Rajasthan

राजस्थान में मौसम ने ली करवट, आज से फिर बरसेंगे बादल, अलवर-धौलपुर में बारिश का येलो अलर्ट

जयपुर. राजस्थान में एक बार फिर मानसून की गतिविधियां बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं. प्रदेश में फिलहाल मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना हुआ है, लेकिन बंगाल की खाड़ी में बने नए कम दबाव के क्षेत्र और बदलते हवाओं के रुख से 11 सितंबर से पूर्वी राजस्थान में बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है. आईएमडी के अनुसार 11 सितंबर को भरतपुर, जयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है.

इसके बाद 12 से 16 सितंबर के बीच बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं. खासकर 13 और 14 सितंबर को कोटा और उदयपुर संभाग तथा आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश होने के संकेत हैं. आईएमडी के अनुसार उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक बना हुआ है. उत्तर हरियाणा से बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव क्षेत्र तक ट्रफ भी सक्रिय है, जो उत्तर प्रदेश और झारखंड से होकर गुजर रही है. मानसून ट्रफ जम्मू, देहरादून, बरेली, लखनऊ, अंबिकापुर और झारसुगुड़ा होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है. उत्तर पाकिस्तान और उससे सटे जम्मू के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है.

राजस्थान में 11 सितंबर से पूर्वी हिस्सों में बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है

आज से पूर्वी राजस्थान में बदलेगा मौसम

आईएमडी के अनुसार उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्र में 10 सितंबर को नया कम दबाव का क्षेत्र बना है. इसके प्रभाव से पूर्वी राजस्थान में नमी बढ़ने की संभावना है. 11 सितंबर को अलवर, बारां, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, झालावाड़, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़ और सवाई माधोपुर में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं की गतिविधि हो सकती है. कुछ स्थानों पर बारिश भी होने की संभावना है. जयपुर, टोंक, सीकर और आसपास के क्षेत्रों में भी दोपहर बाद बादल बनने तथा कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश के संकेत हैं. हालांकि पूरे जिले या संभाग में एक जैसी बारिश होने की संभावना नहीं है.

अलवर, बारां, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, झालावाड़ और करौली में बारिश की संभावना

12 से 16 सितंबर तक बढ़ेगा बारिश का दौर

12 सितंबर के आसपास राजस्थान के बड़े हिस्से में पुरवाई यानी पूर्वी हवाओं का प्रभाव बढ़ सकता है. इसे मौसम में बदलाव का अहम संकेत माना जा रहा है. इस दौरान जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर संभाग के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. अलवर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक, बूंदी, बारां, झालावाड़, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर और राजसमंद समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 13 और 14 सितंबर को कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ सहित हाड़ौती क्षेत्र में बारिश की तीव्रता बढ़ने के संकेत हैं. उदयपुर संभाग और दक्षिणी राजस्थान के कुछ इलाकों में भी कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. तेज बारिश की स्थिति में निचले इलाकों में जलभराव जैसी स्थानीय परेशानी सामने आ सकती है.

राजस्थान मौसम अपडेट 10 सितंबर
पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में 11 सितंबर से तथा पश्चिमी राज. के कुछ भागों में 12-16 सितंबर के दौरान बारिश की गतिविधियों का एक नया दौर शुरू होने की संभावना है। 13-14 सितंबर को दक्षिण-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना।
pic.twitter.com/ZvvMmquOai
— मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर (@IMDJaipur) September 10, 2026

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj