बीकानेर के बाद अब दौसा में बड़ा हादसा, स्कूल टेंपो का कुलेंट फटा, 3 मासूम झुलसे, एक जयपुर रेफर

Last Updated:July 02, 2026, 11:47 IST
Dausa School Tempo Coolant Burst Accident: राजस्थान में आज बीकानेर के जसरासर में स्कूल बस हादसे के बाद दौसा में भी स्कूल वाहन की एक और बड़ी लापरवाही सामने आई है. दौसा के मानपुर में निर्भय पब्लिक स्कूल के बच्चों को ले जा रहे एक अवैध ओवरलोड टेंपो का कुलेंट फटने से 3 मासूम बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए. सभी घायल बच्चों को मानपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से एक बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जयपुर रैफर किया गया है. प्रदेश में लगातार हो रहे इन हादसों से बालवाहिनियों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं.
ख़बरें फटाफट
बीकानेर के बाद अब दौसा में बड़ा हादसा, स्कूल टेंपो का कुलेंट फटा, 3 मासूम झुलसे
दौसा/जयपुर. राजस्थान में नौनिहालों को स्कूल ले जाने वाले वाहनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और स्कूल प्रशासनों की गंभीर लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही है. आज सुबह बीकानेर के जसरासर में जिस तरह एक 7 वर्षीय मासूम शौर्य की अपनी ही स्कूल बस के नीचे कुचलने से दर्दनाक मौत हो गई थी, ठीक उसी तरह की व्यवस्था पर सवाल उठाती एक और खौफनाक घटना आज दौसा जिले से सामने आई है. दौसा के मानपुर में स्कूली बच्चों को लेकर जा रहे एक थ्री-व्हीलर टेंपो (ऑटो) का अचानक चलते-चलते इंजन का कुलेंट (Coolant) बॉक्स फट गया. कुलेंट बॉक्स फटते ही उससे निकला अत्यधिक उबलता हुआ गर्म पानी और गैस का गुबार टेंपो में बैठे मासूम बच्चों पर जा गिरा, जिससे तीन स्कूली बच्चे बुरी तरह झुलस गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय राहगीरों और ग्रामीणों की मदद से झुलसी हुई गंभीर अवस्था में सभी बच्चों को तुरंत नजदीकी मानपुर सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने तुरंत बच्चों का इमरजेंसी इलाज शुरू किया, लेकिन डॉक्टरों के अनुसार, झुलसे हुए तीन बच्चों में से एक मासूम की हालत बेहद चिंताजनक और नाजुक बनी हुई थी. शरीर का काफी हिस्सा बुरी तरह जल जाने के कारण प्राथमिक उपचार देकर उसे बेहतर बर्न केयर इलाज के लिए तुरंत राजधानी जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल के लिए रैफर कर दिया गया है, जहां उसका इलाज जारी है. अन्य दो बच्चों का मानपुर अस्पताल में ही इलाज किया जा रहा है.
मानपुर के निर्भय पब्लिक स्कूल के थे सभी छात्र, ओवरलोड भरा था ऑटोमिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना का शिकार हुए ये सभी मासूम बच्चे मानपुर कस्बे में संचालित ‘निर्भय पब्लिक स्कूल’ के छात्र बताए जा रहे हैं. रोज की तरह यह टेंपो क्षमता से अधिक बच्चों को ठूंस-ठूंस कर स्कूल छोड़ने जा रहा था. तभी इंजन के अत्यधिक गर्म होने के कारण कुलेंट बॉक्स तेज धमाके के साथ फट गया और पीछे बैठे बच्चे इसकी सीधी चपेट में आ गए.
आज बीकानेर के बाद दौसा की घटना ने हिलाया: अवैध बालवाहिनियों पर कब लगेगा अंकुश?आज का दिन राजस्थान के लिए स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से बेहद दुखद और प्रशासनिक विफलता को उजागर करने वाला रहा है. आज ही सुबह बीकानेर के जसरासर में भी एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ था, जहां चुरू के कातर छोटी स्थित विवेकानंद स्कूल का कक्षा 2 का 7 वर्षीय छात्र शौर्य जिस स्कूल बस से उतरकर अपने घर जा रहा था, उसी बस के चालक ने लापरवाही से उसे कुचल दिया था और पीबीएम अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी.
बीकानेर के उस दर्दनाक हादसे से अभी प्रदेश उबरा भी नहीं था कि दौसा में नियमों को ताक पर रखकर दौड़ रही इस ‘अवैध बालवाहिनी’ ने तीन और जिंदगियों को खतरे में डाल दिया. दौसा जिले और उसके आस-पास के कस्बों में परिवहन विभाग के नियमों को सरेआम ताक पर रखकर ऐसे सैकड़ों अवैध ऑटो, टेंपो और वैन सड़कों पर सरपट दौड़ रहे हैं. परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन की इस गहरी नींद के कारण मासूम नौनिहालों की जिंदगी हर दिन दांव पर लग रही है. घटना के बाद मानपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
About the Authorvicky Rathore
Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a multimedia journalist and digital content specialist currently working with Rajasthan. I have over 8 years of experience in digital media, where I specialize in cr…और पढ़ें
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Dausa,Dausa,Rajasthan



