नेपाल बाढ़ का खौफनाक मंजर देख तड़प उठे अमिताभ बच्चन, ‘कुदरत के प्रकोप से कोई नहीं जीत सकता’

Last Updated:August 29, 2026, 14:27 IST
Amitabh Bachchan On Nepal Flood: एक तरफ रक्षाबंधन की खुशियां थीं, दूसरी तरफ नेपाल से आईं तबाही की तस्वीरों ने अमिताभ बच्चन को भीतर तक झकझोर दिया. पहाड़ों में बाढ़ और मलबे के बीच जिंदगी बिखरने का मंजर देखकर बिग बी का दर्द उनकी बातों में साफ झलका. उन्होंने नेपाल की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि कुदरत के कहर के आगे इंसान की ताकत छोटी पड़ जाती है. अमिताभ ने इस त्रासदी से प्रभावित लोगों के लिए दुआ भी की.नेपाल में आई तबाही से बिग बी दिखी हैं.
नई दिल्ली. रक्षाबंधन के दिन जब हर तरफ भाई-बहन के प्यार और रिश्तों की मिठास की बातें हो रही थीं. तभी नेपाल से आईं तबाही की तस्वीरों ने अमिताभ बच्चन का दिल भी भारी कर दिया. पहाड़ों के बीच बाढ़ का ऐसा खौफनाक मंजर सामने आया कि उसे देखकर बिग बी खुद को भावुक होने से रोक नहीं पाए. उन्होंने कुदरत के आगे इंसान की बेबसी बयां किया है. अमिताभ बच्चन ने इस मुश्किल घड़ी में नेपाल के लोगों के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि प्रकृति के प्रकोप से मुकाबला करना इंसान के बस की बात नहीं.
अमिताभ बच्चन ने भी नेपाल की इस भयावह त्रासदी पर चिंता जताई है. उन्होंने अपने ब्लॉग के जरिए प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना जाहिर की. उन्होंने कहा कि वहां से सामने आ रहे तबाही के सीन देखना बेहद मुश्किल है.
कलाई पर राखी के साथ नेपाल त्रासदी का दर्द
दरअसल, अमिताभ बच्चन ने शनिवार को रक्षाबंधन के मौके पर अपने ब्लॉग पर कलाई पर बंधी रंग-बिरंगी राखियों की तस्वीर साझा की थी. उन्होंने भाई-बहन के रिश्ते और राखी के पवित्र बंधन के बारे में लिखा. इसके बाद बिग बी ने नेपाल में आई बाढ़ की ओर ध्यान दिलाते हुए अपनी चिंता जाहिर की.
‘प्रार्थना ही सब कुछ से परे है’
उन्होंने लिखा- ‘एक गंभीर विषय पर बात करूं तो नेपाल में बाढ़ से हुई तबाही के दृश्य देखना असहनीय है… कुदरत के प्रकोप से कभी लड़ा नहीं जा सकता… इसके सम्मान के लिए ईश्वर की उपस्थिति की आवश्यकता है… हम प्रार्थना करते हैं… क्योंकि प्रार्थना ही सब कुछ से परे है. स्नेह और देखभाल.’
26 अगस्त को आई नेपाल में तबाही
26 अगस्त को नेपाल के भोटे कोशी नदी क्षेत्र में आई अचानक बाढ़ ने भारी तबाही मचाई. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ग्लेशियर के ढहने के बाद आई बाढ़ और मलबे ने कई इलाकों में घरों, सड़कों, पुलों और हाइड्रोपावर इंफ्रास्ट्रक्चर को नुकसान पहुंचाया. नेपाल में मृतकों की संख्या शनिवार को 626 तक पहुंच गई थी, जबकि बड़ी संख्या में लोग अब भी लापता बताए गए. नेपाल के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी में भोटे कोशी बाढ़ क्षेत्र में कई विदेशी नागरिकों के लापता होने की बात सामने आई है. सूची में 178 भारतीय नागरिक दर्ज हैं, जिनमें 11 के मिलने और 167 के अब भी लापता होने की जानकारी दी गई है.
बॉलीवुड के इन सेलेब्स ने भी जताया दुख
आपको बता दें कि नेपाल की इस त्रासदी पर अमिताभ बच्चन अकेले बॉलीवुड सितारे नहीं हैं, जिन्होंने चिंता जताई है. संजय दत्त, फरहान अख्तर, भूमि पेडनेकर और सोनू सूद समेत कई कलाकारों ने सोशल मीडिया के जरिए पीड़ितों के प्रति संवेदना जाहिर की और मदद का भरोसा दिया है. फरहान ने त्रासदी से सामने आए वीडियो और तस्वीरों को भयावह बताया, जबकि भूमि पेडनेकर और सोनू सूद ने नेपाल के साथ खड़े रहने की बात कही.
About the AuthorShikha Pandey
15 साल पहले पत्रकारिता से शुरू हुआ शिखा पाण्डेय का सफर आज भी उसी जुनून के साथ जारी है. दिसंबर 2019 में न्यूज18 हिंदी से जुड़ने के बाद वह चीफ सब एडिटर के रूप मे…
Noida,Gautam Buddha Nagar,Uttar Pradesh
First Published :
August 29, 2026, 14:40 IST



