बहू ने संभाली ससुर की शादी की जिम्मेदारी, बारात में जमकर मारे लटके-झटके, अनोखा है ये भोजपुरी गाना

Last Updated:October 23, 2026, 18:52 IST
भोजपुरी गानों और फिल्मों में हमेशा से ही अनोखे और हटके विषयों का तड़का देखने को मिलता है. ऐसा ही एक बेहद दिलचस्प और मजेदार कॉन्सेप्ट एक्ट्रेस काजल राघवानी के गाने ‘मैं बिजी हूं’ में देखने को मिला, जहां एक बहू अपने ससुर की शादी की तैयारियों में जुटी नजर आती है. साल 2024 की फिल्म ‘सास नंबरी बहू दस नंबरी’ के इस गाने और इसके अनूठे कॉन्सेप्ट ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया है.
ख़बरें फटाफट
काजल राघवानी का भोजपुरी गाना वायरल. (फोटो साभार: यूट्यूब ग्रैब)
नई दिल्ली. भोजपुरी गानों का अपना अलग ही मजेदार अंदाज होता है, जिसे हर कोई पसंद करता है. ऐसा ही एक गाना इन दिनों खूब चर्चा में हैं, जिसमें हंसी-मजाक, शादी का माहौल और देसी मस्ती का तड़का लगा है. इस गाने में कोई और नहीं, बल्कि भोजुपरी सिनेमा की क्वीन काजल राघवानी ने अपना जलवा बिखेरा है. हम जिस गाने की बात कर रहे हैं उसका नाम है- मैं बिजी हूं’. आम तौर पर शादी के गानों में दूल्हा-दुल्हन या देवर-भाभी की नोंक-झोंक देखने को मिलती है, लेकिन इस सॉन्ग में एक बहू अपनी नहीं, बल्कि अपने ससुर की दूसरी शादी की तैयारियों में जुटी नजर आती है.
साल 2024 में आई फिल्म ‘सास नंबरी बहू दस नंबरी’ का यह गाना अपने अलग विषय की वजह से दर्शकों के बीच खूब लोकप्रिय हुआ. गाने के बैकग्राउंड और विजुअल्स में दिखाया गया है कि बहू घर के तमाम कामकाज निपटाने के साथ-साथ ससुर के विवाह का जिम्मा संभाले हुए है. मेहमानों को न्योता भेजने से लेकर हल्दी का उबटन तैयार करने तक, हर रस्म की डोर उसी के हाथ में है.
ससुर की बारात में झूमकर नाची बहू
बहू फोन पर बात करते हुए अपनी व्यस्तता का रोना रोती है कि ससुर की शादी के चक्कर में उसे सांस लेने की भी फुर्सत नहीं मिल रही. जैसे-जैसे रस्में आगे बढ़ती हैं, गानों में ठहाके और हुड़दंग भी बढ़ता जाता है. बारात के वक्त जब बेटा और बहू एक साथ ढोल की थाप पर थिरकते हैं, तो यह नजारा पूरे परिवार को हंसने पर मजबूर कर देता है.
प्रियंका सिंह और ओम झा ने गाने को दी आवाज
फिल्म के इस एंटरटेनिंग ट्रैक को प्रियंका सिंह और संगीतकार ओम झा ने अपनी आवाज से सजाया है. गाने के मजेदार बोल अरविंद तिवारी ने लिखे हैं, जबकि फिल्म का निर्देशन अनिल नैनन ने संभाला है. पारिवारिक ताने-बाने को हास्य के रंग में ढालने की यह कोशिश पर्दे पर बेहद असरदार साबित हुई.
काजल राघवानी की भोजपुरी फिल्में
बता दें कि काजल राघवानी भोजपुरी सिनेमा में बड़ा नाम हैं. हाल ही में वह ‘राइज एंड फॉल 2’ में नजर आईं, लेकिन वह जल्द ही रियलिटी शो से बाहर हो गईं. उन्होंने साल 2009 में गुजराती फिल्मों से अभिनय की शुरुआत की थी. इसके बाद 2011 में फिल्म ‘सुगना’ से उन्होंने भोजपुरी इंडस्ट्री में कदम रखा. खेसारी लाल यादव के साथ उनकी जोड़ी को दर्शकों ने सिर-आंखों पर बैठाया. वह ‘प्रतिज्ञा 2’, ‘पटना से पाकिस्तान’, ‘मेहंदी लगा के रखना’ और ‘हुकूमत’ जैसी कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों में अपनी अदाकारी का जादू चला चुकी हैं. काजल की सोशल मीडिया पर भी तगड़ी फैन फॉलोइंग है.
About the AuthorKamta PrasadSenior Sub Editor
कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
October 23, 2026, 18:52 IST



