मसूरिया में दशमी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, गुरु बालीनाथ जी की समाधि पर 51 ज्योतों से हुई भव्य महाआरती

Last Updated:September 21, 2026, 11:23 IST
जोधपुर के मसूरिया स्थित बाबा रामदेव मंदिर में भाद्रपद शुक्ल दशमी पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. सुबह 6 बजे गुरु बालीनाथ जी की समाधि मंदिर में 51 ज्योतों से भव्य महाआरती हुई. मेले के समापन पर शाम को 351 किलो पेड़े का विशेष प्रसाद वितरित किया जाएगा. श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 56 CCTV कैमरों और पुलिस-स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है.
जोधपुर. मसूरिया स्थित बाबा रामदेव मंदिर में भाद्रपद शुक्ल दशमी के पावन अवसर पर सोमवार सुबह श्रद्धा और आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. मारवाड़ के महाकुंभ के रूप में विख्यात मसूरिया मेले के मुख्य दिवस पर गुरु बालीनाथ जी की समाधि मंदिर में सुबह 6 बजे 51 ज्योतों के साथ भव्य महाआरती का आयोजन किया. महाआरती के दौरान मंदिर परिसर बाबा रामदेव और गुरु बालीनाथ जी के जयकारों से गूंज उठा. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की.
मंदिर प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी रंजन दईया ने बताया कि मेले के दौरान अब तक लाखों श्रद्धालु मसूरिया मंदिर पहुंचकर बाबा रामदेव के दर्शन कर चुके हैं. दशमी के मुख्य अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा. मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र चौहान ने बताया कि गुरु बालीनाथ जी की समाधि के दर्शन के बाद बाबा रामदेव के दर्शन की विशेष धार्मिक मान्यता है. इसी आस्था के चलते दशमी पर दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मसूरिया पहुंचे.
संध्या आरती के बाद 351 किलो पेड़े का प्रसाद
मसूरिया मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित मेले का विधिवत समापन सोमवार शाम संध्या आरती के साथ होगा. इसके बाद श्रद्धालुओं को 351 किलो पेड़े का विशेष प्रसाद वितरित किया जाएगा. दिनभर मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन और दर्शन का क्रम जारी रहेगा. दशमी के अवसर पर पूरा मसूरिया क्षेत्र बाबा रामदेव की भक्ति में रंगा नजर आ रहा है. श्रद्धालु कतारों में पहुंचकर बाबा के दर्शन कर रहे हैं और प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं.
56 सीसीटीवी से निगरानी और स्वयंसेवक संभाल रहे व्यवस्थादशमी पर उमड़ी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं. पुलिस बल की तैनाती के साथ 56 सीसीटीवी कैमरों से पूरे क्षेत्र पर निगरानी रखी जा रही है. महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष कालिका टीम भी तैनात है. श्री पीपा क्षत्रिय समस्त न्याति सभा ट्रस्ट के सचिव नरेंद्र गोयल, उपाध्यक्ष शिव प्रकाश दईया, दिनेश गोयल, दिनेश प्रकाश पंवार और कोषाध्यक्ष पुरुषोत्तम राखेचा सहित सैकड़ों स्वयंसेवक व्यवस्थाओं में जुटे हैं. मसूरिया मंदिर की अखंड ज्योत के दर्शन भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। दशमी का यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता की मिसाल भी पेश कर रहा है.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Jodhpur,Rajasthan
First Published :
September 21, 2026, 11:23 IST



