Education News: लाइव क्लास छूटी तो अब टेंशन नहीं, रिकॉर्डेड वीडियो से दोबारा पढ़ सकेंगे 9वीं-12वीं के स्टूडेंट्स

Last Updated:September 25, 2026, 12:02 IST
Rajasthan Government School Online Classes: सरकारी स्कूलों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए अब स्कूल के बाद भी पढ़ाई का विकल्प मिलेगा. माध्यमिक शिक्षा निदेशालय बीकानेर के निर्देश पर इस सत्र में ई-पाठशाला कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है. सोमवार से शुक्रवार शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक ऑनलाइन लाइव कक्षाएं चलेंगी. विद्यार्थी मोबाइल, कंप्यूटर या अन्य डिजिटल उपकरणों से घर बैठे इन कक्षाओं में शामिल हो सकेंगे. लाइव कक्षाओं के साथ रिकॉर्डेड वीडियो की सुविधा भी रहेगी, जिससे छूटी हुई कक्षा या कठिन अध्याय को बाद में दोबारा देखा जा सकेगा. गणित, विज्ञान, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान समेत 11वीं-12वीं के विषय भी कार्यक्रम में शामिल किए गए हैं.
अब 9वीं से 12वीं तक के स्टूडेंट्स के लिए स्कूल की घंटी बजने के बाद भी पढ़ाई जारी रहेगी. माध्यमिक शिक्षा निदेशालय बीकानेर के निर्देश पर इस सत्र में ई-पाठशाला कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है. इसके तहत सरकारी स्कूल के स्टूडेंट्स को स्कूल की नियमित पढ़ाई के साथ डिजिटल माध्यम से अतिरिक्त अध्ययन सामग्री उपलब्ध होगी. खास बात यह है कि स्टूडेंट्स घर बैठे मोबाइल, कंप्यूटर या अन्य उपलब्ध उपकरणों से लाइव कक्षाओं में शामिल हो सकेंगे.
ई-पाठशाला की कक्षाएं सोमवार से शुक्रवार शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक संचालित होंगी. यानी स्कूल से घर लौटने के बाद स्टूडेंट्स के पास विषयों की दोबारा पढ़ाई और कठिन अध्यायों को समझने का अवसर रहेगा. गणित, विज्ञान, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान सहित अलग-अलग विषयों की कक्षाएं तय समय के अनुसार होंगी. इससे स्टूडेंट्स को परीक्षा की तैयारी के लिए नियमित स्कूल पढ़ाई के अलावा एक अतिरिक्त डिजिटल प्लेटफॉर्म मिलेगा.
इस व्यवस्था की सबसे बड़ी खासियत लाइव कक्षा के साथ रिकॉर्डेड वीडियो की सुविधा होगी. यदि कोई स्टूडेंट्स किसी कारण से तय समय पर ऑनलाइन कक्षा में शामिल नहीं हो पाता है तो वह बाद में रिकॉर्डेड वीडियो देखकर छूटा हुआ पाठ पूरा कर सकेगा. इसी तरह किसी दिन टीचर उपलब्ध नहीं होने या किसी अन्य कारण से पढ़ाई प्रभावित होने पर रिकॉर्डेड सामग्री का इस्तेमाल किया जा सकेगा. इससे एक लेशन छूट जाने पर पूरी पढ़ाई की कड़ी टूटने से बच सकेगी.
Add as Preferred Source on Google
ई-पाठशाला में केवल वीडियो देखकर पढ़ाई करने तक ही व्यवस्था सीमित नहीं रहेगी. स्टूडेंट्स के सवालों के समाधान के लिए संवादात्मक सत्र भी आयोजित किए जाएंगे. इन सत्रों में स्टूडेंट्स विषय से जुड़े सवाल पूछ सकेंगे और शिक्षक उनकी शंकाओं का समाधान करेंगे. इससे डिजिटल पढ़ाई को एकतरफा वीडियो कक्षा के बजाय संवाद आधारित बनाने की कोशिश की जाएगी. विशेष रूप से कठिन विषयों और अध्यायों में यह व्यवस्था स्टूडेंट्स के लिए उपयोगी हो सकती है.
कक्षा 9वीं और 10वीं के स्टूडेंट्स के लिए गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और अंग्रेजी विषयों की पढ़ाई कराई जाएगी. वहीं 11वीं और 12वीं में विज्ञान विषय के विद्यार्थियों के लिए भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और गणित तथा कला विषय के स्टूडेंट्स के लिए इतिहास, भूगोल और राजनीति विज्ञान की कक्षाएं होंगी. इसके अलावा अनिवार्य अंग्रेजी विषय भी ई-पाठशाला के दायरे में रहेगा.
डिजिटल सामग्री विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए यू-ट्यूब, मिशन ज्ञान एप और वॉट्सएप जैसे माध्यमों का उपयोग किया जाएगा. स्कूल स्तर पर संस्था प्रधान और शिक्षक विद्यार्थियों को ऑनलाइन कक्षाओं के समय और उपलब्ध डिजिटल सामग्री की जानकारी देंगे. टीज़र को स्टूडेंट्स की ई-पाठशाला में भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ उनकी सीखने की प्रगति पर भी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं.
एडीईओ बाबूलाल गुर्जर के अनुसार, ई-पाठशाला की कक्षाएं शाम 4 से रात 8 बजे तक सोमवार से शुक्रवार संचालित होंगी. इसका उद्देश्य स्कूल की नियमित पढ़ाई को बदलना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को अतिरिक्त डिजिटल अध्ययन सुविधा उपलब्ध कराना है. ऐसे में विद्यार्थियों के लिए स्कूल की कक्षा के बाद घर से दोबारा पाठ देखने, कठिन विषय समझने और छूटी हुई लाइव कक्षा को रिकॉर्डेड वीडियो से पूरा करने का विकल्प उपलब्ध रहेगा.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
September 25, 2026, 12:02 IST



