Siliserh Lake: अलवर की सिलीसेढ़ झील में मगरमच्छों का कुनबा बढ़ा, पर्यटकों के लिए सावधान रहने का संकेत

Last Updated:October 18, 2026, 12:29 IST
Siliserh Lake: अलवर की सिलीसेढ़ झील के बीचोंबीच विशालकाय मगरमच्छ दिखाई देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. क्रोकोडाइल्स पॉइंट पर बढ़ते मगरमच्छों के कुनबे और झील में उनकी मौजूदगी के बीच वोटिंग करने आने वाले पर्यटकों को सतर्क रहने की जरूरत है.
अलवर. जिले की खूबसूरत सिलीसेढ़ झील इन दिनों मगरमच्छों की मौजूदगी को लेकर चर्चा में है, झील के समीप स्थित क्रोकोडाइल्स पॉइंट पर मगरमच्छों का कुनबा बढ़ने के बीच अब झील के बीचोंबीच भी विशालकाय मगरमच्छ दिखाई देने लगे हैं. हाल ही में झील के बीच बने टावर के नीचे पानी में जाता हुआ एक मगरमच्छ नजर आया. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, झील के बीचोंबीच मगरमच्छ दिखाई देने के बाद यहां आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में सिलीसेढ़ झील के बीच बने टावर के नीचे एक विशालकाय मगरमच्छ पानी में जाता हुआ दिखाई दे रहा है. झील के बीच इस तरह मगरमच्छ की मौजूदगी पर्यटकों के लिए सतर्क रहने का संकेत है. खास बात यह है कि सिलीसेढ़ झील में बाहर से आने वाले पर्यटक वोटिंग का आनंद लेने भी पहुंचते हैं. ऐसे में झील के पानी में मगरमच्छों की मौजूदगी को नजरअंदाज करना जोखिम भरा हो सकता है.
फोटो और वीडियो बनाने के चक्कर में न करें लापरवाही
मौसम में बदलाव और सर्दी की शुरुआत के साथ मगरमच्छ अक्सर धूप सेंकने के लिए पानी से बाहर निकल आते हैं. ऐसे में झील के किनारे और आसपास घूमने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. मगरमच्छ प्राकृतिक रूप से इस जल क्षेत्र में रहते हैं, इसलिए इनके आसपास घूमते समय पर्यटकों को अपनी सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए. झील में मगरमच्छ दिखाई देने पर कई बार लोग उन्हें करीब से देखने, फोटो खींचने और वीडियो बनाने की कोशिश करते हैं. ऐसा करना खतरनाक साबित हो सकता है. मगरमच्छ की गतिविधियों का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है और नजदीक जाने पर जान का खतरा भी हो सकता है.
पर्यटकों को मगरमच्छों से उचित दूरी बनाए रखनी चाहिए. उन्हें छेड़ने, खाना खिलाने या उनके बेहद करीब खड़े होकर फोटो और वीडियो बनाने से बचना चाहिए, झील के किनारे घूमते समय भी सतर्कता जरूरी है. सिलीसेढ़ झील अपनी प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन गतिविधियों के लिए जानी जाती है. यहां आने वाले पर्यटकों को खूबसूरत नजारों का आनंद लेने के साथ सुरक्षा नियमों का भी पालन करना चाहिए. खासकर वोटिंग के दौरान सावधानी बरतना जरूरी है. मगरमच्छों की मौजूदगी को देखते हुए पर्यटकों को सुरक्षित दूरी बनाए रखनी चाहिए और किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहिए.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Alwar,Rajasthan
First Published :
October 18, 2026, 12:29 IST



