Sri Ganganagar News: पहले पैर फिसला, फिर बचाने की कोशिश में दूसरा भी डूबा, दो युवकों की दर्दनाक मौत

Last Updated:August 23, 2026, 18:00 IST
Sri Ganganagar News: श्रीकरणपुर में दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, भारतमाला हाईवे बाईपास पर पदमपुर रोड स्थित ईंट भट्ठे के पास खेत में बनी पानी की डिग्गी में दोनों युवक हाथ-पैर धो रहे थे. इसी दौरान एक युवक का पैर फिसलकर गहरे पानी में चला गया उसे बचाने के प्रयास में दूसरा युवक भी डूब गया. दोनों शवों को CHC मोर्चरी में रखवाया गया है, पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पानी की डिग्गी में डूबने से दो युवकों की मौत
श्रीगंगानगर. जिले के श्रीकरणपुर क्षेत्र में रविवार को पानी की डिग्गी में डूबने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसा भारतमाला हाईवे बाईपास पर पदमपुर रोड के पास स्थित एक ईंट भट्ठे के नजदीक खेत में बनी पानी की डिग्गी में हुआ. दोनों युवक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने के लिए आए हुए थे. जानकारी के अनुसार, दोनों युवक काम के बाद पानी की डिग्गी के किनारे हाथ-पैर धो रहे थे. इसी दौरान अचानक एक युवक का पैर फिसल गया और वह डिग्गी के गहरे पानी में जा गिरा. युवक को डूबता देख उसके साथ मौजूद दूसरे युवक ने उसे बचाने का प्रयास किया. वह भी गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते दोनों युवक पानी में डूब गए.
हादसे की सूचना मिलने पर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को पानी से बाहर निकालने का प्रयास किया. घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की.
दोनों मृतक अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतकों में एक युवक पदमपुर क्षेत्र का रहने वाला था, जबकि दूसरा युवक जैतसर क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है. दोनों रोजगार के लिए ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने आए थे, हादसे के बाद उनके परिवारों को घटना की सूचना देने की कार्रवाई की गई. पानी की डिग्गी में हुए इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है. बताया जा रहा है कि डिग्गी काफी गहरी थी, जिसके कारण दोनों युवकों को बचाने में मुश्किल हुई.
CHC मोर्चरी में रखवाए शव
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर श्रीकरणपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) की मोर्चरी में रखवाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे. पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की पूरी जानकारी जुटा रही है. ग्रामीणों के अनुसार, खेतों में बनी ऐसी पानी की डिग्गियां अक्सर काफी गहरी होती हैं और इनके आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से हादसे का खतरा बना रहता है. इस घटना ने एक बार फिर खुले और गहरे जलस्रोतों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत को सामने ला दिया है.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Ganganagar,Rajasthan
First Published :
August 23, 2026, 17:56 IST



