Livestock Buying Tips: सौदा करने से पहले 15 कदम चलाकर देखें पशु, इन संकेतों से पता चलेगा फिटनेस का हाल

Last Updated:September 21, 2026, 14:55 IST
Livestock Buying Tips: गाय या भैंस खरीदते समय जल्दबाजी पशुपालक को हजारों रुपये का नुकसान करा सकती है. पशु खरीदने से पहले दूध की क्षमता, थन, दूध की नसें, उम्र, दांत, स्वभाव, शरीर और चाल की अच्छी तरह जांच करना जरूरी है. विशेषज्ञों के मुताबिक तीन बार दूध निकालकर देखने और पशु को चलाकर जांचने से सही पशु चुनने में मदद मिल सकती है.
पशु खरीदते समय की गई छोटी सी गलती पशुपालक को हजारों रुपये का नुकसान करा सकती है, इसलिए गाय या भैंस खरीदने से पहले केवल विक्रेता की बातों पर भरोसा न करें, बल्कि पशु की अच्छी तरह जांच करें. दूध की मात्रा, थन, उम्र, चाल और व्यवहार जैसी कई बातों पर ध्यान देना बहूत जरूरी है.
पशु खरीदने से पहले कम से कम तीन बार अपने हाथों से दूध निकालकर जरूर देखें। जैसे आज शाम, अगले दिन सुबह और फिर शाम को दूध निकालें. इससे पशु के दूध देने की सही क्षमता का पता चलेगा. पशु के चारों थन लगभग बराबर आकार के और सही दूरी पर होने चाहिए. थनों को हल्के हाथ से दबाकर देखें कि कहीं गांठ, सूजन या दूसरी परेशानी तो नहीं है.
पशु के पेट के निचले हिस्से से लेकर लेवटी तक जाने वाली दूध की नसों को भी देखें. नसें अगर मोटी, उभरी हुई और टेढ़ी-मेढ़ी दिखाई देती हैं तो आमतौर पर यह ज्यादा दूध देने वाले पशु की पहचान मानी जाती है. वहीं सीधी और पतली नसों वाले पशु में दूध की क्षमता कम हो सकती है. दूसरे या तीसरे ब्यांत का पशु खरीदना अच्छा माना जाता है.
Add as Preferred Source on Google
पशु का मुंह खोलकर नीचे के दांत भी देखें, चार से छह स्थायी दांत वाला पशु जवान माना जाता है. अगर दांत बहुत ज्यादा घिसे या टूटे हुए हैं तो पशु की उम्र ज्यादा हो सकती है और दूध देने की क्षमता भी कम हो सकती है. पशु की पीठ पर हाथ फेरें और थनों को छूकर देखें, अगर पशु बहुत चिड़चिड़ा है, लात मारता है या अनजान व्यक्ति को दूध नहीं निकालने देता है तो आगे चलकर उसे संभालने में परेशानी हो सकती है.
पशु सामने से थोड़ा पतला और पीछे से चौड़ा यानी तिकोने आकार का दिखाई दे. उसकी चमड़ी पतली, ढीली और चमकदार हो. आंखें साफ और चमकीली हों तथा नाक हल्की नम हो. पशु को खूंटे से खोलकर 15-20 कदम चलाकर जरूर देखें. पैरों में लंगड़ापन नहीं होना चाहिए. खुर बहुत बड़े या ज्यादा मुड़े हुए न हों और गोबर भी सामान्य होना चाहिए.
संभव हो तो ऐसा पशु खरीदें जिसके साथ मादा बच्चा हो, इससे भविष्य में पशुपालक के पास एक और गाय या भैंस तैयार हो सकती है. इस तरह पशु खरीदते समय दूध, थन, उम्र, स्वभाव, शरीर और चाल की जांच करके ही सौदा करना चाहिए.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। राजस्थान की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें|First Published :
September 21, 2026, 14:55 IST



