कौन हैं सुनील कोठारी? BJP ने मेयर के पद के लिए जिन पर जताया भरोसा

Last Updated:September 19, 2026, 17:25 IST
राजस्थान के सबसे बड़े सियासी मैदान जयपुर नगर निगम में मेयर पद के लिए जंग छिड़ चुकी है. भारतीय जनता पार्टी ने सुनील कोठारी को अपना दांव बनाया है, तो वहीं कांग्रेस ने सुनीता मेठी को चुनावी मैदान में उतारा है. दोनों ही दिग्गजों ने अपना पर्चा दाखिल कर दिया है. आंकड़ों का खेल देखें तो 150 वार्डों वाले जयपुर निगम में मेयर बनाने के लिए मैजिक फिगर 76 का है. बीजेपी के पास 78 पार्षद जीतकर आए हैं. वहीं कांग्रेस को अगर अपना मेयर बनाना है, तो उसे निर्दलीयों के साथ-साथ बीजेपी के पाले में भी बहुत बड़ी सेंधमारी करनी पड़ेगी.सुनील कोठारी. (फेसबुक तस्वीर)
जयपुर नगर निगम में नए मेयर की ताजपोशी की तैयारियां शुरू हो गई हैं. बीजेपी ने तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए वार्ड नंबर 112 से नवनिर्वाचित पार्षद सुनील कोठारी को मेयर पद का उम्मीदवार बनाया है. वहीं, डिप्टी मेयर के लिए भवानी सिंह राजावत के नाम का ऐलान किया गया है. सुनील कोठारी शनिवार दोपहर 2 बजे अपना नामांकन दाखिल करेंगे. अब सबकी नजर 25 सितंबर को होने वाली वोटिंग पर है.
सुनील कोठारी जयपुर के जाने-माने ज्वेलर कारोबारी हैं. वे लंबे समय से बीजेपी संगठन में सक्रिय रहे हैं. कोठारी भाजपा जयपुर शहर अध्यक्ष, पूर्व प्रदेश सचिव और पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष जैसी जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं. फिलहाल वे भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य हैं.
905 वोटों से जीते थे सुनील कोठारी
हाल ही में हुए नगर निगम चुनाव में बीजेपी ने निवर्तमान मेयर कुसुम यादव का टिकट काटकर वार्ड नंबर 112 से सुनील कोठारी को चुनाव मैदान में उतारा था. कोठारी ने कांग्रेस प्रत्याशी आशीष शर्मा को 905 वोटों के अंतर से हराया था.
संगठन में लंबे अनुभव और पार्टी में सक्रिय भूमिका के चलते उनका नाम मेयर पद के संभावित उम्मीदवारों में शामिल था. अब बीजेपी ने उनके नाम पर आधिकारिक तौर पर मुहर लगा दी है.
150 वार्डों में BJP के पास बहुमत
जयपुर नगर निगम में कुल 150 वार्ड हैं. चुनावी आंकड़ों के मुताबिक बीजेपी के 78, कांग्रेस के 57 और निर्दलीय 15 पार्षद हैं. मेयर चुनाव में बहुमत के लिए 76 वोटों की जरूरत होगी. बीजेपी के पास 78 पार्षद होने के कारण पार्टी बहुमत के आंकड़े से दो वोट आगे है. हालांकि, आखिरी परिणाम मतदान और आधिकारिक चुनाव प्रक्रिया के अनुसार तय होगा.
मेयर के लिए होगा 25 सितंबर को मतदान
नगर निगम मेयर के लिए 25 सितंबर की तारीख बेहद खास होने वाली है. इसी दिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्वाचित पार्षदों की विशेष बैठक में नए मेयर के चुनाव के लिए मतदान कराया जाएगा. वोटिंग खत्म होते ही उसी दिन नतीजों का ऐलान कर दिया जाएगा.
इस महासंग्राम की शुरुआत 19 सितंबर को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक नगर निगम मुख्यालय लालकोठी के कमरा नंबर 204 स्थित ईसी हॉल में नामांकन दाखिल करने के साथ ही शुरू हो चुकी है. इसके बाद 21 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक भरे गए पर्चों की बारीकी से जांच होगी. 22 सितंबर दोपहर 3 बजे तक उम्मीदवारों को अपना नाम वापस लेने का आखिरी मौका दिया जाएगा. मेयर के फैसले के ठीक अगले ही दिन यानी 26 सितंबर को उप महापौर के पद के लिए भवानी सिंह राजावत के भाग्य का फैसला करने वाली चुनावी जंग लड़ी जाएगी.
About the Authorसज्जन कुमार दड़बीSenior Sub Editor
Sajan Kumar is a journalist with professional experience in digital news, web journalism, SEO content, copy editing and social media storytelling. He has been working in journalism since 2020 and has worked wit…
और पढ़ेंLocation :
Jaipur,Rajasthan
First Published :
September 19, 2026, 17:25 IST



