1 शतक, 9 छक्के और 6 बड़े रिकॉर्ड… शेफाली वर्मा ने बांग्लादेश के खिलाफ रचा इतिहास

होमखेलक्रिकेट
1 शतक, 9 छक्के और 6 बड़े रिकॉर्ड… शेफाली ने बांग्लादेश के खिलाफ रचा इतिहास
Last Updated:September 20, 2026, 17:13 IST
Shafali Verma 6 records: एशियन गेम्स के महिला क्रिकेट सेमीफाइनल में भारत ने बांग्लादेश को 114 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया. ओपनर शेफाली वर्मा ने 49 गेंदों में नाबाद 100 रनों की तूफानी पारी खेली. शेफाली ने मैच में 6 बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए, जिनमें भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में सर्वाधिक छक्के और एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा छक्के शामिल हैं.शेफाली वर्मा ने पहले टी20 शतक के दौरान 6 रिकॉर्ड बनाए.
नई दिल्ली. मौजूदा चैंपियन भारत ने एशियन गेम्स की महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में धमाकेदार अंदाज में प्रवेश करते हुए लगातार दूसरी बार अपना पदक पक्का कर लिया. इस ऐतिहासिक मुकाबले की सबसे बड़ी स्टार सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा रहीं, जिन्होंने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से न केवल टीम को एकतरफा जीत दिलाई, बल्कि एक ही मैच में क्रिकेट जगत के 6 बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए. शेफाली के टी20 इंटरनेशनल करियर के पहले शतक और रिकॉर्डतोड़ पारी के दम पर भारत ने बांग्लादेश को करारी शिकस्त दी.
इस मैच की सबसे बड़ी उपलब्धि शेफाली वर्मा (Shafali Verma) के बल्ले से निकले ऐतिहासिक रिकॉर्ड्स रहे. शेफाली अब महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में शतक जड़ने वाली भारत की सिर्फ तीसरी महिला बल्लेबाज बन गई हैं. उनसे पहले यह कारनामा केवल हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना ही कर पाई थीं. भारतीय टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास में अब तक कुल चार शतक लगे हैं, जिनमें स्मृति मंधाना के नाम दो (हांगकांग के खिलाफ 124 रन और इंग्लैंड के खिलाफ 112 रन) शतक दर्ज हैं, जबकि हरमनप्रीत कौर (न्यूजीलैंड के खिलाफ 103 रन) और अब शेफाली वर्मा (बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद 100 रन) के नाम एक-एक शतक है.
भारत की तरफ से सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्डशेफाली ने इस मैच में छक्कों का नया इतिहास रच दिया. वह अब भारत की तरफ से महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाली बल्लेबाज बन गई हैं. उनके नाम अब कुल 104 छक्के दर्ज हो चुके हैं, जिससे उन्होंने अपनी जोड़ीदार स्मृति मंधाना (100 छक्के) को पीछे छोड़ दिया है. विश्व क्रिकेट की बात करें तो सर्वाधिक छक्कों की सूची में सोफी डिवाइन और डिएंड्रा डॉटिन 134-134 छक्कों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं, जबकि चमारी अथापत्थु 120 छक्कों के साथ तीसरे स्थान पर हैं.
एक पारी में 9 छक्के जड़कर विश्व रिकॉर्ड की बराबरीएक ही पारी में छक्कों की बौछार करने के मामले में भी शेफाली ने विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है. महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय की फुल मेंबर टीमों के बीच एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अब संयुक्त रूप से शेफाली के नाम भी दर्ज हो गया है. उन्होंने निशिन के मैदान पर बांग्लादेश के खिलाफ अपनी 100 रनों की पारी में 9 छक्के जड़े. इससे पहले वेस्टइंडीज की डिएंड्रा डॉटिन ने 2010 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ और हेले मैथ्यूज़ ने 2019 में आयरलैंड के खिलाफ एक पारी में 9 छक्के लगाए थे. शेफाली ने न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन और भारत की हरमनप्रीत कौर के 8-8 छक्कों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया.
एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा छक्के ठोकने का नया कीर्तिमानएक कैलेंडर वर्ष में छक्कों का नया कीर्तिमान स्थापित करना शेफाली की एक और बड़ी उपलब्धि रही. साल 2026 में शेफाली ने अब तक रिकॉर्ड 35 छक्के लगा दिए हैं, जिसमें वे हर 14.31 गेंद पर एक छक्का जड़ रही हैं. उन्होंने चमारी अट्टापट्टू के साल 2024 में बनाए गए 32 छक्कों के सर्वकालिक रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है. इस लिस्ट में चमारी अट्टापट्टू (2026 में 25 छक्के), हरमनप्रीत कौर (2018 में 25 छक्के), सोफी डिवाइन (2018 और 2020 में 21-21 छक्के) और फातिमा सना (2026 में 21 छक्के) जैसी दिग्गज खिलाड़ी शामिल हैं.
एक साल में सबसे ज्यादा 50 प्लस स्कोर का भारतीय रिकॉर्डइसी के साथ शेफाली ने एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा बार 50 या उससे अधिक रन बनाने के भारतीय रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है. साल 2026 में शेफाली के बल्ले से 8 बार 50 प्लस स्कोर निकल चुके हैं. इससे पहले स्मृति मंधाना ने साल 2024 में 8 बार यह कारनामा किया था. इस सूची में पूर्व कप्तान मिताली राज (2016 में 7 बार) और हांगकांग की नताशा माइल्स (2026 में 7 बार) का नाम भी दर्ज है.
2026 में 815 रन बनाकर हासिल किया दूसरा स्थानकैलेंडर वर्ष में कुल रनों के मामले में भी शेफाली का बल्ला जमकर बोल रहा है. साल 2026 में वह अब तक 815 रन बना चुकी हैं और एक साल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली दुनिया की दूसरी बल्लेबाज बन गई हैं. इस सूची में दक्षिण अफ्रीका की लौरा वोल्वार्ड्ट 824 रनों के साथ शीर्ष पर हैं. उनके बाद शेफाली (815 रन), नताशा माइल्स (800 रन), ईशा ओझा (779 रन), यास्मीन दासवानी (779 रन) और स्मृति मंधाना (763 रन) का नंबर आता है. शेफाली की इस आलौकिक पारी ने भारतीय टीम को एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक के और करीब पहुंचा दिया है.
About the AuthorKamlesh Raiचीफ सब एडिटर
कमलेश कुमार राय नेटवर्क18 ग्रुप में बतौर चीफ सब एडिटर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वह बीते 15 सालों से खेल पत्रकारिता की पिच पर डटे हुए हैं. हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में वह खेल कंटेंट की गहरी समझ, सटीक विश्लेषण और ब…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
September 20, 2026, 17:11 IST



