Agriculture Success Story | Chia Seeds | कोरोना में छूटी नौकरी, चिया की खेती ने बदली किस्मत; नागौर के किसान गोपाल कमा रहे 30 से 40 लाख रुपये

होमताजा खबरकृषि
कोरोना में गई नौकरी, चिया सीड्स ने बदली किस्मत; किसान गोपाल कमा रहे 30-40 लाख
Last Updated:June 25, 2026, 18:53 IST
Chia Seeds Ki Kheti : नागौर के किसान गोपाल डूडी ने कोविड के बाद 60 बीघा में चिया सीड्स की आधुनिक खेती शुरू कर दी. दरअसल कोरोना काल में उनकी नौकरी चली गई. अब वे इस खेती से 30 से 40 लाख की सालाना कमाई कर रहे. अब उनकी गिनती प्रगतिशील किसान में होती है.
ख़बरें फटाफट
Agriculture Success Story: नागौर जिले के डेगाना क्षेत्र के बाजोली गांव निवासी 36 वर्षीय किसान गोपाल डूडी ने खेती में नवाचार कर नई पहचान बनाई है. उनकी सफलता की कहानी आज कई किसानों के लिए प्रेरणा बन चुकी है. कोरोना महामारी के दौरान शुरू हुआ उनका खेती का सफर अब लाखों रुपये की कमाई तक पहुंच गया है. गोपाल डूडी आधुनिक तकनीकों की मदद से चिया सीड्स की खेती कर रहे हैं. इस खेती ने उन्हें राजस्थान के प्रगतिशील किसानों की सूची में शामिल कर दिया है और वे इससे अच्छी आय भी अर्जित कर रहे हैं.
उन्नत किसान गोपाल डूडी ने बताया कि उनका बचपन काफी संघर्षों में बीता. पांच वर्ष की उम्र में पिता का निधन हो जाने से परिवार आर्थिक संकट में आ गया. कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण वे केवल आठवीं कक्षा तक ही पढ़ाई कर सके. महज 13 साल की उम्र में उन्हें पढ़ाई छोड़कर परिवार के भरण-पोषण के लिए काम करना पड़ा. इसके बाद करीब 17 वर्षों तक उन्होंने महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और गुजरात के विभिन्न कपड़ा कारखानों में मशीनरी फिटिंग और मरम्मत का कार्य किया.
खेती के लिए खरीदी जमीनकोविड महामारी के दौरान नौकरी छूटने के बाद गोपाल अपने गांव लौट आए. उनके पास पैतृक 15 बीघा भूमि थी, जबकि नौकरी के दौरान की गई बचत से उन्होंने 32 बीघा जमीन और खरीद ली थी. कुल 47 बीघा भूमि पर उन्होंने खेती शुरू की और सिंचाई सुविधाओं के लिए करीब 30 लाख रुपये का निवेश किया. शुरुआत में उन्होंने पारंपरिक फसलें उगाईं, लेकिन अपेक्षित लाभ नहीं मिलने पर कुछ अलग करने का फैसला किया.
60 बीघा में की चिया सीड्स की खेतीगोपाल ने बताया कि मध्य प्रदेश में नौकरी के दौरान उन्होंने किसानों को चिया सीड्स की खेती करते देखा था. वहीं से उन्हें इस फसल की खेती का विचार आया. वर्ष 2023 में उन्होंने दो बीघा भूमि पर चिया की खेती का प्रयोग किया, लेकिन अनुपयुक्त बीजों के कारण पूरी फसल खराब हो गई. इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और बेहतर बीजों की तलाश जारी रखी. करीब दो वर्षों के प्रयास के बाद उन्हें बीकानेर के कृषि अधिकारियों की मदद से उन्नत किस्म के बीज मिले. इसके साथ ही उन्होंने मध्य प्रदेश के मंदसौर जाकर खेती की तकनीक और जलवायु की जानकारी भी हासिल की. वर्ष 2025 में उन्होंने 60 बीघा भूमि पर चिया की खेती की, जिसमें अपनी जमीन के अलावा कुछ भूमि पट्टे पर भी ली गई.
30 से 40 लाख रुपये तक पहुंची कमाईगोपाल ने बताया कि उन्हें प्रति बीघा करीब चार क्विंटल उत्पादन मिलता है. इस हिसाब से 60 बीघा भूमि से लगभग 240 क्विंटल चिया सीड्स का उत्पादन हुआ. उन्होंने बताया कि वर्तमान बाजार भाव 20 से 25 हजार रुपये प्रति क्विंटल है. ऐसे में इस खेती से उन्हें 30 से 40 लाख रुपये तक की कमाई हुई है. वहीं किसानों द्वारा पहले से की गई बुकिंग के आधार पर यदि बीज 1,000 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बिकते हैं, तो आय इससे भी अधिक हो सकती है.
About the AuthorAnand Pandey
आनंद पाण्डेय वर्तमान में हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाते हुए उन्होंने राजनीति, अपराध और लाइफ…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Nagaur,Nagaur,Rajasthan



