Jaipur Murder Case: जिस दादी की गोद में पला उसी का रेता गला, रिश्ते का खौफनाक अंत, पुलिस ने पोते को किया गिरफ्तार

Last Updated:September 22, 2026, 21:06 IST
Vimla Devi Murder Case: जयपुर के भट्टा बस्ती इलाके में हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में बुजुर्ग विमला देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई. 25 वर्षीय पोते पुलकित पर चाकू से गला रेतकर दादी की हत्या करने का आरोप है. घटना के वक्त घर में दादी और पोता ही मौजूद थे. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कांवटिया अस्पताल भेजा गया है.
जयपुर. राजधानी जयपुर के भट्टा बस्ती थाना इलाके में एक बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है. हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में हुई इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान विमला देवी के रूप में हुई है, हत्या का आरोप उनके 25 वर्षीय पोते पुलकित पर लगा है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर चाकू से गला रेतकर अपनी दादी की हत्या कर दी.
बताया जा रहा है कि जिस समय यह वारदात हुई, उस वक्त घर में दादी विमला देवी और उनका पोता पुलकित ही मौजूद थे. घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने आरोपी पुलकित को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है. हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसका अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है.
चाकू से गला रेतने का आरोप
पुलिस के अनुसार, बुजुर्ग महिला पर चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई है. आरोप है कि पुलकित ने अपनी दादी के गले पर चाकू से वार किया, जिससे उनकी मौत हो गई. वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौके से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की. एफएसएल टीम की मदद से घटनास्थल से जरूरी सबूत भी जुटाए जा सकते हैं. घटना के बाद पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए कांवटिया अस्पताल भेज दिया है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद महिला की मौत की परिस्थितियों और चोटों की प्रकृति को लेकर अधिक जानकारी सामने आने की संभावना है.
आरोपी के माता-पिता सरकारी शिक्षक
इस मामले में एक और जानकारी सामने आई है कि आरोपी पुलकित के माता-पिता दोनों सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं. पुलिस अब परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या से पहले घर में किसी तरह का विवाद हुआ था या नहीं और वारदात के पीछे क्या कारण रहा. फिलहाल पुलिस आरोपी पुलकित से पूछताछ कर रही है. पूछताछ और जांच के आधार पर हत्या की वजह और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जाएगा. पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Jaipur,Rajasthan
First Published :
September 22, 2026, 21:06 IST



