ब्रेन फॉग क्या है? बार-बार भूलने और ध्यान न लगने के पीछे हो सकती हैं ये वजहें

कभी ऐसा हुआ है कि आप किसी काम के लिए कमरे में गए, लेकिन वहां पहुंचकर भूल गए कि करना क्या था? या किसी से बात करते समय सही शब्द याद नहीं आया और काम पर ध्यान लगाना भी मुश्किल हो गया? अगर ऐसा कभी-कभी होता है, तो इसकी वजह थकान या ध्यान भटकना हो सकती है. लेकिन जब दिमाग में लगातार धुंध-सी महसूस हो और सोचने-समझने में परेशानी होने लगे, तो इसे ब्रेन फॉग कहा जाता है.
University College London Hospitals (NHS) के अनुसार, ब्रेन फॉग कोई अलग बीमारी नहीं, बल्कि कुछ लक्षणों को बताने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला शब्द है. इसमें व्यक्ति को स्पष्ट रूप से सोचने, ध्यान लगाने, जानकारी याद रखने या फैसले लेने में परेशानी हो सकती है. कुछ लोगों को मानसिक थकान महसूस होती है, जबकि दूसरों को लगता है कि उनका दिमाग पहले की तरह तेजी से काम नहीं कर रहा. क्लीवलैंड क्लिनिक के मुताबिक, ब्रेन फॉग रोजमर्रा के कामों, बातचीत और निर्देशों को समझने जैसी गतिविधियों को भी मुश्किल बना सकता है.
ब्रेन फॉग होने की क्या वजहें हैं?
1. नींद की कमी: पर्याप्त नींद न लेने या बार-बार नींद टूटने से ध्यान और याददाश्त प्रभावित हो सकती है. अगर आप देर रात तक फोन इस्तेमाल करते हैं या आपकी नींद पूरी नहीं होती, तो दिन में दिमाग सुस्त महसूस हो सकता है.
2. तनाव और चिंता: लंबे समय तक तनाव में रहने से किसी काम पर ध्यान केंद्रित करना और जानकारी याद रखना मुश्किल हो सकता है. चिंता के कारण भी दिमाग बार-बार दूसरी बातों में उलझ सकता है.
3. खानपान और पोषण की कमी: अनियमित भोजन, शरीर में पानी की कमी और विटामिन बी12 या आयरन जैसे पोषक तत्वों की कमी कुछ लोगों में थकान और एकाग्रता से जुड़ी समस्याओं में योगदान दे सकती है.
4. स्वास्थ्य समस्याएं और दवाएं: थायरॉइड की समस्या, कुछ संक्रमण, हार्मोनल बदलाव और कुछ दवाओं के दुष्प्रभाव भी ब्रेन फॉग जैसे लक्षणों से जुड़े हो सकते हैं. कोविड-19 के बाद भी कुछ लोगों को लंबे समय तक ध्यान और याददाश्त से जुड़ी परेशानी हो सकती है.
ब्रेन फॉग से बचने के लिए क्या करें?
सबसे पहले अपनी नींद और दिनचर्या पर ध्यान दें. नियमित समय पर सोएं और जागें, संतुलित भोजन करें, पर्याप्त पानी पिएं और शारीरिक गतिविधि के लिए समय निकालें. काम करते समय छोटे ब्रेक लेना और जरूरी चीजों की सूची बनाना भी मददगार हो सकता है.



