Nagaur: खरनाल मेले में श्रद्धालुओं के बीच खतरनाक स्टंट, 25-30 लोगों से भरी जीप लहराते दिखे युवक

नागौर. तेजा दशमी के मौके पर खरनाल में आयोजित मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच हाईवे पर वाहनों की खतरनाक स्टंटबाजी का मामला सामने आया. मेले में आए लोगों की भीड़ के बीच कई वाहन चालक गाड़ियों को लहराते और स्टंट करते नजर आए. इनमें एक जीप में सवार युवाओं ने तो हद पार कर दी. करीब 25 से 30 लोगों से भरी जीप पर कई युवक बैठकर खतरनाक तरीके से स्टंट करते दिखाई दिए. इस दौरान चालक भीड़भाड़ वाले हाईवे पर वाहन को लहराता नजर आया. जिस सड़क पर यह स्टंट किया जा रहा था, वहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे. कई लोग सड़क के किनारे खड़े थे तो कुछ पैदल गुजर रहे थे.ऐसे में वाहन का अनियंत्रित होना या किसी श्रद्धालु से टकराना बड़े हादसे का कारण बन सकता था. स्टंट कर रहे युवाओं को अपनी सुरक्षा की भी परवाह नहीं दिखी. खास बात यह रही कि मौके पर पुलिस की मौजूदगी के बावजूद कुछ देर तक स्टंट चलता रहा. बाद में पुलिस ने लाठियां बजाकर वाहन को रुकवाया और जीप को जब्त कर लिया. अब पुलिस की ओर से वाहन चालक और स्टंट करने वाले युवाओं के खिलाफ किस तरह की कार्रवाई की जाती है, इस पर नजर है. घटना का वीडियो सामने आने के बाद भीड़भाड़ वाले धार्मिक आयोजनों में यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं.



