Rajasthan

आपके WhatsApp पर ठगों की नजर, अकाउंट हैक कर दोस्तों से मांगेंगे पैसे, बचने का तरीका जानें

जयपुर. वाट्सएप इस्तेमाल करने वालों के लिए साइबर ठगी का नया खतरा सामने आया है. साइबर ठग फर्जी क्यूआर कोड, लिंक और ओटीपी के जरिए लोगों के वाट्सएप अकाउंट पर कब्जा कर रहे हैं. इसके बाद वे अकाउंट में मौजूद संपर्कों को मैसेज भेजकर इलाज, इमरजेंसी या किसी दूसरी परेशानी का बहाना बनाते हैं और पैसों की मांग करते हैं. राजस्थान पुलिस की R-4-C साइबर क्राइम शाखा ने इस तरह की ठगी से बचने के लिए एडवाइजरी जारी की है.

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर जारी एडवाइजरी में अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस साइबर क्राइम वीके सिंह ने बताया कि ठग लोगों को अलग-अलग तरीकों से अपने जाल में फंसाते हैं. वे दोस्त, अधिकारी या कस्टमर सपोर्ट कर्मचारी बनकर ओटीपी, वेरिफिकेशन कोड और टू-स्टेप वेरिफिकेशन पिन मांग सकते हैं. कई बार लोगों को अनजान क्यूआर कोड स्कैन करने या संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने के लिए भी कहा जाता है.

राजस्थान पुलिस ने वाट्सएप अकाउंट हैक कर पैसों की ठगी करने वाले साइबर अपराधियों से बचने के लिए लोगों को सतर्क किया है

ऐसे अकाउंट में सेंध लगाते हैं ठग

साइबर ठग फर्जी क्यूआर कोड या लिंक के जरिए आप केवाट्सएप को किसी दूसरे डिवाइस से लिंक कर सकते हैं. इसके बाद वे आपके अकाउंट से मैसेज भेज सकते हैं. कुछ मामलों में ठग लोगों को रिमोट एक्सेस या स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड करवाकर मोबाइल तक पहुंच बनाने की कोशिश करते हैं. इसलिए किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर कोई ऐप डाउनलोड न करें और न ही अपने फोन की स्क्रीन शेयर करें.

वाट्सएप हैक होने के ये संकेत पहचानें

अगर आपके वाट्सएप अकाउंट से आपकी जानकारी के बिना मैसेज भेजे जा रहे हैं, तो सतर्क हो जाएं. इसी तरह, लिंक्ड डिवाइस में कोई अनजान डिवाइस दिखाई देना, बिना मांगे ओटीपी आना, अचानक वाट्सएप से लॉगआउट हो जाना या परिचितों का आपके अकाउंट से पैसे मांगने वाले मैसेज मिलने की जानकारी देना भी खतरे के संकेत हो सकते हैं.

अकाउंट सुरक्षित रखने के लिए क्या करें?

• किसी अनजान व्यक्ति या संदेश से मिले क्यूआर कोड को स्कैन न करें.

• वाट्सएप में टू-स्टेप वेरिफिकेशन चालू रखें और मजबूत PIN बनाएं.

• ओटीपी, रजिस्ट्रेशन कोड या वेरिफिकेशन PIN किसी के साथ साझा न करें.

• लिंक्ड डिवाइस की नियमित जांच करें और अनजान डिवाइस को लॉगआउट करें.

• मोबाइल और वाट्एस को अपडेट रखें. संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने से बचें.

• कोई परिचित अचानक पैसे मांगे, तो पहले फोन कॉल करके उसकी पहचान की पुष्टि करें.

वाट्सएप अकाउंट हैक हो जाए तो क्या करें?

अगर अकाउंट हैक होने का शक हो, तो वाट्सएप की सेटिंग में जाकर लिंक्ड डिवाइस की जांच करें और अनजान डिवाइस को लॉगआउट कर दें. इसके बाद अपने मोबाइल नंबर से वाट्सएप दोबारा रजिस्टर करें. टू-स्टेप वेरिफिकेशन और ईमेल की सुरक्षा भी जांचें. अपने संपर्कों को दूसरे माध्यम से बता दें कि आपके अकाउंट से संदिग्ध मैसेज आ सकते हैं.

यहां करें साइबर ठगी की शिकायत

राजस्थान पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने या इसकी कोशिश किए जाने पर तुरंत शिकायत करें. इसके लिए नजदीकी पुलिस थाने या साइबर पुलिस थाने में सूचना दी जा सकती है. ऑनलाइन शिकायत के लिए cybercrime.gov.in पर जाएं या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें. राजस्थान पुलिस की साइबर हेल्पडेस्क के नंबर- 9256001930 और 9257510100 भी जारी किए गए हैं.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj