Alpha vs Baby Do Die Do BO Day 1: ‘अल्फा’ ने ‘बेबी डू डाई डू’ को चटाई धूल, इतने करोड़ से खुला स्पाई थ्रिलर का खाता, हुमा कुरैशी की मूवी का बुरा हाल

Last Updated:July 04, 2026, 08:31 IST
आलिया भट्ट की स्पाई थ्रिलर ‘अल्फा’ ने हुमा कुरैशी की क्राइम-थ्रिलर ‘बेबी डू डाई डू’ को पछाड़ दिया है. यशराज बैनर की ‘अल्फा’ ने सिनेमाघरों में करोड़ों की कमाई के साथ अपना खाता खोल लिया है, जबकि दूसरी ओर हुमा कुरैशी की फिल्म की शुरुआत बहुत कम के साथ हुई. कम स्क्रीन्स मिलने के चलते ‘बेबी डू डाई डू’ का बॉक्स ऑफिस पर बेहद बुरा हाल नजर आया. फिलहाल ‘अल्फा’ इस रेस में बढ़त बनाए हुए है.
नई दिल्ली. बॉलीवुड स्टार आलिया भट्ट की फिल्म ‘अल्फा’ 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है. इस स्पाई थ्रिलर फिल्म को क्रिटिक्स से मिक्स रिव्यूज मिले हैं, जिसका असर बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में भी साफ नजर आर रहा है. दूसरी तरफ, ‘अल्फा’ से हुमा कुरैशी की ‘बेबी डू हाई डू’ क्लैश हुई है, जिसकी पहले दिन की कमाई लाखों में सिमटकर रह गई है. जानिए दोनों फिल्मों ने भारत में पहले दिन कितने करोड़ का बिजनेस किया है.
बॉक्स ऑफिस पर नजर रखने वाली वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, ‘अल्फा’ ने पहले दिन भारत में 9 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है. देशभर में इस फिल्म को करीब 7534 शोज के साथ एक बेहद बड़े स्तर पर रिलीज किया गया था, जिससे इसे सिनेमाघरों में अपनी पकड़ मजबूत करने का पूरा मौका मिला, लेकिन पहले दिन की कमाई उम्मीदों के मुताबिक नहीं रही.
स्पाई यूनिवर्स की इससे पहले रिलीज हुई फिल्म ‘वॉर 2’ को भले ही खराब रिव्यूज मिले थे, लेकिन उसने देश भर के 19,455 शोज के दम पर पहले ही दिन 52 करोड़ का छप्परफाड़ कलेक्शन किया था. इसके सामने ‘अल्फा’ का कलेक्शन बेहद मामूली है, जो इसे स्पाई यूनिवर्स की सबसे कमजोर ओपनिंग वाली फिल्म बनाता है.
Add as Preferred Source on Google
आलिया भट्ट के लिए एक राहत की बात यह रही कि ‘अल्फा’ ने उनकी पिछली रिलीज ‘जिगरा’ के ओपनिंग डे कलेक्शन को आसानी से पीछे छोड़ दिया. ‘जिगरा’ ने पहले दिन महज 4.55 करोड़ का नेट बिजनेस किया था. इस लिहाज से ‘अल्फा’ ने अपनी पिछली फिल्म के मुकाबले पहले दिन दोगुना से ज्यादा की कमाई दर्ज की है.
शिव रवैल के निर्देशन में बनी ‘अल्फा’ यश राज फिल्म्स की स्पाई यूनिवर्स की पहली ऐसी फिल्म है, जिसमें महिला किरदारों को लीड में रखा गया है. फिल्म में आलिया भट्ट और शरवरी के अलावा बॉबी देओल और अनिल कपूर जैसे सितारे अहम भूमिकाओं में हैं. इसमें ऋतिक रोशन का खास कैमियो भी रखा गया है.
हुमा कुरैशी की सस्पेंस-क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘बेबी डू डाई डू’ सिनेमाघरों में 3 जुलाई को दस्तक दे चुकी है. यह एक एक्शन-थ्रिलर फिल्म है, जिसे क्रिटिक्स से अच्छे रिव्यूज मिले हैं. लेकिन आंकड़ों की मानें तो फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर बेहद ठंडी शुरुआत की है और पहले दिन का इसका बिजनेस उम्मीद से काफी कम रहा है.
सैकनिल्क के अनुसार, हुमा कुरैशी की फिल्म की शुरुआत बहुत कम कमाई के साथ हुई है. इसने पहले दिन 778 शोज के जरिए सिर्फ 40 लाख रुपये का बिजनेस किया है. इस एक्शन थ्रिलर फिल्म का भारत में ग्रोस कलेक्शन 48 लाख रुपये रहा. इसकी ढीली शुरुआत की वजह कम शोज बताई जा रही है. इस लिहाज से देखा जाए तो आलिया भट्ट की ‘अल्फा’ हुमा कुरैशी की मूवी ‘बेबी डू डाई डू’ पर भारी पड़ी है.
ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ के दम पर यह फिल्म वीकेंड पर कोई बड़ा उलटफेर कर पाती है, या फिर इसकी रफ्तार यूं ही धीमी बनी रहेगी. ‘बेबी डू डाई डू’ में हुमा कुरैशी दमदार एक्शन करती नजर आती हैं. इस फिल्म में हुमा के अलावा चंकी पांडे, सिकंदर खेर, रचित सिंह और सीमा पाहवा जैस सितारे अहम किरदारों में हैं.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



