‘मैं पर्दे पर खुद को कभी आंक नहीं पाती’, प्रीति जिंटा क्यों नहीं देखती अपनी ही फिल्में? एक्ट्रेस ने बताई असली वजह

Last Updated:September 12, 2026, 11:55 IST
बॉलीवुड की ‘डिंपल गर्ल’ यानी प्रीति जिंटा भले ही दर्शकों के दिलों पर राज करती हों, लेकिन खुद को बड़े पर्दे पर देखना उनके लिए बेहद असहज करने वाला अनुभव होता है. अपनी अदाकारी से करोड़ों फैंस बनाने वाली एक्ट्रेस अपनी ही फिल्में देखना पसंद नहीं करती हैं. प्रीति के मुताबिक, फिल्म पूरी होने के बाद सिनेमाघर में बैठकर खुद की अदाकारी देखना उन्हें बहुत अजीब लगता है. स्क्रीन पर खुद को देखते ही उनके दिमाग में यही चलने लगता है कि वह और बेहतर काम कर सकती थीं.
ख़बरें फटाफट
कुणाल खेमू की फिल्म ‘वाइब’ में नजर आएंगी प्रीति जिंटा.
नई दिल्ली. बॉलीवुड एक्टर कुणाल खेमू की अपनी अपकमिंग फिल्म ‘वाइब’ को लेकर सुर्खियों में हैं. इसमें प्रीति जिंटा भी अहम किरदार में नजर आएंगी. वह अपने तीन दशकों से ज्यादा लंबे करियर में दर्जनों हिट फिल्में दे चुकी हैं. लेकिन अब प्रीति जिंटा ने खुलासा किया कि वह अपनी फिल्मों को खुद ही देखना पसंद नहीं करती हैं. हालांकि, उन्होंने इसके पीछे की खास वजह का खुलासा किया है.
फिल्म ‘वाइब’ में प्रीति जिंटा ‘मैडम एच’ नाम की एक सुपर स्पाई के किरदार में नजर आएंगी जो दो आम लड़कों (कुणाल खेमू और स्पर्श श्रीवास्तव) को एक सीक्रेट मिशन के लिए चुनती है. इस रोल में प्रीति जबरदस्त एक्शन सीन्स करती भी दिखाई देंगी. फिल्म में अपने स्टंट खुद करने के अनुभव पर खुलकर बात की.
फिल्म के लिए खुद शूट किए एक्शन-स्टंट सीन्स
हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में प्रीति जिंटा ने बताया, ‘सेट पर एक्शन करना हमेशा एक सौदेबाजी जैसा होता है. सीढ़ियों से गिरने वाले सीन्स हों या कोई और स्टंट, मैं खुद ही करना चाहती थी. लेकिन तकनीकी चीजें इतनी ज्यादा होती हैं कि आपको संभलकर काम करना पड़ता है. वैसे भी, जो बॉडी डबल या स्टंट पर्सन होते हैं, उनका काम ही यही है. हम उनका रोजगार तो नहीं छीन सकते. लेकिन हमारी पूरी एक्शन टीम को सलाम है, स्क्रीन पर जो भी दिखता है वह सब उन्हीं की मेहनत का नतीजा है, हम तो बस आगे खड़े चेहरे मात्र हैं.’
अपनी फिल्में क्यों नहीं देखती हैं प्रीति जिंटा?
प्रीति जिंटा का मानना है कि कैमरे के सामने लंबा वक्त गुजारने के बावजूद आज भी उनके लिए अपनी ही फिल्में देखना बेहद असहज करने वाला अनुभव होता है. स्क्रीन पर खुद को देखते ही उनका ध्यान इस बात पर अटक जाता है कि किसी सीन में वह और बेहतर कैसे कर सकती थीं. प्रीति कहती हैं. ‘मैं बड़े पर्दे पर कभी भी खुद को जज नहीं कर पाती और सच कहूं तो मैं अपनी फिल्में देखना ही पसंद नहीं करती. एक बार जब फिल्म का काम पूरा हो जाता है, तो मैं उसे दोबारा नहीं देखती. सिनेमाघर में बैठकर खुद को देखना मेरे लिए बहुत असहज होता है. ऐसा नहीं है कि मैं अपनी फिल्में देखना नहीं चाहती, लेकिन मुझसे देखा ही नहीं जाता. फिल्म देखते वक्त मेरे दिमाग में बस यही चलता रहता है कि मैं इस सीन को थोड़ा और अच्छा कर सकती थी.’
इस दिन सिनेमाघरों में रिलीज होगी ‘वाइब’
अमेजन एमजीएम स्टूडियोज के बैनर तले बनी फिल्म ‘वाइब’ में सितारों की जबरदस्त टोली नजर आने वाली है. फिल्म में निरहुआ और यशपाल शर्मा अहम भूमिकाओं में हैं, जबकि दिग्गज एक्ट्रेस शर्मिला टैगोर भी एक खास कैमियो रोल में दिखेंगी. बड़े पर्दे पर एक्शन और सस्पेंस का यह रोमांचक तड़का इसी महीने 18 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है.
About the AuthorKamta PrasadSenior Sub Editor
कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
September 12, 2026, 11:55 IST



