Modi-Putin Meeting: Modi-Putin SCO Meet| इंसानियत के लिए बंद करिए जंग… SCO में शांति के दूत बने PM मोदी पुतिन से यूक्रेन युद्ध रोकने की अपील

Last Updated:September 01, 2026, 06:25 IST
PM Modi-Vladimir Putin on Ukraine War: पीएम मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में मुलाकात की. इस दौरान पीएम मोदी ने शांति दूत की भूमिका निभाते हुए एक बार फिर से रूसी राष्ट्रपति से यूक्रेन के साथ युद्ध रोकने की अपील की. उन्होंने कहा कि इस संबंध में भारत हर कोशिश का समर्थन करता रहेगा.
ख़बरें फटाफट
पुतिन-पीएम मोदी ने फिर की कार पूलिंग.
PM Modi Appeal to End Ukraine War: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात के दौरान यूक्रेन युद्ध को लेकर भारत का रुख स्पष्ट किया. मोदी ने कहा कि मानवता के हित में यूक्रेन में चल रहे युद्ध को खत्म करना जरूरी है. उन्होंने कहा कि भारत युद्ध रोकने और शांति स्थापित करने की हर कोशिश का समर्थन करता रहेगा. किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के शिखर सम्मेलन से इतर मोदी और पुतिन के बीच बातचीत हुई. बातचीत की शुरुआत में मोदी ने पुतिन को अपना मित्र बताया और दोनों देशों के बीच बढ़ते आर्थिक संबंधों की सराहना की.
मोदी ने कहा कि भारत और रूस के संबंधों में दोनों देशों के हितों को सबसे ऊपर रखा जाता है. उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि दोनों देशों के बीच आर्थिक और रणनीतिक सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है.
‘युद्ध का हर दिन मानवता को पीछे ले जाता है’
यूक्रेन युद्ध पर बात करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जिस दिन युद्ध जारी रहता है, उस दिन मानवता एक कदम पीछे चली जाती है. इसके विपरीत, शांति की दिशा में उठाया गया हर कदम पूरी मानवता के लिए उम्मीद पैदा करता है. मोदी ने कहा कि अब दुनिया को लगातार चलने वाले युद्ध से आगे बढ़कर युद्ध को पूरी तरह खत्म करने और युद्धविराम की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए. प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत पहले भी यूक्रेन संकट के शांतिपूर्ण समाधान का समर्थन करता रहा है और भविष्य में भी सभी शांति प्रयासों का समर्थन जारी रखेगा.
पुतिन ने क्या दिया जवाब?
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मोदी के बयान का जवाब देते हुए कहा कि रूस भी इसी दिशा में आगे बढ़ रहा है. क्रेमलिन के मुताबिक पुतिन ने बैठक के दौरान मोदी को यूक्रेन में चल रहे युद्ध की स्थिति और रूस के सैन्य अभियान की प्रगति के बारे में जानकारी दी. हालांकि रूस लंबे समय से कहता रहा है कि वह अपनी शर्तों पर ही युद्ध समाप्त करने के लिए तैयार है. यूक्रेन इन शर्तों को स्वीकार नहीं करता और इन्हें आत्मसमर्पण की मांग के रूप में देखता है.
रूस से तेल खरीदता है भारत
यूक्रेन युद्ध के बीच भारत और चीन रूस से तेल खरीदने वाले प्रमुख देशों में शामिल हैं. पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों के बावजूद भारत ने रूस से ऊर्जा खरीद जारी रखी है. ऐसे समय में प्रधानमंत्री मोदी का यह बयान महत्वपूर्ण माना जा रहा है. भारत एक तरफ रूस के साथ अपने पुराने और मजबूत संबंध बनाए रखना चाहता है, वहीं दूसरी तरफ वह यूक्रेन युद्ध के शांतिपूर्ण समाधान और युद्धविराम की जरूरत पर भी लगातार जोर देता रहा है. ऐसे में पीएम मोदी का संदेश साफ था कि भारत युद्ध का समर्थन नहीं करता और मानवता के हित में शांति की दिशा में उठाए जाने वाले हर गंभीर कदम का समर्थन करेगा.
About the AuthorPrateeti Pandey
में इंटरनेशनल डेस्क पर कार्यरत हैं. टीवी पत्रकारिता का भी अनुभव है और इससे पहले Zee Media Ltd. में कार्य किया. डिजिटल वीडियो प्रोडक्शन की जानकारी है. टीवी पत्रकारिता के दौरान कला-साहित्य के साथ-साथ अंतरर…
और पढ़ेंFirst Published :
September 01, 2026, 06:25 IST



