ठंड में क्यों बढ़ जाती है खाने की इच्छा? जानें खाने की तलब को कैसे करें कंट्रोल

सर्दियों के मौसम में ज्यादातर लोगों का वेट बढ़ जाता है. इसका कारण सिर्फ ठंड के कारण घटने वाला फिजिकल एक्टिविटी नहीं है. बल्कि ओवरईटिंग भी है, जो कि ठंड के मौसम में बहुत ही कॉमन हो जाता है. इस मौसम में कई लोगों को बार-बार भूख लगती है और गर्मागर्म पराठे, पकौड़े, हलवा, सूप और मिठाइयां खाने का मन करता है. कई बार भरपेट खाना खाने के बाद भी कुछ न कुछ खाने की इच्छा बनी रहती है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि सर्दियों में ऐसा क्यों होता है?
न्यूट्रीवाइब्स वेलनेस क्लिनिक में डायबिटीज एजुकेटर एवं NLP प्रैक्टिशनर और क्लिनिकल डाइटिशियन शिवानी कंडवाल बताती हैं कि इसके पीछे शरीर का तापमान, हार्मोन, नींद, मूड और शारीरिक गतिविधि जैसे कई कारण हो सकते हैं. ठंड में शरीर को अपना तापमान बनाए रखने के लिए ऊर्जा की जरूरत होती है, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि हर व्यक्ति को ज्यादा कैलोरी खानी चाहिए.
सर्दियों में ज्यादा भूख लगने के 5 कारण
ठंड के मौसम में शरीर अपने अंदरूनी तापमान को सामान्य बनाए रखने की कोशिश करता है. इसके लिए ऊर्जा खर्च होती है. हालांकि, अगर आप गर्म कपड़े पहनते हैं और ज्यादातर समय घर के अंदर रहते हैं, तो आपको अतिरिक्त कैलोरी की बहुत ज्यादा जरूरत नहीं होती. इसलिए केवल ठंड लगने के कारण अधिक खाना जरूरी नहीं है.
घ्रेलिन हार्मोन दिमाग को भूख का संकेत देता है, जबकि लेप्टिन पेट भरने का एहसास कराने में मदद करता है. नींद, तनाव और दिनचर्या इन हार्मोन को प्रभावित कर सकते हैं. ऐसे में सर्दियों में धूप कम मिलने से मूड और खाने की इच्छा में भी बदलाव आता है.
ठंड में पराठे, पकौड़े, हलवा और मीठे पकवान खाने का मन ज्यादा करता है. मीठे और ज्यादा फैट वाले खाद्य पदार्थ तुरंत ऊर्जा और स्वाद का आनंद देते हैं. लेकिन इनकी इच्छा होने का मतलब यह नहीं कि शरीर को अतिरिक्त चीनी या फैट की जरूरत है.
सर्दियों में ठंड और छोटे दिनों के कारण लोग टहलना और व्यायाम करना कम कर देते हैं. घर में बैठकर टीवी देखते समय बार-बार कुछ खाने की आदत भी बढ़ सकती है. इससे जरूरत से ज्यादा कैलोरी लेने की संभावना रहती है.
नींद पूरी न होना, देर रात तक मोबाइल चलाना और तनाव भूख को प्रभावित कर सकते हैं. कुछ लोग सर्दियों में उदासी या सुस्ती महसूस करते हैं और ऐसे में आराम पाने के लिए ज्यादा खाने लगते हैं.
सर्दियों में भूख को कैसे कंट्रोल करें?अपनी डाइट में दाल, अंडे, दही, मेवे, हरी सब्जियां, साबुत अनाज और मौसमी फल शामिल करे. गर्म सूप, खिचड़ी और दाल जैसे पौष्टिक व्यंजन पेट भरा रखने में मदद कर सकते हैं. पर्याप्त पानी पिएं, नियमित व्यायाम करें और पूरी नींद लें. अगर पर्याप्त खाना खाने के बाद भी बहुत ज्यादा भूख लगती है और साथ में अत्यधिक प्यास, बार-बार पेशाब आना, अचानक वजन बदलना या लगातार थकान जैसे लक्षण हों, तो डॉक्टर से सलाह लें.
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.



