Business

सिर्फ ₹4-5 हजार लगाकर शुरू करें ये धांसू बिजनेस, गांव में मुफ्त मिलेगा कच्चा माल, हर महीने होगी बंपर कमाई

Havan Samagri Business Idea: घर से कम पैसे में अपना काम शुरू करना चाहते हैं तो हवन सामग्री बनाने का बिजनेस आपके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकता है. खास बात यह है कि इसे शुरू करने के लिए बड़े सेटअप की जरूरत नहीं पड़ती. गांव में मिलने वाले गोबर और कुछ छोटी-छोटी चीजों की मदद से इसे घर पर ही तैयार किया जा सकता है. इसकी मांग पूरे साल रहती है और नवरात्र जैसे त्योहारों के समय बिक्री भी बढ़ जाती है.

अमेठी में स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं इसी काम को करके अपना रोजगार चला रही हैं. महिलाएं देसी तरीके से हवन सामग्री तैयार करती हैं और स्थानीय बाजार में इसकी बिक्री करती हैं. समूह से जुड़ने के बाद महिलाओं को काम के साथ अपनी पहचान भी मिली है. उनका कहना है कि पहले पैसों के लिए दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब अपने काम से कमाई हो रही है.

गोबर और छोटी-छोटी चीजों से तैयार होती है हवन सामग्री

समूह से जुड़ी लक्ष्मी देवी बताती हैं कि उन्होंने छोटी-छोटी बचत से इस काम की शुरुआत की. समूह के जरिए हवन सामग्री बनाने के लिए जरूरी सामान खरीदा और अब घर पर ही इसे तैयार कर रही हैं. वह बताती हैं कि हवन सामग्री बनाने में करीब 31 तरह की चीजें मिलाई जाती हैं. इसमें जड़ी-बूटियों के साथ गाय का गोबर, लोहबान, सुगंधा, लौंग और सौंफ जैसी चीजें शामिल होती हैं. सबसे पहले गोबर को सुखाया जाता है. इसके बाद दूसरी सामग्री को इसमें मिलाकर हवन सामग्री तैयार की जाती है.

लक्ष्मी देवी के मुताबिक इसे तैयार होने में करीब दो से तीन दिन लगते हैं. उनका कहना है कि जब वह समूह से नहीं जुड़ी थीं तो पैसों की काफी परेशानी रहती थी. अब समूह से जुड़ने के बाद किसी के सामने हाथ फैलाने की जरूरत नहीं पड़ती और अपने काम से पहचान भी मिली है.

11 महिलाएं मिलकर कर रही हैं काम

पिंकी बताती हैं कि करीब 11 महिलाएं इस काम से जुड़ी हुई हैं. पहले पैसों के लिए उन्हें बाहर के लोगों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब समूह के जरिए ही पैसों का लेनदेन कर लेती हैं. उन्होंने बताया कि अभी महिलाएं हवन सामग्री बनाने का काम कर रही हैं. आगे झाड़ू बनाने का काम भी सीखेंगी, क्योंकि इसकी भी बाजार में अच्छी बिक्री होती है. हवन सामग्री बनाने के लिए चार दिन की ट्रेनिंग दी गई थी. ट्रेनिंग लेने के बाद महिलाओं ने अपना काम शुरू किया.

4 से 5 हजार रुपये में शुरू कर सकते हैं काम

हवन सामग्री का बिजनेस छोटे स्तर पर शुरू किया जा सकता है. गांव में गोबर आसानी से मिल जाता है. इसके अलावा करीब 4 से 5 हजार रुपये खर्च करके दूसरी जरूरी सामग्री खरीदी जा सकती है. इन चीजों को मिलाकर जरूरत के हिसाब से हवन सामग्री तैयार की जा सकती है. इसके बाद इसे पैकेट में भरकर स्थानीय बाजार में बेचा जा सकता है. इस तरह घर से ही छोटे स्तर पर काम शुरू किया जा सकता है.

दिन में 50 से 60 किलो तक तैयार कर सकते हैं

दिन में करीब 50 से 60 किलो तक हवन सामग्री तैयार की जा सकती है. इसे 30 से 50 रुपये प्रति किलो तक बेचा जा सकता है. इस हिसाब से 25 से 30 हजार रुपये तक कमाई हो सकती है. हालांकि कमाई इस बात पर भी निर्भर करेगी कि कितनी सामग्री तैयार होती है और कितनी बिक्री होती है.

समूह के जरिए ट्रेनिंग और आर्थिक मदद

बिजनेस एक्सपर्ट प्रकाश जायसवाल बताते हैं कि महिलाओं को समय-समय पर समूह, एनआरएलएम और संस्थान की मदद से रोजगार से जुड़ी ट्रेनिंग दी जाती है. इसका मकसद महिलाओं को अपना काम शुरू करने के लिए जरूरी जानकारी देना है. उन्होंने बताया कि समूह के जरिए बिजनेस शुरू करने के लिए अनुदान की भी व्यवस्था है. इसके लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, फोटो और समूह का पत्र जैसे दस्तावेज देने होते हैं. इसके बाद जरूरत के हिसाब से आर्थिक मदद लेने की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj