Alwar News: सिलेंडर में लगी आग से मकान में फैली भीषण लपटें, एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर झुलसे

Last Updated:August 09, 2026, 13:44 IST
खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी के चोपानकी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात सिलेंडर में आग लगने से मकान में भीषण आग फैल गई. हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए. घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अलवर रेफर किया गया, जहां राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय में उनका उपचार जारी है.
अलवर. खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी स्थित चोपानकी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात सिलेंडर में आग लगने से एक किराए के मकान में भीषण आग फैल गई. अचानक लगी आग से मकान में मौजूद एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए. हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास किया और झुलसे हुए तीनों लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को अलवर रेफर कर दिया.
जानकारी के अनुसार, बिहार के भावना तारा गांव निवासी नंदू सिंह अपनी पत्नी तेतरी सिंह और बेटी दिव्या कुमारी के साथ चोपानकी क्षेत्र में किराए के मकान में रहते हैं. नंदू सिंह और उनकी पत्नी तेतरी सिंह चोपानकी क्षेत्र स्थित औद्योगिक इकाई शिव सुंदर में काम करते हैं, जबकि उनकी बेटी दिव्या कुमारी आठवीं कक्षा में पढ़ाई करती है. बताया जा रहा है कि रविवार देर रात करीब 2 बजे अचानक मकान में रखे सिलेंडर में आग लग गई. रात का समय होने के कारण परिवार के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आग ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते मकान के अन्य हिस्सों को भी अपनी चपेट में ले लिया.
आग की लपटों और गर्मी की चपेट में आने से नंदू सिंह, उनकी पत्नी तेतरी सिंह और बेटी दिव्या कुमारी गंभीर रूप से झुलस गए. हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास रहने वाले लोग मौके पर पहुंचे. लोगों ने आग बुझाने का प्रयास करने के साथ ही मकान में फंसे परिवार के सदस्यों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सकों ने तीनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें अलवर रेफर कर दिया. तीनों घायलों को अलवर के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है. हादसे के बाद परिवार और आसपास के लोगों में चिंता का माहौल है. आग सिलेंडर में किस कारण से लगी, इसकी स्थिति फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Alwar,Rajasthan
First Published :
August 09, 2026, 13:44 IST



