रणबीर कपूर ने खोला कपूर खानदान का सालों पुराना राज, बताया आखिर क्यों नहीं होती बेटों की तारीफ?

नई दिल्ली. बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर ने कपूर परिवार की एक ऐसी परंपरा के बारे में बात की, जो पीढ़ियों से चली आ रही है. उन्होंने बताया कि इस परिवार में पिता अपने बेटों के काम की खुलकर तारीफ करने से बचते रहे हैं. इसके पीछे वजह बेटों को लगातार बेहतर करने और अपने काम के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित करना रही है. रणबीर ने अपने दादा राज कपूर और परदादा पृथ्वीराज कपूर से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी सुनाया.
रणबीर ने यह किस्सा मेगास्टार अमिताभ बच्चन के साथ टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में बातचीत के दौरान साझा किया.
बेटे की तारीफ क्यों नहीं करते?
रणबीर के कहा, ‘मैंने यह कहानी राज कपूर की किताब में पढ़ी थी. एक बार राज कपूर ने अपने पिता पृथ्वीराज कपूर से पूछा था कि जब उनका बेटा आज इतना बड़ा स्टार बन चुका है और फिल्मों में इतना अच्छा काम कर रहा है, तो वे कभी उनकी तारीफ क्यों नहीं करते? यहां तक कि कभी पीठ थपथपाकर शाबाशी भी नहीं देते.’
रणबीर ने आगे बताया, ‘इस सवाल के जवाब में पृथ्वीराज कपूर ने राज कपूर को एक छोटे बच्चे की कहानी सुनाई थी. उन्होंने कहा कि एक छोटा लड़का सड़क किनारे रस्सी पर संतुलन बनाकर करतब दिखाता था. उसका प्रदर्शन देखने के लिए रोज बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा होते थे. लोग तालियां बजाते, उसे पैसे देते और उसकी जमकर तारीफ करते थे. हर बार करतब खत्म होने के बाद वह बच्चा अपने पिता के पास जाता और उनसे पूछता कि उसका प्रदर्शन कैसा रहा. लेकिन पिता हर बार उसे एक ही जवाब देते थे- ‘कसर रह गई.’ लोगों से इतनी तारीफ मिलने के बावजूद पिता उसे यही समझाते कि उसके प्रदर्शन में अभी सुधार की गुंजाइश बाकी है.’
पापा हमेशा कमी ही क्यों निकालते हैं?
अभिनेता ने बताया, ‘कई सालों तक ऐसा होने के बाद एक दिन उस बच्चे ने अपने पिता से पूछ ही लिया कि जब लोग उसके करतब की इतनी तारीफ करते हैं और उसे इतना अच्छा बताते हैं, तो उसके पिता हमेशा कमी ही क्यों निकालते हैं? इस पर पिता ने जो जवाब दिया, वह काफी गहरी सीख देने वाला था.’
‘तारीफ की तो ध्यान भटक जाएगा’
रणबीर के बताया कि बच्चे के पिता ने उससे कहा था, ‘बेटा, जिस दिन मैं तुम्हारी तारीफ करना शुरू कर दूंगा, उस दिन तुम्हारा लक्ष्य और ध्यान अपने काम से हट जाएगा. तुम अपनी मंजिल पर पहुंचने के बजाय तारीफ में ही खो जाओगे.’ रणबीर की कहा, ‘कपूर परिवार में बच्चों को कामयाबी मिलने के बाद भी लगातार मेहनत करते रहने की सीख दी जाती रही है. परिवार के बड़े तारीफ और वाहवाही के बजाय अपने काम को बेहतर बनाने पर ध्यान देने के लिए प्रेरित करते रहे हैं.’
कपूर परिवार ने दिए कई सितारे
गौरतलब है कि कपूर परिवार को भारतीय सिनेमा के सबसे प्रभावशाली फिल्मी परिवारों में गिना जाता है. इस परिवार की फिल्मी विरासत की नींव पृथ्वीराज कपूर ने रखी थी. उन्होंने भारतीय थिएटर और सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई. इसके बाद उनके बेटों राज कपूर, शम्मी कपूर और शशि कपूर ने इस विरासत को आगे बढ़ाया. तीनों ने अभिनेता के तौर पर अपनी अलग पहचान बनाई.
वहीं, राज कपूर ने अभिनेता होने के साथ-साथ निर्देशक और निर्माता के रूप में भी हिंदी सिनेमा को कई यादगार फिल्में दीं. राज कपूर के बाद उनके बेटे रणधीर कपूर, ऋषि कपूर और राजीव कपूर ने भी फिल्मी दुनिया में कदम रखा. आगे की पीढ़ी में करिश्मा कपूर, करीना कपूर खान और रणबीर कपूर जैसे कलाकारों ने इस विरासत को आगे बढ़ाया.



