Rajasthan

Atta Pasta Recipe I बिना मैदे के बनाएं टेस्टी पास्ता, आटे और सब्जियों से झटपट तैयार होगी ये मजेदार रेसिपी

नागौर. पास्ता खाने का मन हो और घर में मैदा नहीं है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. गेहूं के आटे से भी स्वादिष्ट और चटपटा पास्ता तैयार किया जा सकता है. खास बात यह है कि इसके लिए बाजार से अलग से पास्ता खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी. घर में मौजूद आटे और कुछ सामान्य सब्जियों से यह रेसिपी आसानी से बनाई जा सकती है. बच्चों के साथ-साथ बड़ों को भी इसका स्वाद पसंद आ सकता है.

फूड ब्लॉगर अंजू चौधरी ने बताया कि आटे से बने इस पास्ता को आप अपनी पसंद के आकार में तैयार कर सकते हैं. इसे चटपटा बनाने के लिए प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च, हरी मिर्च और मसालों का इस्तेमाल किया जाता है. अगर आपके पास पहले से गूंथा हुआ आटा बचा हुआ है तो उसका इस्तेमाल करके भी यह पास्ता बनाया जा सकता है. आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी.

आटे का पास्ता बनाने के लिए सामग्री

इसे बनाने के लिए हम लेंगे गेहूं का आटा – 1 से 2 कप, तेल या मक्खन – 2 से 3 बड़े चम्मच, प्याज – 1 बारीक कटा हुआ, टमाटर – 1 से 2 बारीक कटे हुए, शिमला मिर्च – 1 बारीक कटी हुई, हरी मिर्च – 1 से 2, अदरक और लहसुन – बारीक कटा हुआ, नमक – स्वादानुसार, लाल मिर्च पाउडर – स्वादानुसार, हल्दी – थोड़ी सी, चिली फ्लेक्स – स्वादानुसार, ऑरिगेनो – स्वादानुसार, टोमैटो सॉस – 2 से 3 चम्मच, हरा धनिया – सजाने के लिए

सबसे पहले ऐसे तैयार करें आटा

फूड ब्लॉगर अंजू चौधरी ने बताया कि आटे का पास्ता बनाने के लिए सबसे पहले गेहूं के आटे में थोड़ा नमक डालें और पानी की मदद से थोड़ा सख्त आटा गूंथ लें, आटे को कुछ देर ढककर रख दें. अगर घर में पहले से गूंथा हुआ आटा रखा है तो उसमें थोड़ा सूखा आटा मिलाकर उसे दोबारा थोड़ा कड़ा किया जा सकता है. अब आटे की एक बड़ी लोई लेकर उसे थोड़ा मोटा बेल लें. चाकू की मदद से इसे छोटे-छोटे चौकोर टुकड़ों में काट लें. चाहें तो इन्हें इसी आकार में रख सकते हैं या एक-एक टुकड़े को उठाकर बीच से दबाकर धनुष जैसा आकार दे सकते हैं. इससे पास्ता देखने में भी काफी अच्छा लगेगा.

4-5 मिनट में उबल जाएगा पास्ता

इसके बाद एक बर्तन में पानी गर्म करें, इसमें थोड़ा नमक और एक चम्मच तेल डाल दें. पानी उबलने लगे तो तैयार किए गए आटे के पास्ता को इसमें डालें. इसे करीब 4 से 5 मिनट तक मध्यम आंच पर पकाएं. जब पास्ता नरम हो जाए तो इसे छलनी की मदद से छान लें. ऊपर से थोड़ा ठंडा पानी डालने से पास्ता आपस में चिपकेगा नहीं.

अब आएगा असली चटपटा स्वाद

कढ़ाई में तेल या मक्खन गर्म करें, इसमें बारीक कटा अदरक, लहसुन और हरी मिर्च डालकर हल्का भूनें. इसके बाद प्याज डालकर सुनहरा होने तक पकाएं. अब इसमें शिमला मिर्च और टमाटर डालें. नमक, हल्दी, लाल मिर्च, चिली फ्लेक्स और ऑरिगेनो डालकर सब्जियों को अच्छी तरह पकाएं. स्वाद बढ़ाने के लिए टोमैटो सॉस और पास्ता मसाला भी डाल सकते हैं.

आखिर में मिलाएं उबला हुआ पास्ता

मसाले और सब्जियां अच्छी तरह पक जाएं तो इसमें उबला हुआ आटे का पास्ता डालें. इसमें 2 चम्मच पास्ता का बचा हुआ पानी डालकर सबको अच्छी तरह मिलाएं. करीब 3 से 4 मिनट तक इसे चलाते हुए पकाएं, ताकि मसालों का स्वाद पास्ता में अच्छी तरह मिल जाए. आखिर में ऊपर से हरा धनिया डालें और गरमागरम सर्व करें. इस तरह बिना मैदे के गेहूं के आटे से घर पर ही चटपटा पास्ता तैयार हो जाएगा. इसमें अपनी पसंद की दूसरी सब्जियां भी मिलाई जा सकती हैं. खासकर शाम के नाश्ते या बच्चों के लिए यह एक आसान घरेलू विकल्प हो सकता है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj