बिस्तर पर जाते ही नींद हो जाती है गायब, तो 20 मिनट की ये तरकीब कर सकती है कमाल, आयुर्वेदिक डॉक्टर ने बताया पूरा तरीका

फरीदाबाद: रात होते ही बिस्तर पर जाने के बाद अगर नींद आंखों से दूर रहे और इंसान बार-बार करवट बदलता रहे, तो अगली सुबह थकान महसूस होना आम बात है. ऐसे में कुछ लोग सोने से पहले पैरों की मालिश या हल्की सिकाई जैसे घरेलू तरीके अपनाते हैं. तिल के तेल से पैरों की मालिश और गुनगुनी चावल की पोटली से सिकाई को लेकर भी कई तरह की बातें कही जाती हैं. लेकिन क्या इन तरीकों से सच में शरीर और दिमाग को आराम मिल सकता है. इन्हें कितनी देर और कितनी गर्माहट के साथ करना चाहिए, जानिए.
सोने से पहले पैरों की मालिश के फायदे
Local18 से बातचीत में फरीदाबाद सर्वोदय हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉक्टर चेतन शर्मा बताते हैं कि सोने से पहले पैरों की हल्की मालिश करने से काफी फायदा हो सकता है. डॉक्टर चेतन शर्मा बताते हैं कि बहुत अच्छा फायदा होता है. हम लोग अधिकतर क्या करते हैं, जब नींद नहीं आती है तो कोशिश करते हैं कि किसी डॉक्टर के पास जाकर दवाई ले लें. लेकिन उससे पहले मैं आपको एक घरेलू नुस्खा बता रहा हूं, जिसे आप आसानी से घर पर कर सकते हैं. पैरों की मालिश करें. पूरे दिन खड़े रहने से ब्लड सर्कुलेशन ऊपर से नीचे जाता है और नीचे से ऊपर भी जाना चाहिए, लेकिन कई बार वह ठीक तरह से वापस नहीं आ पाता है. इसकी वजह से शरीर में असंतुलन शुरू हो सकता है. पैरों के तलवों की मालिश से इसे कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है. आयुर्वेद में भी इसके बारे में बताया गया है. शाम के समय शरीर के अंदर वात बढ़ने लगता है. जब वात बढ़ता है तो वात की सबसे अच्छी चिकित्सा मालिश मानी गई है. इसलिए रात में सोने से पहले तिल के तेल से तलवों की मालिश करें. यह काफी फायदेमंद हो सकती है.
रात में तिल के तेल से मालिश क्यों
तिल के तेल से पैरों की मालिश रात के समय क्यों की जाती है. इस पर डॉक्टर चेतन शर्मा बताते हैं कि शाम के बाद शरीर में वात बढ़ने लगता है. वात जो बढ़ता है, उसको कंट्रोल करने के लिए रात में मालिश ज्यादा फायदेमंद मानी जाती है.
चावल की पोटली से सिकाई कैसे करें
गुनगुनी चावल की पोटली से पैरों की सिकाई करने से क्या फायदा हो सकता है. इस पर डॉक्टर चेतन शर्मा बताते हैं कि यह बहुत अच्छा नुस्खा है. जिनको नींद नहीं आ रही है और रात भर करवटें बदलते रहते हैं, उनको मालिश तो करनी है, लेकिन कैसे करनी है. इसके लिए थोड़ी सी, करीब एक मुट्ठी चावल लीजिए और उसे तवे पर गर्म कर लीजिए. गर्म करने के बाद चावल को किसी कपड़े में बांधकर पोटली बना लें. पहले पैरों की मालिश करें और फिर उस पोटली से पैरों की सिकाई करें. मालिश के साथ जब सिकाई होती है तो नींद आने में आसानी हो सकती है.
पैरों की सिकाई में कितनी गर्माहट रखें
पैरों की सिकाई के लिए चावल की पोटली कितनी गर्म रखनी चाहिए. इस पर डॉक्टर चेतन शर्मा बताते हैं कि इसे उतना ही गर्म रखना चाहिए, जितना आप आसानी से सहन कर सकें. यह हर इंसान के लिए अलग-अलग हो सकता है. जब आप पोटली बनाएं तो पहले एक बार अपने हाथ से छूकर देख लें कि उसकी गर्माहट कैसी महसूस हो रही है. अगर ज्यादा गर्म लगे तो उसे थोड़ा ठंडा होने दें.
मालिश और सिकाई कितनी देर करनी चाहिए
सोने से पहले पैरों की मालिश और सिकाई कितनी देर करना सही है. इस पर डॉक्टर चेतन शर्मा बताते हैं कि 15 से 20 मिनट तक आप आराम से मालिश कर सकते हैं. इसके बाद करीब 10 मिनट तक सिकाई कर सकते हैं.
हल्की सिकाई से शरीर रिलैक्स कैसे होगा
क्या पैरों की हल्की सिकाई शरीर और दिमाग को रिलैक्स करने में मदद कर सकती है. इस पर डॉक्टर चेतन शर्मा बताते हैं कि यह पूरे शरीर के वात को कंट्रोल करने में मदद करती है. इससे आप स्ट्रेस फ्री महसूस कर सकते हैं. अगर एंग्जायटी है तो उसमें भी कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है. इससे मसल्स रिलैक्सेशन में भी मदद मिल सकती है.
नींद के लिए आसान घरेलू उपाय क्या अपनाएं
रात में बार-बार करवट बदलने वालों के लिए कौन से आसान घरेलू उपाय किए जा सकते हैं. इस पर डॉक्टर चेतन शर्मा बताते हैं कि सबसे पहले तिल के तेल से पैरों की मालिश करें. अगर कई दिनों से ज्यादा दिक्कत है तो मैं आपको एक नुस्खा बता रहा हूं. रात में एक बाल्टी में गर्म पानी करें और उसमें अपने दोनों पैर करीब 10 मिनट तक डालकर रखें. उसके बाद तिल के तेल से मालिश करें. इसके बाद जो चावल की पोटली बताई गई है, उससे पैरों की सिकाई करें. इससे नींद आने में मदद मिल सकती है.
गुनगुना दूध नींद में कैसे मदद करेगा
क्या रात में नींद के लिए गुनगुना दूध या दूसरे घरेलू उपाय भी अपनाए जा सकते हैं. इस पर डॉक्टर चेतन शर्मा बताते हैं कि अगर दूध पीने की इच्छा है तो दूध पी सकते हैं. इससे मन रिलैक्स महसूस कर सकता है. अगर इसमें कुछ मिलाना है तो थोड़ा सा जायफल, करीब एक चुटकी, मिला सकते हैं. यह भी फायदेमंद हो सकता है.
लंबे समय तक नींद न आए तो डॉक्टर दिखाएं
अगर घरेलू उपाय करने के बाद भी लंबे समय तक नींद न आए तो क्या करना चाहिए. इस पर डॉक्टर चेतन शर्मा बताते हैं कि यदि इसके बावजूद नींद नहीं आ रही है तो निश्चित रूप से डॉक्टर से सलाह लें. नजदीकी डॉक्टर के पास जाकर यह समझने की कोशिश करनी पड़ेगी कि नींद क्यों नहीं आ रही है. इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं. न्यूरोलॉजिकल समस्या भी हो सकती है. मस्कुलर समस्या भी हो सकती है. इसलिए डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए.



