Annu Tatu IPS Inter Cadre Transfer: अफसरों के परिवार से हैं Gen Z आईपीएस अन्नू टाटू, भाई-बहन डॉक्टर, IPS पति के लिए बदला कैडर

Last Updated:October 19, 2026, 11:05 IST
Annu Tatu IPS Inter Cadre Transfer: प्यार के लिए असम-मेघालय कैडर छोड़कर 2700 किमी दूर गुजरात आने वाली जेन जी आईपीएस अन्नू टाटू चर्चा में हैं. राजस्थान के करौली की रहने वाली अन्नू टाटू ने पति आईपीएस गौतम विवेकानंदन के लिए गृह मंत्रालय से इंटर-कैडर ट्रांसफर लिया है. जानिए आईपीएस अन्नू टाटू की सक्सेस और लव स्टोरी.Annu Tatu IPS Inter Cadre Transfer: आईपीएस अन्नू टाटू की बहन IPoS अधिकारी हैं
नई दिल्ली (Annu Tatu IPS Story). कई बार हमसफर चुनते समय कुछ बड़े फैसले लेने पड़ते हैं. ऐसे ही एक मामले में देश की युवा और होनहार आईपीएस अधिकारी की चर्चा हो रही है. राजस्थान के छोटे से गांव से निकलकर यूपीएससी का कठिन सफर तय करने वाली Gen Z IPS अन्नू टाटू ने अपने पति के लिए बहुत बड़ा कदम उठाया है. उन्होंने अपने प्यार की खातिर देश के एक छोर यानी असम-मेघालय कैडर को छोड़कर करीब 2700 किलोमीटर का लंबा फासला तय किया और गुजरात कैडर में ट्रांसफर ले लिया.
शादी के बंधन में बंधने के बाद दो अलग-अलग राज्यों में नौकरी करना किसी भी कपल के लिए आसान नहीं होता. ऐसे में केंद्रीय गृह मंत्रालय की तरफ से इंटर-कैडर ट्रांसफर की मंजूरी मिलने के बाद अब आईपीएस अन्नू टाटू अपने पति के साथ गुजरात कैडर में अपनी सेवाएं देंगी. राजस्थान की माटी से उठकर खाकी वर्दी तक का सफर और प्यार के लिए राज्य बदलने वाली आईपीएस अन्नू टाटू की कहानी बहुत दिलचस्प है. पढ़िए आईपीएस अन्नू टाटू की यूपीएससी स्टोरी.
घर पर रहकर बिना कोचिंग क्रैक किया UPSC
आईपीएस अन्नू टाटू मूल रूप से राजस्थान के करौली जिले के सपोटरा तहसील के भरतून गांव की रहने वाली हैं. 14 जनवरी 1998 को जन्मी अन्नू जेन जी पीढ़ी से ताल्लुक रखती हैं. शुरुआती पढ़ाई के बाद उन्होंने जयपुर के प्रसिद्ध Kanoria PG Mahila Mahavidyalaya से बीए और फिर इकोनॉमिक्स में एमए किया. अन्नू टाटू ने यूपीएससी परीक्षा पास करने के लिए दिल्ली के किसी महंगे कोचिंग हब का रुख नहीं किया. उन्होंने घर पर रहकर ही सेल्फ स्टडी की.
Annu Tatu IPS: आईपीएस अन्नू टाटू को इंटर कैडर ट्रांसफर की अनुमति मिल चुकी है
बहन से मिली प्रेरणा
आईपीएस अन्नू टाटू खुद नोट्स बनाकर उनका रिवीजन करती थीं. यूपीएससी के सफर में उनकी बड़ी बहन ज्योति मीणा (जो खुद आईपीओएस अधिकारी हैं) ने उन्हें गाइड किया. यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के अपने तीसरे प्रयास में उन्होंने ऑल इंडिया 591वीं रैंक हासिल की. 2021 में हुई इस परीक्षा में एसटी कैटेगरी में उनकी रैंक 26वीं थी. यूपीएससी सीएसई में सफलता के बाद उन्हें असम-मेघालय कैडर मिला था, जहां उन्होंने शिवसागर जैसे इलाकों में अपनी सेवाएं दीं.
परिवार में अधिकारियों की भरमार
अन्नू टाटू का पूरा परिवार प्रशासनिक और उच्च शिक्षा से जुड़ा है. उनके पिता जीआर मीणा जयपुर की सरस डेयरी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर सेवा दे चुके हैं. अन्नू टाटू की बड़ी बहन ज्योति मीणा आईपीओएस हैं और जीजा शैलेंद्र बामणिया भी आईपीएस अधिकारी हैं. इसके अलावा परिवार में एक बहन मेडिकल ऑफिसर हैं और सबसे छोटे भाई ऋषिकेश भी डॉक्टर हैं. आईपीएस अन्नू टाटू का पूरा परिवार देश सेवा और उच्च पदों पर अपनी पहचान बना चुका है.
अन्नू टाटू के पति आईपीएस गौतम विवेकानंदन कौन हैं?
अन्नू टाटू ने आईपीएस गौतम विवेकानंदन के लिए असम से गुजरात तक की लंबी दूरी तय की है. गौतम मूल रूप से गुजरात के वलसाड के रहने वाले हैं. उनका जन्म 6 नवंबर 1998 को हुआ था. वे भी पत्नी अन्नू की तरह ही Gen Z बैच के अधिकारी हैं. गौतम ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2022 में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक 211 हासिल की थी. उन्हें गुजरात कैडर मिला था. अलग-अलग राज्यों में होने की वजह से शादी के बाद गृह मंत्रालय में इंटर-कैडर ट्रांसफर के लिए आवेदन किया गया था, जिसे मंजूरी मिल गई है.
About the AuthorFirst Published :
October 19, 2026, 11:05 IST



