा कि अगर आखिरकार केस वापस ही लेना था तो इसे कोर्ट तक ले जाने की जरूरत क्यों पड़ी? उनका मानना है कि पति-पत्नी के बीच होने वाले मतभेद घर में बैठकर बातचीत से सुलझाए जा सकते हैं.
Add as Preferred Source on Google
शशि सिन्हा ने कहा, ‘घर की बातें घर में रहकर, बैठकर बातें करके बहुत सी चीजें होती हैं. आज वापस लेना था तो किया ही क्यों? ये बात का मुझे दुख हो गया. काहे को फिर तमाशा हम लोग बन गए?’ शशि ने आगे कहा कि पिछले करीब डेढ़ से दो साल से परिवार के मतभेदों की चर्चा दुनियाभर में हो रही है. इससे परिवार की छवि को नुकसान पहुंचा. उन्होंने कहा कि परिवार में गलतफहमियां होना आम बात है. लेकिन उन्हें बातचीत से सुलझाया जा सकता है.
शशि सिन्हा ने बताया कि तलाक की अर्जी वापस लेने के फैसले पर गोविंदा ने कोई रिएक्शन नहीं दी है. उन्होंने कहा कि फिलहाल सबसे अच्छी बात यही है कि तलाक की कार्यवाही वापस हो गई है. उन्होंने परिवार के सभी लोगों के लिए सद्बुद्धि की कामना भी की.
इस बीच सुनीता जब कोर्ट से बाहर निकलीं तो पैपराजी ने उनसे कई सवाल पूछे, लेकिन उन्होंने अपने कोर्ट आने की वजह नहीं बताई. अपने मजाकिया अंदाज में उन्होंने कहा, ‘बर्थडे मनाने आए हैं.’ इसके बाद वह बेटे यशवर्धन के साथ कार में बैठकर वहां से चली गईं.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुनीता ने 5 दिसंबर 2024 को बांद्रा फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की थी. उन्होंने हिंदू मैरिज एक्ट, 1955 की धारा 13(1)(i), 13(1)(ia) और 13(1)(ib) के तहत याचिका दायर की थी. इन धाराओं में धोखा, एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर, मानसिक या शारीरिक प्रताड़ना और बिना वजह अलग रहना तलाक के आधार हैं. मामले की जानकारी सामने आने के बाद गोविंदा के वकील और मैनेजर ने तलाक की खबरों पर अलग-अलग समय में सफाई भी दी थी.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
August 20, 2026, 13:21 IST



