AI in School Education: पढ़ाई में एआई का सही इस्तेमाल कैसे करें? 80/20 रूल बनाएगा बच्चों को जीनियस

नई दिल्ली (AI in Education). आज का दौर डिजिटल क्रांति का है. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जीवन के हर पहलू को तेजी से बदल रहा है. इस बदलाव का असर बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और सीखने की आदतों पर भी दिख रहा है. AI टूल्स बच्चों को उनकी पसंद और जरूरत के हिसाब से पढ़ा रहे हैं, उनके कठिन सवालों के जवाब तुरंत दे रहे हैं और मुश्किल विषयों को आसानी से समझा रहे हैं. लेकिन हर सिक्के के 2 पहलू होते हैं. टेक्नोलॉजी का दखल जितने अवसर लेकर आया है, उतने ही खतरे और चुनौतियां भी बढ़ रही हैं.
पाथ एआई टेक्नोलॉजी के फाउंडर और सीईओ डॉ. कनिष्क अग्रवाल के अनुसार, शिक्षा में AI का उद्देश्य बच्चों को सिर्फ तेजी से जवाब देना नहीं, बल्कि उनमें खुद सोचने की क्षमता, ज्ञान और संवेदनशीलता डेवलप करना है. कई लोग कंफ्यूज हैं कि AI बच्चों को स्मार्ट बना रहा है या आलसी? जब बच्चे हर सवाल का हल एआई से ढूंढने लगेंगे तो उनकी सोचने और समस्याओं को सुलझाने की क्षमता पर क्या असर पड़ेगा? जानिए शिक्षा में एआई के अवसर, नुकसान और डिजिटल सुरक्षा के बीच सही बैलेंस बनाने के बेस्ट तरीके.
शुरुआती पढ़ाई-लिखाई में एआई की एंट्री
मौजूदा दौर एआई का है. बच्चे हों या बड़े, सभी अपने छोटे-मोटे कामों के लिए एआई का सहारा ले रहे हैं. बच्चे एआई ट्यूटर से पढ़ाई कर रहे हैं, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से होमवर्क कर रहे हैं और प्रोजेक्ट के लिए भी इसी की मदद ले रहे हैं. एआई के दौर में जानिए सही बैलेंस बनाने के एक्सपर्ट टिप्स.
एजुकेशन में एआई के फायदे
शुरुआती शिक्षा में एआई का इस्तेमाल करने के कई फायदे हैं. अगर इसका सही इस्तेमाल किया जाए तो बच्चों और शिक्षकों, सभी को इससे फायदा मिल सकता है. जानिए शिक्षा में एआई के फायदे:
पर्सनल लर्निंग: हर बच्चे की अपनी स्पीड से पढ़ाई
क्लासरूम में अक्सर सभी बच्चों को एक ही स्पीड से पढ़ाया जाता है. इससे कुछ बच्चे पीछे छूट जाते हैं. AI प्लेटफॉर्म्स ने यह ढर्रा बदल दिया है:
कस्टमाइज्ड पढ़ाई: एआई बच्चे की क्षमता और सीखने की स्पीड को समझकर स्टडी मटीरियल तैयार करता है.
शिक्षकों के लिए मददगार: एआई टूल्स की मदद से टीचर्स हर बच्चे की कमजोरी पहचान सकते हैं और कमजोर स्टूडेंट्स के लिए स्पेशल टीचिंग मेथड अपना सकते हैं.
जिज्ञासा और क्रिएटिविटी: विजुअल और इंटरैक्टिव कंटेंट की मदद से बच्चे साइंस, कोडिंग और नई भाषाएं खेल-खेल में सीख रहे हैं.
एआई पर बढ़ती निर्भरता: सोचने-समझने की क्षमता पर खतरा
अगर बच्चे हर काम के लिए एआई टूल्स की मदद लेने लगेंगे तो उनके दिमागी विकास पर बुरा असर पड़ सकता है.
खुद प्रयास करने की आदत छोड़ना: होमवर्क या प्रोजेक्ट मिलते ही बच्चे खुद सोचने के बजाय एआई से जवाब जनरेट कर लेते हैं. Fससे उनकी प्रॉब्लम-सॉल्विंग स्किल प्रभावित हो रही है.
गलत जानकारी का रिस्क: एआई हमेशा 100% सही नहीं होता. छोटे बच्चे सही और गलत जानकारी के बीच फर्क नहीं कर पाते और गलत फैक्ट्स को ही सच मान लेते हैं.
इंसानी जुड़ाव की कमी: शिक्षकों और दोस्तों के साथ बातचीत कम होने से बच्चों का सोशल और इमोशनल डेवलपमेंट धीमा पड़ सकता है.
हेल्थ और स्क्रीन टाइम का बिगड़ता बैलेंस
पढ़ाई के नाम पर लगातार स्क्रीन से चिपके रहने के गंभीर परिणाम सामने आ रहे हैं. समय रहते इन पर ध्यान देना जरूरी है:
फिजिकल हेल्थ पर असर: लंबे स्क्रीन टाइम से आंखों की रोशनी कमजोर होना, सिरदर्द और नींद न आने जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं.
आउटडोर गेम्स से दूरी: डिजिटल दुनिया में व्यस्त रहने के कारण बच्चे आउटडोर गेम्स, किताबें पढ़ने और दोस्तों के साथ शारीरिक रूप से वक्त बिताने से दूर हो रहे हैं.
डिजिटल सिक्योरिटी एंड प्राइवेसी: पेरेंट्स की बड़ी जिम्मेदारी
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर बच्चों की पर्सनल डिटेल्स और डेटा सिक्योरिटी सबसे बड़ी चिंता का विषय हैं:
डेटा प्राइवेसी: कई ऐप्स बच्चों की लोकेशन, नाम और सर्च हिस्ट्री सेव कर लेते हैं. माता-पिता को चेक करना चाहिए कि बच्चे किन ऐप्स का इस्तेमाल कर रहे हैं.
सिक्योर ऑनलाइन हैबिट्स: बच्चों को सिखाएं कि वे कभी भी किसी अनजान प्लेटफॉर्म पर अपना नाम, फोटो, फोन नंबर या पासवर्ड शेयर न करें.
स्कूलों की भूमिका: स्कूलों को एआई के इस्तेमाल के लिए सख्त गाइडलाइंस बनानी चाहिए और साइबर सेफ्टी पर अवेयरनेस सेशन आयोजित करने चाहिए.
एआई को बनाएं मददगार, न कि दिमागी कसरत का ऑप्शन
टेक्नोलॉजी कभी भी इंसानी शिक्षक और खुद की सोच का ऑप्शन नहीं बन सकती. बच्चों के लिए ’80/20 रूल’ लागू करें. इसका मतलब है कि किसी भी असाइनमेंट या सवाल को हल करने के लिए बच्चा पहले 80% दिमाग खुद लगाएगा और समस्या को सुलझाने की कोशिश करेगा. केवल आखिरी 20% हिस्से यानी रिफाइनमेंट, रिसर्च या आइडिया लेने के लिए ही एआई की मदद ली जाए.



