Pali News: बिना आहट घर में दाखिल हो सकता है सांप, इन संकेतों से तुरंत पहचानें खतरा, जानिए बचाव के उपाय

Last Updated:September 07, 2026, 15:23 IST
Pali News: घर कितना भी साफ-सुथरा क्यों न हो, सांप बिना आहट के जूते रखने के स्टैंड, अलमारी के पीछे, गमलों के नीचे या गीली जगहों में छिप सकता है. केंचुल, S शेप की लकीरें और चूहों का अचानक गायब होना जैसे संकेत उसकी मौजूदगी का इशारा हो सकते हैं. जानिए घर में सांप होने के संकेत और उसे दूर रखने के आसान उपाय.
घर का कोना-कोना साफ दिखने के बावजूद कई बार एक ऐसा बिन बुलाया मेहमान बिना किसी आहट के अंदर दाखिल हो जाता है, जिसका नाम सुनते ही रोंगटे खड़े हो जाते हैं—जी हां, हम बात कर रहे हैं सांप की. अक्सर नमी, अंधेरे या भोजन की तलाश में सांप हमारे घरों और आंगनों में छिपकर बैठ जाते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि सांप के घर में होने के कुछ ऐसे बारीक संकेत होते हैं, जिन्हें समझकर आप समय रहते खतरे को भांप सकते हैं? आखिर कैसे पता लगाएं कि घर में सांप छिपा है या नहीं?
सर्प विशेषज्ञ स्माइल रंगरेज की माने तो सांप के घर में दाखिल होने का कोई शोर नहीं होता, लेकिन वे अपने पीछे कुछ ऐसे पक्के निशान छोड़ जाते हैं जिन्हें पहचानना बेहद आसान है. यदि आपको घर के किसी कोने, स्टोर रूम या बगीचे में केंचुल सांप की उतारी हुई पुरानी त्वचा दिखाई दे, तो तुरंत सावधान हो जाएं. इसके अलावा, दीवारों के किनारों या धूल भरी जगहों पर एस आकार की आकृतियों वाली लकीरें या चूहे जैसे छोटे जीवों की अचानक गायब हो जाना भी सांप की मौजूदगी का सीधा इशारा होता है.
अक्सर लोग सोचते हैं कि साफ कमरे में सांप नहीं आ सकता, लेकिन वे जूते रखने वाले स्टैंड, अलमारी के पीछे, बेसमेंट, गमलों के नीचे और गीले बाथरूम में आसानी से छिप जाते हैं. सांपों को ठंडक और एकांत पसंद होता है, इसलिए वे घर के उन हिस्सों को चुनते हैं जहां मानवीय गतिविधियां कम होती हैं. यदि घर में चूहों का जमावड़ा अधिक है, तो वहां सांप के आने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है क्योंकि चूहे उनका प्राथमिक भोजन हैं.
Add as Preferred Source on Google
सांपों को घर से दूर रखने के लिए कुछ बुनियादी सावधानियां बरतना बेहद जरूरी है. घर के आसपास कभी भी कचरा, सूखी लकड़ियां या ईंटों का ढेर न जमा होने दें, क्योंकि यह उनके छिपने की सबसे पसंदीदा जगह बनती है. घर के दरवाजों के नीचे की खाली जगह को सील करें और खिड़कियों पर बारीक जाली लगाएं. बगीचे और आंगन की घास की नियमित छंटाई करते रहें तथा घर में चूहों को पनपने न दें, ताकि भोजन की तलाश में वे अंदर न आ सकें.
यदि घर में कभी सांप दिख जाए, तो सबसे पहले घबराएं नहीं और न ही उस पर हमला करने या खुद पकड़ने की गलती करें. सांप आमतौर पर तब तक हमला नहीं करते जब तक कि उन्हें खतरा महसूस न हो. परिवार के सदस्यों और पालतू जानवरों को तुरंत उस जगह से दूर करें और कमरे को बाहर से बंद कर दें. इसके तुरंत बाद स्थानीय वन विभाग या प्रशिक्षित स्नेक कैचर (Snake Catcher) को सूचित करें, ताकि वे सुरक्षित रूप से सांप को रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ सकें.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। राजस्थान की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें|First Published :
September 07, 2026, 15:23 IST



