हॉस्पिटल जाने की बात कहकर निकली महिला, बेटे को पेड़ के नीचे बैठाया, ट्रेन के आगे कूदकर दे दी जान

Last Updated:September 21, 2026, 09:15 IST
Jalore Woman Suicide Case: जालोर के बागरा थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने छह महीने के बेटे को रेलवे ट्रैक से कुछ दूरी पर नीम के पेड़ के नीचे बैठाया और ट्रेन के आगे छलांग लगा दी. हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मासूम बच्चा सुरक्षित मिला. महिला घर से बेटे को साथ लेकर हॉस्पिटल जाने की बात कहकर निकली थी. बागरा और जागनाथ रेलवे स्टेशन के बीच उसने साबरमती-जोधपुर पैसेंजर ट्रेन के सामने छलांग लगाई. पुलिस ने शव को मॉर्च्यूरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दी है. शुरुआती जानकारी में पति और ससुराल पक्ष से मनमुटाव और मारपीट की बात सामने आई है, लेकिन आत्महत्या के कारणों की पुलिस ने पुष्टि नहीं की है.जालोर में महिला ने 6 माह के बेटे को पेड़ के नीचे बैठाया और ट्रेन के आगे कूदकर दे दी जान
जालोर. राजस्थान के जालोर में एक महिला ने अपने छह महीने के दुधमुंहे बेटे को रेलवे ट्रैक से कुछ दूरी पर नीम के पेड़ के नीचे बैठाया और इसके बाद ट्रेन के आगे छलांग लगा दी. ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मासूम बच्चा सुरक्षित मिला. घटना बागरा थाना क्षेत्र में बागरा और जागनाथ रेलवे स्टेशन के बीच दोपहर के समय हुई. महिला घर से बेटे को साथ लेकर हॉस्पिटल में उपचार कराने की बात कहकर निकली थी.
कुछ देर बाद उसने बच्चे को ट्रैक से दूर पेड़ की छांव में बैठाया और साबरमती से जोधपुर जा रही पैसेंजर ट्रेन के सामने चली गई. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को जागनाथ रेलवे स्टेशन पहुंचाया गया. बाद में शव को जालोर के सामान्य चिकित्सालय की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया. पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी है. फिलहाल महिला के इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है. हालांकि प्रारंभिक जानकारी में पति और ससुराल पक्ष से मनमुटाव की बात सामने आ रही है.
हॉस्पिटल जाने की बात कहकर बेटे को साथ लेकर निकली थी
बताया जा रहा है कि भागली सिंघलान गांव निवासी भावना पत्नी डूंगाराम मेघवाल की तबीयत खराब थी. वह सुबह अपने छह महीने के बेटे आर्यन को साथ लेकर हॉस्पिटल में उपचार कराने की बात कहकर घर से निकली थी. परिवार को यह अंदाजा नहीं था कि वह ऐसा कदम उठा सकती है. पुलिस के अनुसार बागरा और जागनाथ रेलवे स्टेशन के बीच पहुंचने के बाद भावना ने बच्चे को अपने साथ रखने के बजाय रेलवे ट्रैक से कुछ दूरी पर नीम के पेड़ के नीचे बैठा दिया. इसके बाद वह रेलवे लाइन की तरफ गई और साबरमती-जोधपुर पैसेंजर ट्रेन के आगे आ गई.
गंभीर चोटों के कारण मौके पर तोड़ा दम
ट्रेन की चपेट में आने से भावना के सिर, हाथ-पैर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं. हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं छह महीने का आर्यन नीम के पेड़ की छांव में बैठा मिला और सुरक्षित था. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और रेलवे कर्मचारियों को मामले की जानकारी हुई. सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची. एएसआई मांगीलाल के अनुसार महिला के शव को ट्रेन से जागनाथ रेलवे स्टेशन लाया गया. यहां रेलवे कर्मचारियों ने शव को कोतवाली पुलिस को सौंप दिया. इसके बाद पुलिस ने शव को जालोर के सामान्य चिकित्सालय की मॉर्च्यूरी में रखवाया और परिजनों को सूचना दी.
पति से विवाद और मारपीट की बात भी सामने आई
पुलिस जांच में महिला के पारिवारिक जीवन से जुड़ी कुछ बातें भी सामने आ रही हैं. महिला का पति और ससुराल पक्ष से मनमुटाव चल रहा था. महिला की शादी आटा-साटा प्रथा के अनुसार हुई थी. यह भी बताया जा रहा है कि पति द्वारा महिला के साथ मारपीट की बात सामने आई थी. महिला ने अपने भाई को फोन कर अपने साथ मारपीट और घर में झगड़े की जानकारी भी दी थी. हालांकि पुलिस ने अभी इन बातों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और महिला के आत्महत्या करने के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हुआ है. पुलिस अब घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. परिजनों से पूछताछ के साथ महिला के मोबाइल फोन और उसके परिवार से जुड़े विवादों की जानकारी भी जुटाई जा सकती है. पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही महिला के इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट हो सकेगी.
डिस्क्लेमर: अगर आप या आपका कोई परिचित शख्स डिप्रेशन में है और मन में खुद को नुकसान पहुंचाने का विचार आ रहा है या कोई खुद को नुकसान पहुंचाने कोशिश कर रहा है. तो ये एक बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन नंबर 18002333330 पर संपर्क करें. ताकि एक कीमती जीवन को बचाया जा सके.
About the Authorदीप रंजन सिंह Content Producer
दीपरंजन सिंह लगभग एक दशक से पत्रकारिता के फिल्ड से जुड़े हुए हैं. वह अभी न्यूज18 हिंदी के राजस्थान डिजिटल डेस्क से जुड़े हैं, जहां वे बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले लगभग एक दशक से सक्रिय पत…
और पढ़ेंLocation :
Jalor,Rajasthan
First Published :
September 21, 2026, 09:15 IST



