Goldy Brar in FBI Most Wanted List: अमेरिका की टॉप 10 मोस्ट वांटेड लिस्ट में गोल्डी बराड़ का नाम, FBI ने रखा ₹10 करोड़ का इनाम

Goldy Brar in FBI Most Wanted List: भारतीय गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के खिलाफ बड़ा एक्शन हुआ है. अमेरिका ने फरार गोल्डी बराड़ को एफबीआई की टॉप 10 मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल कर लिया है. अमेरिका ने गैंगस्टर गोल्डी बराड़ पर बड़े इनाम की घोषणा की है. उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाले या जानकारी देने वाले को एफबीआई ने 1 मिलियन डॉलर यानी करीब 10 करोड़ रुपए तक का इनाम घोषित किया है. एफबीआई के मुताबिक, गोल्डी बरार लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य है. उस पर जबरन वसूली, रैकेटियरिंग और ड्रग्स की तस्करी से जुड़े संघीय आरोप हैं. भारत में भी गोल्डी बराड़ कई मामलों में वांटेड है, जिनमें सबसे अहम कांड सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड है. उसे यूएपीए के तहत आतंकवादी घोषित किया जा चुका है.
लॉरेंस बिश्नोई गैंग का कभी सदस्य रह चुका गोल्डी बराड़ का असल नाम सतिंदरजीत सिंह है. वह जरायम की दुनिया में गोल्डी बराड़ के नाम से कुख्यात है. एफबीआई की मानें तो गोल्डी बराड़ पर अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई के संगठित अपराध गिरोह में शामिल होने का आरोप है. अधिकारियों का आरोप है कि यह गिरोह अमेरिका, कनाडा और अन्य जगहों पर हत्या, गोलीबारी, अपहरण, जबरन वसूली और ड्रग्स व हथियारों की तस्करी जैसे अपराधों में शामिल रहा है.
गोल्डी बराड़ पर FBI के क्या आरोपएफबीआई के अनुसार, गोल्डी बराड़ लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नॉर्थ अमेरिकन लीडर है. उस पर रैकेटियरिंग की साजिश, जबरन वसूली से जुड़े अपराध और प्रतिबंधित पदार्थों के वितरण की साजिश समेत कई संघीय आरोप हैं. अमेरिकी अधिकारियों ने गोल्डी बराड़ और बिश्नोई पर कनाडा में एक प्रमुख राजनीतिक और धार्मिक शख्सियत की 2023 में हुई हत्या का आदेश देने का भी आरोप लगाया है.
एफबीआई के मुताबिक, उसकी व्यापक जांच में हिंसक अपराध, जबरन वसूली और ड्रग्स की तस्करी में शामिल भारतीय अंतरराष्ट्रीय अपराध गिरोहों को निशाना बनाया गया है. एफबीआई के अनुसार, गोल्डी बराड़ के कैलिफोर्निया और कनाडा के कुछ हिस्सों में रहने की आशंका है. उसे हथियारबंद और खतरनाक माना जाना चाहिए.
$1 मिलियन के इनाम की घोषणाएफबीआई ने एक मिलियन डॉलर यानी करीब 10 करोड़ रुपए इनाम की भी घोषणा की है. लॉस एंजिल्स के अधिकारी पैट्रिक ग्रांडी ने कहा कि एजेंसी गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को पकड़ने को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है. उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी के लिए $1 मिलियन तक का इनाम दे रही है. गोल्डी बराड़ 1950 में शुरू की गई ‘टॉप 10 मोस्ट वांटेड’ लिस्ट में शामिल होने वाला 543वां व्यक्ति है.
एफबीआई ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गोल्डी बराड़ पर 1 मिलियन डॉलर का इनाम घोषित किया है..
भारत में गोल्डी बराड़ के मामले
गोल्डी बराड़ भारत में भी कई मामलों में वांटेड है. जनवरी 2024 में भारत सरकार ने गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी यूएपीए के तहत गोल्डी बराड़ को आतंकवादी घोषित किया था. भारतीय अधिकारियों ने उसे कथित जबरन वसूली, टारगेट किलिंग, हथियारों की तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जोड़ा है. उस पर 2022 में पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या में शामिल होने का भी आरोप है.
भारत को भी है तलाश
अधिकारियों ने गोल्डी बराड़ पर जबरन वसूली के नेटवर्क चलाने, धमकियां देने और भारत में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक पहुंचाने की व्यवस्था करने का भी आरोप लगाया है. गैंगस्टर गोल्डी बराड़ अब भी फरार है और भारत समेत विदेशों की कानून प्रवर्तन एजेंसियों को उसकी तलाश है.
FBI की 10 मोस्ट वांटेड लिस्ट में गोल्डी बराड़ का नाम
Operation Hardball में बड़ा खुलासा
7 जुलाई 2026 को अमेरिका ने Operation Hardball के नतीजों का ऐलान किया था. इस ऑपरेशन में भारत से जुड़े तीन अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 37 आरोपियों के खिलाफ तीन अलग-अलग चार्जशीट दाखिल की गई थीं. अमेरिकी एजेंसियों के मुताबिक, इन मामलों में हत्या, रंगदारी, गोलीबारी और बड़ी मात्रा में ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय तस्करी जैसे आरोप शामिल हैं. FBI और उसके सहयोगियों ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि कुछ आरोपी अभी भी फरार हैं. गोल्डी बराड़ भी इनमें शामिल है.
FBI की चेतावनी और गोल्डी-लॉरेंस की राह जुदा
FBI ने गोल्डी बराड़ को बेहद हिंसक, हथियारबंद और खतरनाक बताया है. FBI ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास गोल्डी बराड़ के बारे में जानकारी है तो वह सीधे FBI या स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसी को सूचना दे. जानकारी देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जा सकती है. गोल्डी बराड़ के बारे में सूचना देने पर 10 लाख डॉलर तक का इनाम है. हालांकि कुछ वक्त पहले गोल्डी बराड़ और लॉरेंस बिश्ननोई अलग-अलग हो चुके हैं. अब दोनों के गैंग्स अलग-अलग हैं और दोनों एक दूसरे के जानी दुश्मन हैं. गोल्डी के साथ रोहित गोदारा और उसका गैंग जुड़ा हुआ है.



