सरकारी स्कूल में दाह संस्कार, ताला तोड़कर अंदर घुसने का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश; पुलिस ने शुरू की जांच

Last Updated:October 05, 2026, 15:59 IST
Dudu Jaipur Rural News: दूदू के स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल परिसर में रविवार को कथित रूप से दाह संस्कार किए जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि अवकाश के दौरान लोग शव लेकर स्कूल पहुंचे और पीछे के गेट का ताला तोड़कर परिसर में प्रवेश किया. गार्ड ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने. घटना के बाद स्कूल प्रशासन और ग्रामीणों में रोष है. प्रधानाचार्य ने पुलिस में रिपोर्ट दी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ख़बरें फटाफट
दूदू के स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल परिसर में रविवार को दाह संस्कार किया
दूदू (जयपुर ग्रामीण): दूदू में सरकारी स्कूल की चारदीवारी के अंदर दाह संस्कार किए जाने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल में रविवार को अवकाश के दौरान बड़ी संख्या में लोग शव लेकर पहुंचे और कथित तौर पर पीछे के गेट का ताला तोड़कर स्कूल परिसर में प्रवेश कर गए. इसके बाद स्कूल परिसर में ही शव का दाह संस्कार कर दिया गया. घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रशासन में हड़कंप मच गया.
बताया जा रहा है कि एक दिन पहले सड़क दुर्घटना में समाज विशेष के एक व्यक्ति की मौत हो गई थी. रविवार को स्कूल बंद था और मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था. इसी दौरान लोग शव लेकर स्कूल पहुंचे. स्कूल के गार्ड ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन लोग नहीं माने. आरोप है कि पीछे के गेट का ताला तोड़कर लोग स्कूल परिसर में दाखिल हुए और वहीं अंतिम संस्कार शुरू कर दिया. गार्ड ने तत्काल स्कूल के प्रधानाचार्य को सूचना दी.
दाह संस्कार किए जाने को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहेप्रधानाचार्य ने पुलिस को मामले की जानकारी दी. सूचना पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अंतिम संस्कार की प्रक्रिया आधे से अधिक पूरी हो चुकी थी. पुलिस के पहुंचने के बावजूद मौके पर स्थिति को तत्काल बदलना संभव नहीं हुआ. लोगों का तर्क था कि जिस जमीन पर वर्तमान में स्कूल बना है, वहां पहले उनके समाज का श्मशान हुआ करता था और पूर्व में भी यहां अंतिम संस्कार किए जाते रहे हैं. वहीं स्कूल प्रशासन का कहना है कि जमीन अब स्कूल के नाम हस्तांतरित है और यहां स्कूल भवन के साथ चारदीवारी भी बनी हुई है. ऐसे में स्कूल परिसर में इस तरह प्रवेश कर दाह संस्कार किए जाने को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
स्कूल प्रशासन और ग्रामीणों में आक्रोशग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2008 से पहले यह सरकारी जमीन थी, जिसका आसपास के लोग अपनी सुविधा के अनुसार श्मशान, मृत पशुओं के निस्तारण और खेती सहित अन्य कार्यों में इस्तेमाल करते थे. बाद में जमीन स्कूल के नाम ट्रांसफर हुई और यहां स्कूल भवन का निर्माण कर चारदीवारी कर दी गई. पिछले 18 सालों में यहां कोई दाह संस्कार नहीं हुआ है. घटना के बाद स्कूल प्रशासन और ग्रामीणों में आक्रोश है. सरकारी स्कूल परिसर में ताला तोड़कर प्रवेश और दाह संस्कार किए जाने के मामले ने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है. प्रधानाचार्य की ओर से पुलिस थाने में रिपोर्ट दी गई है और मामले में दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है. अब पुलिस जांच में यह साफ होगा कि स्कूल परिसर में प्रवेश और दाह संस्कार किन परिस्थितियों में हुआ और जमीन के उपयोग को लेकर वास्तविक स्थिति क्या है.
About the AuthorJagriti Dubey
मेरा नाम जागृति दुबे है. मीडिया और डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में पिछले 6 वर्षों से सक्रिय हूं. पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून को मैंने वर्ष 2019 में GBN 24 न्यूज़ चैनल से इंटर्नशिप के साथ शुरुआत देकर एक पेशेव…
और पढ़ेंLocation :
Jaipur,Rajasthan
First Published :
October 05, 2026, 15:59 IST



