मां बनने वाली हैं तो करवा चौथ पर न करें ये गलती, 24 घंटे भूखे-प्यासे रहने से हो सकती है परेशानी

फरीदाबाद: करवा चौथ या अहोई अष्टमी पर महिलाएं पूरे दिन व्रत रखती हैं. लेकिन अगर आप प्रेग्नेंट हैं और 24 घंटे तक बिना खाए-पिए रहने की तैयारी कर रही हैं, तो जरा सावधान हो जाइए. आपकी यह आस्था आपकी और गर्भ में पल रहे बच्चे की सेहत पर भारी पड़ सकती है. लंबे समय तक भूखे-प्यासे रहने से शरीर में पानी की कमी, कमजोरी और ब्लड शुगर कम होने जैसी परेशानियां हो सकती हैं. ऐसे में गर्भवती महिलाओं को व्रत रखना चाहिए या नहीं और अगर व्रत रख रही हैं, तो किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है. इस बारे में Local18 ने फरीदाबाद के RG हॉस्पिटल की वुमन हेल्थ स्पेशलिस्ट और ऑब्स्टेट्रिशियन-गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. पलक दीवान से खास बातचीत की.
गर्भवती महिलाएं व्रत रखें या नहीं?
डॉ. पलक दीवान बताती हैं कि अगर कोई महिला प्रेग्नेंट है, तो वह करवा चौथ या अहोई अष्टमी का व्रत रखे, इसकी सलाह मैं नहीं दूंगी. हालांकि, अगर महिला इसके बावजूद व्रत रखना चाहती है, तो उसे फलाहार वाला व्रत रखना चाहिए. इसमें फल, नारियल पानी, छाछ और थोड़े-थोड़े ड्राई फ्रूट्स शामिल कर सकती हैं. हर दो से तीन घंटे में कुछ न कुछ खाते रहना जरूरी है.
बच्चे की सेहत पर क्या पड़ सकता है असर?
डॉक्टर पलक बताती है कि अगर गर्भवती महिला 24 घंटे तक बिना खाए-पिए रहती है, तो उसके साथ गर्भ में पल रहे बच्चे की सेहत पर भी असर पड़ सकता है. लंबे समय तक खाना नहीं मिलने से ब्लड शुगर कम हो सकती है. इससे बच्चे तक पोषक तत्वों की सप्लाई प्रभावित हो सकती है और प्रेग्नेंसी में जटिलताओं का खतरा बढ़ सकता है. पानी की कमी होने पर महिला को कमजोरी और बेहोशी जैसी परेशानी भी हो सकती है.
इन महिलाओं को खास सावधानी बरतने की जरूरत
डॉक्टर पलक बताती हैं कि जिन महिलाओं को पहले से ब्लड शुगर, थायरॉइड या प्रेग्नेंसी से जुड़ी दूसरी हाई रिस्क समस्याएं हैं, उन्हें व्रत रखने से बचना चाहिए. अगर फिर भी व्रत रखने का विचार है, तो पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें.
व्रत के दौरान और खोलते समय क्या करें?
डॉ. पलक के अनुसार गर्भवती महिलाओं को व्रत के दौरान खुद को भूखा-प्यासा नहीं रखना चाहिए. फल, ड्राई फ्रूट्स और दूसरे पौष्टिक खाद्य पदार्थ थोड़ी-थोड़ी मात्रा में लेते रहना चाहिए. ज्यादा गर्मी में जाने और घर के भारी काम करने से बचें. जहां तक संभव हो, आराम करें. व्रत खोलते समय भी हल्का और पौष्टिक खाना लें. नारियल पानी और प्रोटीन वाली चीजें डाइट में शामिल कर सकती हैं. सबसे जरूरी बात यह है कि प्रेग्नेंसी में बच्चे और अपनी सेहत को प्राथमिकता दें.



