आकिब नबी के 3 सबसे बड़े हथियार, जिन्हें आजमाकर श्रीलंका में बन सकते हैं ‘रॉकस्टार’, इरफान पठान ने गिनाई खूबियां

नई दिल्ली. भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से गॉल में शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा. चोट के कारण जसप्रीत बुमराह पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह पहली बार तेज गेंदबाज आकिब नबी को भारतीय टेस्ट टीम में मौका मिला है. जम्मू कश्मीर के इस स्टार ने घरेलू क्रिकेट में विकेटों की झड़ी लगाकर नेशनल टीम में जगह बनाई है. सीरीज शुरू होने से पहले पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने आकिब नबी की जमकर तारीफ करते हुए बताया कि आखिर कौन-सी तीन खूबियां उन्हें श्रीलंका की पिचों पर बेहद खतरनाक गेंदबाज बना सकती हैं.
इरफान पठान का मानना है कि टेस्ट क्रिकेट में सिर्फ तेज रफ्तार ही सब कुछ नहीं होती. उन्होंने कहा कि करीब 133-135 किमी प्रति घंटे की गति गेंद को स्विंग कराने के लिए सबसे उपयुक्त मानी जाती है. आकिब नबी लगातार इसी स्पीड से गेंदबाजी कर सकते हैं, जो उन्हें लंबे स्पेल में भी प्रभावी बनाए रखती है. पठान ने कहा, ‘अगर गेंदबाज इस रफ्तार पर लेट स्विंग कराने में सफल हो जाए तो बल्लेबाजों के लिए उसे खेलना बेहद मुश्किल हो जाता है. आकिब के एक्शन और लय को देखकर लगता है कि वह नियमित रूप से इस स्पीड पर गेंदबाजी कर सकते हैं.’
लेट स्विंग कराने की खास कलाइरफान पठान ने आकिब नबी की सबसे बड़ी ताकत उनकी लेट स्विंग को बताया. उनका कहना है कि बल्लेबाज जब तक गेंद की दिशा समझ पाता है, तब तक गेंद आखिरी पलों में मूव कर जाती है. यही वजह है कि बल्लेबाज अक्सर डिफेंस करते हुए भी अपना विकेट गंवा बैठते हैं. श्रीलंका की पिचों पर नई गेंद कुछ समय तक मदद करती है. ऐसे में अगर आकिब अपनी स्विंग का सही इस्तेमाल करते हैं तो वह शुरुआती विकेट निकालकर भारत को मजबूत शुरुआत दिला सकते हैं.
बल्लेबाजों को डिफेंस करते हुए भी आउट करने की क्षमताइरफान पठान ने रणजी ट्रॉफी में आकिब नबी की गेंदबाजी का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने केएल राहुल और श्रेयस अय्यर जैसे बल्लेबाजों को भी काफी परेशान किया था. खास बात यह रही कि उन्होंने सिर्फ आक्रामक बल्लेबाजों को ही नहीं, बल्कि डिफेंसिव खेल रहे बल्लेबाजों को भी गलती करने पर मजबूर किया. पठान ने कहा, ‘किसी गेंदबाज की असली पहचान तब होती है जब वह शीर्ष स्तर के बल्लेबाजों को डिफेंस खेलते हुए भी आउट कर सके. आकिब नबी में यह क्षमता साफ दिखाई देती है और यही उन्हें अलग बनाती है.’
इरफान पठान का मानना है कि भले ही आकिब नबी को टीम में जसप्रीत बुमराह के रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल किया गया हो, लेकिन भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा बनना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है. इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को साबित करने का मौका मिलेगा.
बुमराह की जगह मिला मौकाबुमराह घुटने की चोट के कारण श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज से बाहर हो गए हैं. उनकी जगह 29 वर्षीय जम्मू-कश्मीर के स्टार को टीम में शामिल किया गया है. घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने यह मौका हासिल किया है. अब सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि क्या वह प्लेइंग-11 में जगह बनाने में सफल रहते हैं और अगर मौका मिला तो अपने पहले ही दौरे पर भारतीय के लिए मैच विनिंग प्रदर्शन करते हैं या नहीं.
श्रीलंका दौरे के लिए भारत की टेस्ट टीमशुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन और आकिब नबी.



