जयपुर घूमने जा रहे हैं तो ध्यान दें, आमेर और चारदीवारी का बदला गया है ट्रैफिक, यहां देखें नया रूट

जयपुर. राजधानी जयपुर में पर्यटन सीजन के दौरान पर्यटकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है. 10 और 11 अक्टूबर को आमेर और चारदीवारी क्षेत्र में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी. इन दो दिनों में शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों, धार्मिक स्थानों और बाजारों में वाहनों की संख्या बढ़ने की संभावना है. ऐसे में जाम से बचने और पर्यटकों के साथ आमजन को राहत देने के लिए कई मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा. आमेर फोर्ट जाने वाले पर्यटकों और चारदीवारी क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों को निर्धारित रूट का इस्तेमाल करना होगा.
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक व्यवस्था का पालन करें और प्रतिबंधित रास्तों पर जाने से बचें. पर्यटन सीजन में आमेर किला, चारदीवारी के बाजारों और ऐतिहासिक व धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं. इससे मुख्य सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है और जाम की स्थिति बन सकती है. इसे देखते हुए पुलिस ने पर्यटक बसों की पार्किंग से लेकर मालवाहक वाहनों के प्रवेश और सामान्य यातायात के रूट में बदलाव की व्यवस्था की है.
10 और 11 अक्टूबर को पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए जयपुर पुलिस ने कई मार्गों पर बदलाव किया है.
चारदीवारी में बड़ी पर्यटक बसों की पार्किंग रामनिवास बाग में होगी
चारदीवारी क्षेत्र में आने वाली बड़ी पर्यटक बसों को रामनिवास बाग पार्किंग में खड़ा किया जाएगा. मालवाहक वाहनों को चारदीवारी में प्रवेश की अनुमति केवल रात 11 बजे से सुबह 7 बजे तक मिलेगी. रूट परमिट वाली बसों, मिनी बसों और सिटी बसों को जरूरत के अनुसार दूसरे समानांतर रास्तों से चलाया जाएगा. चारदीवारी के व्यापारियों से भी अपील की गई है कि वे अपने वाहन सड़क पर खड़े करने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करें. इसके लिए जेडीए की रामनिवास बाग भूमिगत पार्किंग, चौगान स्टेडियम के निर्धारित पार्किंग स्थल और आतिश मार्केट के अंदर बनी पार्किंग का इस्तेमाल किया जा सकता है.
चारदीवारी में इन रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
बड़ी चौपड़ से सुभाष चौक: इस मार्ग पर सामान्य यातायात सड़क के दोनों तरफ से संचालित किया जाएगा.
सुभाष चौक से बड़ी चौपड़: इस तरफ आने वाले वाहनों को सुभाष चौक से डायवर्ट करके चार दरवाजा और घोड़ा निकास रोड होते हुए रामगंज चौपड़ की तरफ भेजा जाएगा.
बांदरवाल गेट से प्रवेश: यहां से आने वाले वाहन नगर परिषद की मोरी, सार्दुल सिंह की नाल और गंगौरी बाजार की तरफ जा सकेंगे.
गंगौरी बाजार से सिटी पैलेस: गंगौरी बाजार से सार्दुल सिंह की नाल होते हुए सिटी पैलेस की तरफ जाने वाला यातायात पूरी तरह बंद रहेगा. इसलिए चारदीवारी क्षेत्र में जाने वाले वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले अपने रास्ते की जानकारी जरूर कर लें.
आमेर फोर्ट जाने वाले पर्यटकों को इस रूट से जाना होगा
आमेर क्षेत्र में भी पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए विशेष यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी. दिल्ली रोड से आमेर फोर्ट जाने वाले पर्यटक वाहनों को आमेर तिराहा से धोबीघाट चौराहा, रामगढ़ मोड़ और आमेर रोड होते हुए किले तक भेजा जाएगा. रामगढ़ मोड़ से आमेर की तरफ सामान्य यातायात चलता रहेगा, लेकिन जयगढ़ टी-पॉइंट से रामगढ़ मोड़ की तरफ वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी. जयगढ़ टी-पॉइंट से यातायात केवल आमेर की तरफ संचालित किया जाएगा. इसी तरह आमेर से रामगढ़ मोड़ की तरफ जाने वाले वाहनों को भी अनुमति नहीं होगी. आमेर तिराहा से आमेर गांधी चौक की तरफ यातायात नहीं जा सकेगा. वहीं, आमेर से जयपुर शहर आने वाले वाहनों को आमेर तिराहा, दिल्ली रोड, गलता गेट चौराहा और ट्रांसपोर्ट नगर चौराहा होते हुए शहर में प्रवेश दिया जाएगा.
पर्यटकों और आमजन से पुलिस ने की ये अपील
पर्यटकों की सुविधा के लिए पुरातत्व विभाग की ओर से तैयार की जा रही परिधियों को अस्थायी रूप से पार्किंग के रूप में इस्तेमाल करने का प्रस्ताव भी है. इससे आमेर क्षेत्र में वाहनों को खड़ा करने के लिए अतिरिक्त जगह मिल सकेगी. पुलिस प्रशासन के अनुसार, इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य चारदीवारी और आमेर में भीड़ के कारण लगने वाले जाम को रोकना और लोगों की आवाजाही आसान बनाना है. नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित डायवर्जन मार्गों का पालन करें और प्रतिबंधित रास्तों पर वाहन लेकर न जाएं. 10 और 11 अक्टूबर को आमेर फोर्ट या चारदीवारी क्षेत्र में घूमने जाने वाले पर्यटक संभव हो तो सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें. निजी वाहन से आने वाले लोग निर्धारित पार्किंग में ही गाड़ी खड़ी करें. इससे न केवल जाम से बचने में मदद मिलेगी, बल्कि पर्यटन स्थलों तक पहुंचना भी आसान रहेगा.



