दिवाली की खुशियों में आंखों को न पहुंचाएं नुकसान, पटाखे जलाते समय इन बातों का रखें ध्यान

Last Updated:October 27, 2026, 06:32 IST
दिवाली पर पटाखे जलाते समय आंखों की सुरक्षा बेहद जरूरी है. जौनपुर की नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. आकांक्षा यादव ने बच्चों को बड़ों की निगरानी में पटाखे जलाने और आंख में चोट लगने पर तुरंत अस्पताल पहुंचने की सलाह दी है. जानें पटाखों से आंखों को बचाने के जरूरी उपाय.
जौनपुर: दिवाली पर पटाखे जलाने का उत्साह बच्चों से लेकर बड़ों तक में रहता है. लेकिन थोड़ी सी लापरवाही आंखों के लिए भारी पड़ सकती है. पटाखों से निकलने वाली चिंगारी या बारूद आंखों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है. ऐसे में पटाखे जलाते समय सावधानी बरतना बेहद जरूरी है. नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. आकांक्षा यादव ने बताया कि दिवाली पर पटाखे जलाते समय बच्चों का विशेष ध्यान रखना चाहिए. उन्हें कभी भी अकेले पटाखे जलाने नहीं देना चाहिए.
बच्चों को बड़ों की निगरानी में ही जलाने दें पटाखे
डॉ. आकांक्षा यादव ने बताया कि बच्चों को हमेशा बड़ों की निगरानी में ही पटाखे जलाने चाहिए. पटाखे जलाते समय सुरक्षित दूरी बनाए रखना जरूरी है. बच्चों को खतरनाक पटाखे, खासकर बम जैसी चीजें नहीं देनी चाहिए. उन्हें हल्के पटाखे भी बड़ों की देखरेख में ही जलाने चाहिए. कई बार बच्चे उत्साह में पटाखे के पास चले जाते हैं, जिससे हादसा हो सकता है. बड़ों को भी पटाखे जलाते समय अपनी सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए. आंखों की सुरक्षा के लिए उचित सुरक्षात्मक उपाय अपनाने चाहिए और पटाखों को बिल्कुल पास से नहीं जलाना चाहिए.
आंख में चोट लगने पर न करें देरी, तुरंत पहुंचें अस्पताल
डॉ. आकांक्षा यादव ने बताया कि पटाखों से आंख में चोट लगना गंभीर मेडिकल इमरजेंसी हो सकती है. कई बार लोग चोट लगने के बाद घर पर ही ठीक होने का इंतजार करते रहते हैं, जबकि ऐसा करना नुकसानदायक हो सकता है. पटाखे की चिंगारी या कोई बाहरी कण आंख में चला जाए तो आंख को रगड़ना नहीं चाहिए. उसमें फंसी किसी चीज को खुद निकालने की कोशिश भी नहीं करनी चाहिए. ऐसी स्थिति में बिना देरी किए अस्पताल पहुंचना चाहिए.
उन्होंने बताया कि पटाखों से आंखों में होने वाली चोट अलग-अलग तरह की हो सकती है. किसी को हल्की चोट लग सकती है, जबकि किसी की आंख को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है. इसलिए चोट को मामूली समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. समय पर इलाज मिलने से नुकसान को कम करने में मदद मिल सकती है.
दिवाली पर खुशियां मनाएं, लेकिन सुरक्षा का रखें ध्यान
डॉ. आकांक्षा यादव ने लोगों से अपील की कि दिवाली पर खुशियां मनाएं, लेकिन सुरक्षा को नजरअंदाज न करें. बच्चों को पटाखे देते समय विशेष सावधानी बरतें और उन्हें खतरनाक पटाखों से दूर रखें. पटाखे जलाते समय जल्दबाजी न करें और किसी भी तरह की आंख की चोट होने पर घरेलू उपचार करने के बजाय तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें. थोड़ी सी सावधानी त्योहार की खुशियों को बरकरार रख सकती है.
About the AuthorVivek Kumar
विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…
और पढ़ेंLocation :
Jaunpur,Jaunpur,Uttar Pradesh
First Published :
October 27, 2026, 06:19 IST



