बंगाल से ओडिशा तक दौड़ी संदिग्ध थार, दीघा के होटल से जुड़े ओरंगुटान स्मगलिंग के तार, फरार बाप-बेटे की तलाश में ताबड़तोड़ रेड

होमताजा खबरदेश
ओरंगुटान तस्करी में बड़ा खुलासा, STF के रडार पर दीघा के 32 होटल और काली थार
Last Updated:September 15, 2026, 21:47 IST
ओडिशा एसटीएफ ने बिचित्रपुर से ओरंगुटान बरामदगी मामले में जांच तेज करते हुए पश्चिम बंगाल के दीघा स्थित द ग्रैंड हेरिटेज होटल को सील कर दिया है. जांच में एक काली महिंद्रा थार का सुराग मिला है जो आरोपी होटल मालिक जयंत मैती की बताई जा रही है. एसटीएफ ने होटल का हार्ड ड्राइव जब्त कर लिया है और फरार बाप-बेटे की गिरफ्तारी के लिए कोलकाता तथा हावड़ा में लगातार छापेमारी कर रही है.इंटरनेशनल वाइल्डलाइफ सिंडिकेट का भंडाफोड़: दीघा में होटल मालिक फरार, सीसीटीवी फुटेज खोलेगा राज. (File Photos)
ओडिशा के बिचित्रपुर जंगल से एक ओरंगुटान की बरामदगी के बाद वाइल्डलाइफ स्मगलिंग नेटवर्क में बड़ा भूचाल आ गया है. ओडिशा स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की टीम ने पश्चिम बंगाल के समुद्री पर्यटन स्थल दीघा में जोरदार रेड मारी है. जांच एजेंसियों ने दीघा के नामी द ग्रैंड हेरिटेज होटल को सील कर दिया है. पड़ताल में सामने आया है कि होटल मालिक जयंत मैती और उसका बेटा सौम्यदीप मैती इस गैरकानूनी धंधे में सीधे तौर पर शामिल हैं. घटना वाली रात एक संदिग्ध काली महिन्द्रा थार गाड़ी बिचित्रपुर की तरफ जाती दिखी थी. बॉर्डर पर लगे कैमरों ने इस गाड़ी की आवाजाही को पकड़ा है. अब एसटीएफ की रडार पर यह लग्जरी गाड़ी और होटल का पूरा नेटवर्क आ चुका है.
काली थार से कैसे खुला स्मगलिंग का राज?
जांच में सामने आया कि घटना की रात पश्चिम बंगाल से ओडिशा सीमा में एक काली चार पहिया गाड़ी घुसी थी. चंदनेश्वर, उदयपुर और दीघा बॉर्डर के फुटेज खंगालने पर पता चला कि वह महिंद्रा थार गाड़ी थी. इस गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर WB56T-0333 दर्ज है. जांच अधिकारियों के मुताबिक इस गाड़ी का दूसरा मालिक मुख्य आरोपी जयंत मैती ही है. इसी गाड़ी से दुर्लभ वन्यजीव को ठिकाने लगाने का शक गहरा गया है.
होटल की हार्ड ड्राइव से क्या सच निकलेगा?
एसटीएफ ने होटल के सीसीटीवी सिस्टम की ओरिजिनल हार्ड ड्राइव अपने कब्जे में ले ली है. अफसरों का मानना है कि इस डेटा के जरिए इस अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट की परतें खुलेंगी. होटल के तीन कर्मचारियों से हुई पूछताछ में भी बाप-बेटे की सीधी संलिप्तता के ठोस सबूत मिले हैं. जानकारी यह भी है कि दोनों आरोपी अंडाल इलाके में भी होटल बिजनेस चलाते हैं.
बाप-बेटे की तलाश में कहां-कहां छापेमारी?
एसटीएफ ने पूरे इलाके में शिकंजा कसते हुए दीघा के करीब 32 होटलों में सर्च ऑपरेशन चलाया है. कई दस्तावेजों की गहन जांच की गई है. मुख्य आरोपी जयंत मैती और सौम्यदीप मैती फिलहाल फरार हैं. पुलिस की टीमें कोलकाता, कोलाघाट और हावड़ा में उनके ठिकानों पर दबिश दे रही हैं ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हो सके.
About the Authorदीपक वर्माDeputy News Editor
दीपक वर्मा की गिनती डिजिटल मीडिया के सबसे तेज और उभरते हुए चेहरों में होती है. वह न्यूज18 हिंदी के साथ डिप्टी न्यूज एडिटर के तौर पर जुड़े हैं. दीपक ने अपने करियर में कई बड़े मुकाम हासिल किए हैं…
New Delhi,Delhi
First Published :
September 15, 2026, 21:47 IST



