Rajasthan

जयपुर नगर निगम चुनाव में सचिन पायलट ने डाला वोट, पंजाब चुनाव की तैयारी का संकेत देते बताया प्लान

जयपुर. राजस्थान में नगर निकाय चुनाव में मतदान करने पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पंजाब के प्रभारी महासचिव सचिन पायलट ने अब पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की तैयारी का संकेत दिया है. जयपुर नगर निगम चुनाव में सचिन पायलट ने दोपहर 2 बजे केशव नगर सामुदायिक केंद्र पर मतदान किया. इस दरमियान वे मीडिया से भी रूबरू हुए. उन्होंने कहा कि पंजाब का महत्व सिर्फ एक राज्य तक सीमित नहीं है. इसका देश के सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन में भी बड़ा योगदान रहा है. अगले साल पंजाब में विधानसभा चुनाव होने हैं और राहुल गांधी ने उन्हें प्रदेश की जिम्मेदारी दी है. पायलट ने कहा कि वह जल्द ही पंजाब जाकर पार्टी के चुनावी कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे.

पायलट ने कहा कि पिछले दो-तीन दिनों में उन्होंने पंजाब के लगभग सभी प्रदेश नेताओं से मुलाकात की है. जल्द ही वह पंजाब जाएंगे और वहां चुनावी कार्यक्रम शुरू करेंगे. उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस के सभी नेता मिलकर चुनाव लड़ने और पार्टी को मजबूत करने की तैयारी करेंगे. पायलट के मुताबिक राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से भी पंजाब आने का आग्रह किया जाएगा. उन्होंने भरोसा जताया कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में कांग्रेस पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी.

ड्रग्स को बताया पंजाब का सबसे बड़ा मुद्दापंजाब के मौजूदा राजनीतिक माहौल पर बात करते हुए पायलट ने ड्रग्स को सबसे बड़ा मुद्दा बताया. उन्होंने कहा कि पंजाब में ड्रग्स के नेटवर्क को तोड़ने की जरूरत है. पायलट ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कार्यकाल खत्म होने के समय बड़े-बड़े दावे और वादे किए जा रहे हैं, लेकिन सवाल यह है कि इतने समय तक सरकार की जिम्मेदारी किसकी थी. उन्होंने कहा कि देश में आने वाली ड्रग्स कहीं न कहीं से आती हैं और हजारों करोड़ रुपये की हेरोइन पकड़ी जा चुकी है. पायलट ने कहा कि ड्रग्स के जो नजारे सामने आते हैं, उन्हें देखकर दिल दहल जाता है. उनके मुताबिक पंजाब के युवाओं के सामने रोजगार और भविष्य का सवाल भी बड़ा है.

युवा कनाडा क्यों जाना चाहता है, पायलट ने उठाया सवाल
पायलट ने पंजाब के युवाओं के विदेश जाने के मुद्दे पर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि पंजाब का युवा कनाडा जाना चाहता है, आखिर ऐसे हालात क्यों बने. उन्होंने सवाल किया कि देश का युवा अपने ही देश में क्यों नहीं रहना चाहता. पायलट ने कहा कि पंजाब, राजस्थान और पूरे देश का युवा अब अपने मुद्दों को लेकर मतदान करता है. उन्होंने कहा कि आज का युवा समझ चुका है कि कांग्रेस की राजनीति और उसकी नीतियां युवाओं के मुद्दों पर केंद्रित हैं. कांग्रेस का विजन और नीति निर्माण भी युवाओं के लिए प्रासंगिक हो चुका है. पायलट ने दावा किया कि धर्म और जाति की राजनीति करने वाली पार्टियां अब युवाओं के वोट आसानी से नहीं ले सकतीं. उन्होंने गुजरात का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां प्रधानमंत्री को भी युवाओं से अपील करनी पड़ रही है.

कांग्रेस में सीएम चेहरे की परंपरा नहीं, मिलकर चुनाव लड़ने की बातपंजाब में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर पायलट ने कहा कि विपक्ष में रहते हुए कांग्रेस मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित नहीं करती. उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, वरिष्ठ नेता और प्रभारी मिलकर चुनाव की तैयारी करते हैं. पायलट ने साफ किया कि कांग्रेस में चुनाव से पहले मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करने की ऐसी परंपरा नहीं है. आम आदमी पार्टी पर भी पायलट ने निशाना साधा. उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की पूरी पार्टी बिखर चुकी है. साथ ही उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि परिसीमन के नाम पर अलग-अलग पार्टियों के नेताओं को तोड़ने की कोशिश की जा रही है. पायलट ने कहा कि भाजपा की ओर से नेताओं को तोड़ने की कोशिशें लगातार देखने को मिल रही हैं.

निकाय चुनाव पर भी सरकार को घेरा
जयपुर में नगर निकाय चुनाव के दौरान दोपहर करीब 2 बजे केशव नगर सामुदायिक केंद्र पर मतदान करने के बाद पायलट ने राजस्थान के निकाय चुनाव पर भी बात की. उन्होंने इसे लोकतंत्र का पर्व बताते हुए कहा कि चुनाव प्रणाली बहुत अहम है. पायलट ने कहा कि लंबे इंतजार के बाद राजस्थान में निकाय चुनाव हो रहे हैं और अभी मतदान का समय बाकी है, इसलिए लोगों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में वोट करना चाहिए. पायलट ने आरोप लगाया कि पिछले दो-तीन साल में शहरों का विकास थम गया है. उन्होंने कहा कि जिन शहरों में पहले विकास हुआ करता था, वहां अब हालात खराब हैं. राजधानी जयपुर की कानून व्यवस्था पर भी उन्होंने सवाल उठाए और कहा कि दिनदहाड़े बड़े-बड़े हत्याकांड हो रहे हैं. उनके मुताबिक बढ़ती आबादी के हिसाब से शहरों के विकास को संतुलित करने की जरूरत है. पायलट ने कहा कि निकाय चुनाव बताएंगे कि सरकार ने पिछले साढ़े तीन साल में कितना काम किया और कितना नहीं किया. उन्होंने कहा कि जनता जानती है कि ये चुनाव क्यों हो रहे हैं और इस बार लोग मुद्दों को लेकर मतदान करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि अभी ग्राम पंचायतों के चुनाव भी बाकी हैं.

कांग्रेस के बेहतर प्रदर्शन का भरोसासचिन पायलट ने निकाय चुनाव में कांग्रेस के बेहतर प्रदर्शन का भरोसा जताया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मिलजुलकर चुनाव लड़ा है और अच्छा प्रचार व अभियान चलाया. पार्टी ने अपना विजन जनता तक पहुंचाया है. प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी थीं और सभी नेताओं ने मिलकर चुनाव अभियान में काम किया. अब पायलट के सामने पंजाब की जिम्मेदारी है. अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए उन्हें संगठन के नेताओं को साथ लेकर चलना होगा. पायलट का कहना है कि पंजाब के सभी नेताओं ने मिलकर चुनाव लड़ने का भरोसा दिया है और पार्टी जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरी शिद्दत से काम करेगी. उनके मुताबिक पंजाब में जनता के सामने बेहतर विकल्प कांग्रेस है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj