Google Search में बड़ा बदलाव! AI Overviews और AI Mode के जवाबों में अब मिलेंगे डायरेक्ट लिंक

गूगल ने अपने Search प्लेटफॉर्म के AI Overviews और AI Mode में नए बदलावों का ऐलान किया है. इन अपडेट्स का मकसद AI से मिलने वाले जवाबों के साथ उनके सोर्स को ढूंढना और उन पर भरोसा करना आसान बनाना है. अब यूजर्स को AI के जवाबों में ही संबंधित वेबसाइटों के क्लिक करने योग्य लिंक मिलेंगे. इसके अलावा, कंपनी आधिकारिक वेबसाइटों को प्रमुखता से दिखाने और किसी सोर्स को चुनने की वजह बताने जैसे फीचर्स पर भी काम कर रही है.
Google के मुताबिक, इन बदलावों से यूजर्स AI से मिले छोटे जवाबों से आगे बढ़कर किसी विषय पर ज्यादा जानकारी हासिल कर सकेंगे. हालांकि, AI Overviews के कारण पहले से ही वेबसाइटों पर आने वाले ट्रैफिक को लेकर पब्लिशर्स की चिंता बनी हुई है.
AI Overviews और AI Mode में मिलेंगे डायरेक्ट लिंक
गूगल के ब्लॉग पोस्ट के मुताबिक, अब AI Overviews और AI Mode में जवाबों के बीच ही वेबसाइटों के लिंक दिए जाएंगे. इससे यूजर्स को किसी जानकारी के मूल सोर्स तक पहुंचने के लिए अलग से सर्च करने या ज्यादा नीचे स्क्रॉल करने की जरूरत कम पड़ेगी.
कंपनी AI Mode में जवाब के सबसे ऊपर आधिकारिक वेबसाइटों के लिए एक अलग सेक्शन दिखाने का भी टेस्ट कर रही है. इसमें यूजर्स को प्राथमिक सोर्स तक पहुंचने में मदद मिलेगी. साथ ही, यह भी बताया जाएगा कि किसी खास वेबसाइट को सोर्स के तौर पर क्यों चुना गया है और उस लिंक पर क्लिक करने से किस तरह की अडिशनल जानकारी मिल सकती है.
‘Dive deeper’ सेक्शन से मिलेगी ज्यादा जानकारी
Google AI Overviews और AI Mode में बड़े और ज्यादा प्रमुख कैरोसेल को और क्षेत्रों और भाषाओं तक पहुंचा रहा है. कंपनी यूजर्स के पसंदीदा सोर्स से जानकारी दिखाने की सुविधा भी बढ़ा रही है.
इसके अलावा, नया ‘Dive deeper’ सेक्शन भी जोड़ा गया है. इसमें संबंधित सोर्स और वेबसाइटों के लिंक होंगे, जिनकी मदद से यूजर्स AI से मिले सारांश से आगे बढ़कर किसी विषय को विस्तार से समझ सकते हैं.
AI Mode में क्रिएटर्स और पब्लिशर्स के नाम भी होंगे क्लिकेबल
गूगल ने AI Mode के वीडियो रिजल्ट में क्रिएटर्स और पब्लिशर्स के नाम को क्लिक करने योग्य बनाने की सुविधा भी जोड़ी है. इससे यूजर्स को वीडियो बनाने वाले क्रिएटर या उसे पब्लिश करने वाले सोर्स के बारे में ज्यादा जानकारी मिल सकेगी.
इन बदलावों से Google Search पर जानकारी खोजना और उसके मूल सोर्स तक पहुंचना आसान हो सकता है. यूजर्स को एक ही जगह AI से तैयार सारांश, संबंधित वेबसाइटों के लिंक और ज्यादा जानकारी पढ़ने के विकल्प मिलेंगे.
हालांकि, इन फीचर्स का वेबसाइट पब्लिशर्स पर क्या असर पड़ेगा, यह देखना बाकी है. AI Overviews में ही जवाब मिलने से कुछ यूजर्स को पूरी वेबसाइट खोलने की जरूरत नहीं पड़ती. ऐसे में नए बदलावों के बावजूद वेबसाइटों पर आने वाले ट्रैफिक को लेकर सवाल बने रह सकते हैं.



