Sikar News: आस्था का अनोखा रिकॉर्ड, 2.15 लाख पार्थिव शिवलिंग, एक साथ होगी महादेव की पूजा

Last Updated:September 19, 2026, 11:52 IST
सीकर में महादेव की भक्ति का अनोखा आयोजन होने जा रहा है, जहां 2.15 लाख से अधिक पार्थिव शिवलिंगों का सामूहिक पूजन किया जाएगा. खास बात यह है कि इन शिवलिंगों को मशीन से नहीं, बल्कि श्रद्धालु पिछले तीन दिनों से हाथों से तैयार कर रहे हैं. काली-चिकनी मिट्टी में घी मिलाकर शिवलिंग बनाए जा रहे हैं, जिनका 20 सितंबर को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन होगा, आयोजन को गोसेवा के संकल्प से भी जोड़ा गया है.
सीकर. सालासर रोड स्थित श्री गोविंदम भवन में 2.15 लाख पार्थिव शिवलिंग का सामूहिक पूजन किया जाएगा. गौ ग्रास संस्थान और श्री गोपीनाथ गोशाला की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और विवाहित जोड़े शामिल होकर भगवान महादेव की पूजा-अर्चना करेंगे. इस आयोजन की सबसे खास बात यह है कि यहां पार्थिव शिवलिंग किसी मशीन से तैयार नहीं किए जा रहे, बल्कि दर्जनों श्रद्धालु पिछले तीन दिनों से हाथों से इन्हें बनाने में जुटे हैं. लगातार इन पार्थिव शिवलिंग तैयार करने का काम चल रहा है.
आयोजकों के अनुसार 19 सितंबर तक करीब सवा दो लाख से अधिक शिवलिंग तैयार कर लिए जाएंगे, जबकि 20 सितंबर को वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ इनका सामूहिक पूजन होगा. पार्थिव शिवलिंग तैयार करने के लिए काली मिट्टी और चिकनी मिट्टी में घी मिलाया जा रहा है. इसके पीछे वजह यह है कि शिवलिंग पानी के संपर्क में आने के बाद तुरंत बिखरें या बहें नहीं. मिट्टी को अच्छी तरह तैयार करने के बाद एक-एक शिवलिंग का आकार दिया जा रहा है. इतने बड़े स्तर पर पार्थिव शिवलिंग तैयार करना अपने आप में श्रद्धालुओं के लिए अलग अनुभव बन गया है.
लाखों शिवलिंग, एक साथ होगी महादेव की आराधना
20 सितंबर को जब एक साथ 2.15 लाख से अधिक पार्थिव शिवलिंगों की पूजा होगी तो आयोजन का दृश्य बेहद भव्य होगा. श्रद्धालु वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिवलिंगों की पूजा-अर्चना करेंगे. आयोजकों के अनुसार बड़ी संख्या में विवाहित जोड़ों के भी इस पूजन में शामिल होने की तैयारी है. आयोजकों के अनुसार, पार्थिव शिवलिंग पूजन को भगवान शिव की आराधना का पवित्र विधान माना जाता है. मिट्टी से खुद शिवलिंग बनाना, उसकी पूजा करना और फिर धार्मिक विधि से अनुष्ठान पूरा करना बेहद खास माना जाता है. ऐसे में सीकर में होने वाला यह आयोजन 2.15 लाख शिवलिंग, हजारों श्रद्धालुओं की आस्था और गोसेवा के संकल्प को एक साथ जोड़ने वाला धार्मिक आयोजन बन गया है.
15 साल से गोसेवा से जुड़ा है संस्थान
इस धार्मिक आयोजन को केवल शिव आराधना तक सीमित नहीं रखा गया है. इसके पीछे गोसेवा का संदेश भी जुड़ा है. आयोजकों के अनुसार गौ ग्रास संस्थान पिछले करीब 15 वर्षों से गोमाता को हरा चारा उपलब्ध कराने सहित विभिन्न गोसेवा कार्यों में सक्रिय है. इस आयोजन के जरिए गोसेवा के कार्यों को और विस्तार देने तथा अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. गौ ग्रास संस्थान गौशालाओं में निशुल्क चारा उपलब्ध कराने का काम करती है.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Sikar,Rajasthan
First Published :
September 19, 2026, 11:52 IST



