IND vs JPN: वैभव सूर्यवंशी बाहर या संजू करेंगे ओपन? जानें कैसी होगी भारत की प्लेइंग XI

होमखेलक्रिकेट
वैभव सूर्यवंशी बाहर या संजू करेंगे ओपन? जानें कैसी होगी भारत की प्लेइंग XI
Last Updated:September 21, 2026, 22:20 IST
एशियन गेम्स से पहले भारतीय क्रिकेट टीम को जापान के खिलाफ एकमात्र टी20 मैच खेलना है. इस मैच के लिए दोनों ही टीमों के खिलाड़ी उत्साहित हैं. इसके साथ ही फैंस के मन में फिर से यह सवाल उठ रहा है कि क्या वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलेगा या फिर संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करेंगे.वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम जापान के खिलाफ ऐतिहासिक टी20 मैच के लिए तैयार है. भारत और जापान के बीच पहली बार द्विपक्षीय सीरीज खेली जा रही है, जिसे ‘मारुति सुजुकी कप’ नाम दिया गया है. वैसे तो मौजूदा टीम इंडिया के सामने क्रिकेट में जापान की नई-नवेली टीम कहीं नहीं ठहरती, लेकिन इसके बावजूद श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम मेजबान को हल्के में नहीं ले रही है.
इसके अलावा टीम इंडिया के सामने जापान के खिलाफ मैच से ज्यादा बड़ी चुनौती प्लेइंग इलेवन चुनने की है. टीम में एक से बढ़कर एक खिलाड़ी हैं, जिनमें से कुछ को खेलने का मौका नहीं मिल पा रहा है. इनमें वैभव सूर्यवंशी जैसे विस्फोटक बल्लेबाज भी शामिल हैं. हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन टी20 मैचों की सीरीज में वैभव को बेंच पर ही बैठना पड़ा था.
वैभव या संजू: कौन करेगा अभिषेक के साथ ओपनिंग?
वैभव सूर्यवंशी ने इसी साल इंग्लैंड दौरे पर टीम इंडिया के लिए अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था. इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में वैभव को संजू की जगह ही मौका मिला था. संजू को टीम इंडिया से ड्रॉप किए जाने पर मैनेजमेंट की काफी आलोचना भी हुई थी. इसे लेकर हेड कोच गौतम गंभीर ने भी स्वीकार किया था कि संजू को ड्रॉप करना उनके लिए सबसे मुश्किल फैसला था.
हालांकि, यह बात भी सच है कि संजू ने टीम इंडिया के लिए अहम मैचों में रन बनाए और जीत भी दिलाई, लेकिन उनके प्रदर्शन में निरंतरता की कमी रही है. यही कारण है कि टीम मैनेजमेंट को वैभव सूर्यवंशी की तरफ देखना पड़ा. लेकिन हालिया अफगानिस्तान सीरीज में संजू ने एक बार फिर रन बनाए. ऐसे में हो सकता है कि टीम इंडिया विनिंग कॉम्बिनेशन से छेड़छाड़ न करे, लेकिन इस बात की भी पूरी संभावना है कि जापान जैसी कमजोर टीम के सामने संजू को आराम देकर वैभव को मैदान पर उतारा जाए. इसके अलावा प्लेइंग इलेवन में किसी अन्य बदलाव की संभावना नहीं दिख रही है.
भारतीय टीम-
भारत टीम: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शिवम दुबे, इशान किशन, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, यश ठाकुर, जसप्रीत बुमराह , अर्शदीप सिंह, वाशिंगटन सुंदर, विप्रज निगम, वैभव सूर्यवंशी.
About the AuthorJitendra Kumar
जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. वर्तमान में वह नेटवर्क 18 समूह के साथ बतौर चीफ सब एडिटर जुड़े हैं और हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में अपनी…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,Delhi
First Published :
September 21, 2026, 22:20 IST



