Rajasthan

Milk Tomato Onion Curry I घर में सब्जी नहीं तो बनाएं ये मजेदार डिश, स्वाद ऐसा कि रोज खाने का करेगा मन

धौलपुर. सर्दियों के मौसम में ज्यादातर घरों में आलू-गोभी, मटर और दूसरी मौसमी सब्जियां बनाई जाती हैं. लेकिन कई बार ऐसा भी होता है कि घर में कोई सब्जी उपलब्ध नहीं होती और समझ नहीं आता कि खाने में क्या बनाया जाए. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. आप घर में मौजूद दूध, टमाटर और प्याज से एक स्वादिष्ट सब्जी तैयार कर सकते हैं. इसकी खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और इसका स्वाद भी काफी लाजवाब होता है. गृहणी प्रभा शर्मा से जानिए इस खास सब्जी को बनाने की आसान रेसिपी.

गृहणी प्रभा शर्मा बताती हैं कि इस सब्जी को बनाने के लिए आपको ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होती. इसके लिए 2-3 टमाटर, 2 प्याज, 2 हरी मिर्च, एक कप दूध, 2 चम्मच सरसों का तेल, आधा चम्मच जीरा, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, एक चम्मच धनिया पाउडर, चुटकीभर हल्दी, आधा चम्मच गरम मसाला और स्वादानुसार नमक चाहिए.

सबसे पहले तैयार करें प्याज और टमाटर

सबसे पहले टमाटर को अच्छी तरह धोकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें, इसके बाद प्याज को बारीक काटें और हरी मिर्च के भी छोटे टुकड़े कर लें. अब गैस पर कढ़ाई रखें और उसमें सरसों का तेल डालकर गर्म करें. तेल गर्म होने पर जीरा डालें। जब जीरा चटकने लगे, तो इसमें कटी हुई प्याज और हरी मिर्च डालकर सुनहरा होने तक भून लें.

मसालों के साथ पकाएं टमाटर

जब प्याज अच्छी तरह भुन जाए, तो इसमें कटे हुए टमाटर डाल दें, टमाटर को करीब 5 मिनट तक पकाएं, ताकि वे नरम हो जाएं. इसके बाद लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी, गरम मसाला और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं. अब मसाले को धीमी आंच पर पकने दें. जब टमाटर गल जाएं और मसाले से तेल अलग दिखाई देने लगे, तो समझ लें कि मसाला तैयार हो गया है.

दूध डालते समय रखें इस बात का ध्यान

प्रभा शर्मा बताती हैं कि इस रेसिपी का सबसे खास हिस्सा दूध है, जब मसाला अच्छी तरह पक जाए, तब इसमें धीरे-धीरे दूध डालें. दूध डालते समय सब्जी को लगातार चलाते रहें, इससे दूध फटने की आशंका कम होती है. अब इसे करीब 2 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं. इसके बाद आपकी स्वादिष्ट दूध, टमाटर और प्याज की सब्जी तैयार हो जाएगी.

रोटी और पराठे के साथ करें सर्व

इस सब्जी को आप गरमा-गरम रोटी, पराठे या चावल के साथ परोस सकते हैं. इसका स्वाद बच्चों से लेकर बड़े-बुजुर्गों तक सभी को पसंद आ सकता है. अगर अचानक घर पर मेहमान आ जाएं और फ्रिज में कोई सब्जी न हो, तो यह आसान रेसिपी आपके काफी काम आ सकती है. कम सामग्री, कम समय और शानदार स्वाद के साथ यह रोजाना के खाने में नया जायका जोड़ने का अच्छा विकल्प है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj