पायरेसी के खिलाफ ‘रामायण’ के मेकर्स का लीगल एक्शन, कोर्ट ने दी चेतावनी- ‘3 घंटे में हटाएं पाइरेटेड लिंक’

Last Updated:November 06, 2026, 22:41 IST
‘रामायण’ के मेकर्स की जब ऑनलाइन कॉपियां पर नजर गई, तो उन्होंने पायरेसी के खिलाफ कोर्ट का दरवाजा खटखटाया. बॉम्बे हाईकोर्ट ने फिल्म ‘रामायण’ की पायरेसी रोकने का आदेश दिया है. कोर्ट ने ‘गॉडपावर मीडिया’ की शिकायत पर 3 घंटे के भीतर अवैध लिंक हटाने को कहा है.
ख़बरें फटाफट
‘रामायण’ ने ओपनिंग डे पर शानदार कमाई की.
नई दिल्ली: ‘रामायण’ के मेकर्स ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, क्योंकि फिल्म की पायरेटेड क्लिप्स और कॉपियां अलग-अलग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर दिखने लगी थीं. ‘रामायण’ के मेकर्स ऐसे हालातों को रोकना चाहते हैं. फिल्म सिनेमाघरों में दिखाई जा रही है. बॉम्बे हाईकोर्ट ने 6 नवंबर को फिल्म को अवैध तरीके से शेयर होने से बचाने के लिए एक नया आदेश जारी किया. कोर्ट ने इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से कहा है कि फिल्म के कॉपीराइट मालिक ‘गॉडपावर मीडिया’ से शिकायत मिलने के 3 घंटे के भीतर उन्हें सभी पाइरेटेड लिंक और कॉन्टेंट को हटाना होगा.
जस्टिस आशीष एस. चव्हाण ने ‘गॉडपावर मीडिया’ के मामले की सुनवाई के दौरान यह फैसला सुनाया. अदालत ने इन प्लेटफॉर्म्स से अपने नोडल अधिकारियों का कॉन्टैक्ट डिटेल्स साझा करने के लिए भी कहा. इससे मेकर्स को यह फायदा होगा कि जब भी उन्हें ऑनलाइन फिल्म की कोई अवैध कॉपी मिलेगी, तो वे तुरंत सही लोगों से संपर्क कर सकेंगे. ‘गॉडपावर मीडिया’ की ओर से पेश हुए सीनियर एडवोकेट आशीष कामत ने कोर्ट को बताया कि अगर कुछ घंटों की भी देरी होती है, तो लोगों को इंटरनेट पर कॉपियां शेयर करने का मौका मिल सकता है. एक बार जब ये कॉपियां फैल जाती हैं, तो उन्हें रोकना बहुत मुश्किल हो जाता है.
कोर्ट का पायरेसी के खिलाफ आदेशकोर्ट ने प्लेटफॉर्म्स से लिखित में आदेश का पालन करने को कहा. उन्हें पक्का करना होगा कि उनके पास ऐसे लोग और सिस्टम मौजूद हों, जो पायरेसी से जुड़ी शिकायतों पर तुरंत एक्शन कर सकें. यह पहली बार नहीं है जब मेकर्स पायरेसी के मुद्दे को लेकर कोर्ट पहुंचे हैं. 2 नवंबर को बॉम्बे हाईकोर्ट ने एक आदेश जारी किया था, जिसमें अज्ञात लोगों और समूहों को सिनेमाघरों में फिल्म की रिकॉर्डिंग करने या बिना अनुमति के उसे अपलोड, स्ट्रीम और शेयर करने से रोका गया था.
दो पार्ट्स में बनी है ‘रामायण’ नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ दो पार्ट्स बनी है. इसका कुल बजट 4,000 करोड़ रुपये है. इसमें रणबीर कपूर भगवान राम की, साई पल्लवी सीता की और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं. फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज हुआ. बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की शुरुआत भी काफी दमदार रही है. फिल्म ने अपने पहले दिन दुनिया भर में 155 करोड़ रुपये (ग्रॉस) की कमाई की.
About the AuthorAbhishek NagarSenior Sub Editor
अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ में सीनियर सब एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली के रहने वाले अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने एंटरटेनमेंट बीट के अलावा करियर, हेल्थ और…
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
November 06, 2026, 22:18 IST



