‘दृश्यम 3’ के मुरीद हुए मोहनलाल, अजय देवगन की फिल्म की तारीफ में जमकर पढ़े कसीदे, कहा- शानदार अंत

Last Updated:October 12, 2026, 21:29 IST
मलयालम फ्रेंचाइजी ‘दृश्यम’ में जॉर्जकुट्टी का आइकॉनिक रोल निभाने वाले मोहनलाल ने अजय देवगन की ‘दृश्यम: द कंक्लूजन’ देख ली और अब उन्होंने फिल्म की खुलकर तारीफ की है. उन्होंने कहा कि हिंदी टीम ने इस सफर को बहुत ही शानदार तरीके से जिस सही अंजाम तक पहुंचाया है, वो काबिले तारीफ है. वहीं, बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म का तूफान जारी है, जहां ‘दृश्यम 3’ 10 दिनों में दुनियाभर में करीब 480 करोड़ का बिजनेस कर चुकी है.
ख़बरें फटाफट
अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ ताबड़तोड़ कमाई कर रही है. (फोटो साभार: सैकनिल्क)
नई दिल्ली. बॉलीवुड स्टार अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम: द कंक्लूजन’ बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रही है. यह साल 2026 की हाईएस्ट ग्रोसिंग फिल्मों में शुमार हो चुकी है. अब ‘दृश्यम’ की ओरिजिनल मलयालम फ्रेंचाइजी में जॉर्जकुट्टी का रोल निभाने वाले सुपरस्टार मोहनलाल ने हिंदी मूवी ‘दृश्यम 3’ देखने के बाद इसकी जमकर सराहना की है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए फिल्म की पूरी टीम को बधाई दी है.
मोहनलाल ने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा, ‘मैंने ‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ देखी और जिस खूबसूरती से उन्होंने इस सफर को एक शानदर अंत तक पहुंचाया है, उससे मैं बेहद प्रभावित हूं. अभिषेक पाठक, कुमार मंगत पाठक, अजय देवगन और पूरी टीम को इस शानदार काम के लिए बहुत-बहुत बधाई.’ यहां पर देखिए मोहनलाल का वीडियो…
ओरिजिनल से अलग बनी ‘दृश्यम 3’ की कहानी
पिछले कई सालों से मलयालम ‘दृश्यम’ की अपनी एक अलग और जबरदस्त फैन फॉलोइंग रही है, जहां मोहनलाल का किरदार जॉर्जकुट्टी भारतीय सिनेमा के सबसे यादगार किरदारों में से एक बन चुका है. हालांकि, हिंदी फ्रेंचाइजी ने मलयालम के तीसरे पार्ट को सीधे कॉपी करने के बजाय अपनी एक अलग कहानी गढ़ी है. कई दर्शकों का तो यहां तक कहना है कि हिंदी मूवी का क्लाइमैक्स, मलयालम फिल्म से भी ज्यादा दमदार है.
देश-विदेश में बजा दृश्यम: द कंक्लूजन’ का डंका
बॉक्स ऑफिस पर ‘दृश्यम: द कंक्लूजन’ का जलवा बरकरार है और फिल्म की कमाई थमने का नाम नहीं ले रही. थिएटर्स में इस मूवी को देखने के लिए दर्शक बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं, जिसका असर बॉक्स ऑफिस पर साफ नजर आ रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘दृश्यम द कंक्लूजन’ ने दुनियाभर में 10 दिनों में 479.80 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर चुकी है, जबकि सिर्फ भारत में ही इसका ग्रोस कलेक्शन 370.80 करोड़ तक पहुंच गया है.
दृश्यम: द कंक्लूजन’ की दमदार स्टारकास्ट
बताते चलें कि अजय देवगन ‘दृश्यम 3’ में एक बार फिर विजय सालगांवकर के अपने आइकॉनिक रोल में लौटे हैं, जो अपनी फैमिली को बचाने के लिए हर बार पुलिस को चकमा देने में माहिर है. उनके साथ तब्बू ने मीरा देशमुख के रूप में वापसी की है, जबकि श्रिया सरन फिर से नंदिनी के किरदार में नजर आ रही हैं. इनके अलावा फिल्म में जयदीप अहलावत, प्रकाश राज, रजत कपूर, कमलेश सावंत, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव जैसे सितारों की दमदार टोली मौजूद है.
About the AuthorKamta PrasadSenior Sub Editor
कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
October 12, 2026, 21:29 IST



