Dujuan Typhoon: Typhoon Impact on Asian Games| 198KM की स्पीड से आ रही आफत फट जाएगी जमीन उठेगी सुनामी, छुट्टी-वुट्टी छोड़ घर बैठने की वॉर्निंग

Last Updated:September 21, 2026, 14:20 IST
Dujuan Typhoon 2026: साल 2026 अपनी प्राकृतिक आपदाओं के लिए भी खूब याद किया जाएगा. कभी यूरोप में गर्मी ने लोगों को त्रस्त कर डाला तो कभी ऐसा हुआ कि मानसून ने पानी-पानी कर डाला. इस वक्त एक ऐसी ही आफत भारत से करीब 5000 किलोमीटर की दूरी पर मंडरा रही है, जिसके चलते एक बड़ा इंटरनेशनल ईवेंट भी रोकना पड़ गया है. जापान में डुजुआन तूफान की आहट. (रॉयटर्स)
Impact of Dujuan Typhoon 2026: आपने देखा होगा कि हर साल जब मौसम बदलता है, तो दुनिया के कुछ हिस्सों में इसका भयावह रूप जरूर दिखाई देता है. खासतौर पर साल 2026 में ऐसे कई तूफान आए, जिन्होंने कई देशों को तहस-नहस कर दिया. एशिया में खासतौर पर ऐसे कई तूफान आए, जिन्होंने चीन, जापान, फिलीपींस जैसे देशों को खूब रुलाया. अब एक ऐसा ही तूफान नंबर 25 जापान की ओर जा रहा है. यहां शक्तिशाली तूफान ‘डुजुआन’ का अलर्ट जारी किया गया. जापान की मौसम एजेंसी ने बताया एक बड़ा और शक्तिशाली तूफान ‘डुजुआन’ देश के पूर्वी प्रशांत तट की ओर बढ़ रहा है.
इस भीषण तूफान की वजह से भारी बारिश, तेज हवाएं, बाढ़ और भूस्खलन का खतरा है. स्थानीय समय के मुताबिक सुबह 10 बजे, तूफान ‘डुजुआन’ टोक्यो के पास इजू द्वीप समूह के हाचिजो द्वीप से करीब 100 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण पश्चिम में था. यह करीब 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर की ओर बढ़ रहा था. जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के मुताबिक तूफान के केंद्र में वायुमंडलीय दबाव 960 हेक्टोपास्कल था और इसके साथ हवा के झोंकों की अधिकतम रफ्तार 198 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही थी.
धरती फटने, भीषण बारिश का अलर्ट
यह इस साल जापान के आसपास बनने वाला 25वां तूफान है. इसके सोमवार शाम से देर रात के बीच टोक्यो के पूर्व में स्थित चिबा प्रीफेक्चर के बोसो प्रायद्वीप के पास से गुजरने की संभावना है. समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक सोमवार सुबह तक पूर्वी जापान के कांटो-कोशिन और मध्य जापान के तोकाई इलाके में भारी बारिश शुरू हो चुकी थी. चिबा के कई शहरों में सड़कों पर पानी भरने की खबरें मिली हैं. जेएमए ने प्रीफेक्चर के कुछ हिस्सों के लिए लेवल-4 भूस्खलन अलर्ट भी जारी किया है. मौसम एजेंसी ने मंगलवार सुबह 6 बजे तक के 24 घंटों में तोकाई इलाके में 350 मिलीमीटर तक, कांतो और इजू द्वीप समूह में 300 मिलीमीटर तक और उत्तर-पूर्वी जापान के तोहोकू इलाके में 200 मिलीमीटर तक बारिश होने का अनुमान लगाया है.
लोगों को घरों में बंद रहने की वॉर्निंग
तूफान ऐसे समय जापान के करीब पहुंच रहा है, जब देश में पांच दिनों की छुट्टियों का दौर चल रहा है. लोगों से कहा गया है कि वे मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी पर नजर रखें और जरूरी सावधानी बरतें. बहुत खराब मौसम होने की स्थिति में लोगों को अपनी यात्रा या दूसरी योजनाओं का समय बदलने पर भी विचार करने की सलाह दी गई है. तूफान की वजह से यातायात पर भी असर पड़ा है. कुछ हाईवे के हिस्सों को बंद करना पड़ा है. सोमवार दोपहर टोक्यो और पश्चिमी जापान को जोड़ने वाली बुलेट ट्रेन सेवाओं में देरी या उन्हें रद्द किए जाने की भी आशंका है. इससे पहले अगस्त में तूफान चान-होम ने पूर्वी जापान के इबाराकी प्रीफेक्चर में दस्तक दी थी. ‘जिजी प्रेस’ ने फायर एंड डिजास्टर मैनेजमेंट एजेंसी के हवाले से बताया था कि उस तूफान में सात लोगों को मामूली चोटें आई थीं.
About the AuthorPrateeti Pandey
में इंटरनेशनल डेस्क पर कार्यरत हैं. टीवी पत्रकारिता का भी अनुभव है और इससे पहले Zee Media Ltd. में कार्य किया. डिजिटल वीडियो प्रोडक्शन की जानकारी है. टीवी पत्रकारिता के दौरान कला-साहित्य के साथ-साथ अंतरर…
और पढ़ेंFirst Published :
September 21, 2026, 14:20 IST



